: सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में व्याख्यान का किया गया आयोजन
Thu, Feb 16, 2023
रमेश बत्रा
तिल्दा नेवरा | सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, कोहका नेवरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम में व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत दूसरा व्यख्यान आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर तथा राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में डॉ. एस के चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में सर सी. वी. रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव को समझाया। साथ ही माइकल फैराडे की खोजों के बारे में भी विस्तार से बताया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उनसे कई सवाल पूछे एवं अपनी जिज्ञासा शांत की। अपने व्याख्यान में उन्होंने कहा कि विज्ञान के छात्रों को जीवन के हर पहलू में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में निर्मला हैदर के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ आर डी दीवान, डॉ विजयलक्ष्मी दिवान, डॉ बिकाश शाहा, निर्मला हैदर, संगीता बंजारे, दिनेश कुमार बंजारे, डॉ आशीष कुमार आसटकर सहित छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
: तेज रफ़्तार वाहन ने ली मासूम की जान...
Thu, Feb 16, 2023
रमेश बत्रा
तिल्दा नेवरा | समीप्य ग्राम टंडवा में रोड व पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा है | इसी बीच लकेश्वर पिता संतोष यदु उम्र 11 वर्ष ग्राम टंडवा निवासी परीक्षा देने स्कूल जा रहा था | तभी निर्माण कार्य में लगे तेज रफ्तार पानी टेंकर वाहन ने बच्चे को अपने चपेट में ले लिया, वहीँ टैंकर की चपेट में आने से बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया | बताया जा रहा है कि टैंकर कॉन्ट्रैक्टर कंपनी खैतान रायपुर का है | बच्चे की मौत की खबर लगते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बच्चे की शव को सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया | चक्काजाम होने से दोनों तरफ सैकड़ों की तादात में वाहन खड़े हो गए | सुचना मिलने पर पूरा प्रशासन अमला घटनास्थल पर तत्काल पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की पर ग्रामीण किसी की बात मानने के लिए तैयार नहीं थे | शव को सड़क पर रखकर बच्चे के परिवार के लिए ग्रामीणों ने 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग करने लगे | पूरा प्रशासनिक अमला ग्रामीणों को समझाते मानो थक सा गया फिर थाना प्रभारी सुदर्शन ध्रुव ने एक और प्रयास करते हुए ग्रामीणों को समझाने की सफल कोशिश की सुदर्शन ध्रुव के न्याय दिलाने के वादे से ग्रामीणों ने चक्काजाम छोड़ शव को उठाने की अनुमति दी तब पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया |
जब हमारी टीम बच्चे के स्कूल जाकर प्रधानध्यापक से जानकारी ली तब उन्होंने बताया की बच्चा बहुत होनहार था लकेश्वर यदु परीक्षा देने के लिए जा रहा था तब यह दुर्घटना घटी | वहीँ पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है |
: प्रदेश का पहला नगर जहां लगेगा इंसिनरेटर
Wed, Feb 15, 2023
अंबिकापुर | मृत मवेशियों, सेनेटरी वेस्ट व स्लॉटर हाउस से निकले अवशेषों के निपटान में अब किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी | इन वेस्ट के निपटान के लिए अंबिकापुर के सेनेटरी पार्क में विद्युत दाह केंद्र (इंसिनरेटर) की स्थापना की जा रही है | ऐसा करने वाला अंबिकापुर राज्य का पहला निगम होगा | मार्च में इसका सेटअप तैयार हो जाएगा | स्वच्छता के क्षेत्र में अंबिकापुर ने अब तक देश में अपना परचम लहराया है | इसी कड़ी में अंबिकापुर नगर निगम द्वारा मृत मवेशियों, सेनेटरी वेस्ट एवं स्लॉटर हाउस से निकलने वाले पशु अवशेषों के निपटान के लिए सेनेटरी पार्क में इंसिनरेटर स्थापित किया जा रहा है |
500 किलोग्राम प्रति घंटे होगी निपटान क्षमता
अंबिकापुर नगर निगम द्वारा मृत मवेशी एवं सेनेटरी वेस्ट निपटान के लिए सीपीएचईईओ एवं केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी मापदंड के अनुरूप 500 किलोग्राम प्रति घंटे क्षमता का इंसिनरेटर स्थापित किया जा रहा है | इसके लिए कार्यादेश भी जारी कर दिया है |
अभी निपटान की ये है प्रक्रिया
वर्तमान में मृत मवेशी एवं सेनेटरी वेस्ट निपटान के लिए निगम द्वारा डीप बरियल (दफनाने) का कार्य किया जाता है | इस प्रक्रिया को करने में बड़े वाहन व अधिक जमीन की आवश्यकता होती है | इंसिनरेटर स्थापित हो जाने से जमीन के साथ वर्तमान प्रक्रिया में आने वाले खर्च में भी कमी होगी |