: सुपरस्टार अनुज बोले- युवा बनाएंगे सशक्त सरकार
Fri, Oct 13, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक की अध्यक्षता में बिल्हा विधानसभा में नव मतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सुपरस्टार अनुज शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथ में ही प्रदेश का भविष्य है। यही युवा आगे चलकर विधानसभा चुनाव 2023 में एक सशक्त सरकार बनाएंगे और छत्तीसगढ़ को कुशासन से सुशासन की ओर ले जाएंगे कहा।
अनुज शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भ्रष्ट भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उन सभी को संकल्पित होकर 2003 का इतिहास दोहराना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को बदलने के लिए वह प्रदेश के हर कोने में जाकर आह्वान करेंगे और इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। इसमें नवमतदाताओं की एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी। भाजपा प्रत्याशी धरमलाल कौशिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धि गिनाईं। नवयुवा मतदाताओं को प्रेरित किया और उन्हें नवीनतम राजनीतिक मुद्दों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथ में देश का बागडोर है और युवा ही परिवर्तन का वाहक
है।
उन्होंने कहा कि 'यदि हम अमर शहीद भगत सिंह, खुदी राम बोस, लाल बाल पाल जी जैसे युवाओं को देखें, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मां भारती को परतंत्रता से मुक्त कराने के लिए संकल्प को समर्पित कर दिया। इससे स्पष्ट हो जाता है कि युवाओं में सबसे अधिक देश भक्त का जोश समर्पित है। इसी तरह महापुरुष स्वामी विवेकानंद जी की बात करें तो आज भी वे युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन रहे हैं। आज भी उनका जीवन-दर्शन मागर्दशन कर रहा है। इसी तरह हर के युवा में कुछ-कुछ खूबियां छुपी होती हैं, जो आगे वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बन सकता हैं।'
धरमलाल कौशिक ने कहा कि 'पीएम नरेंद्र मोदी अपने कुशल नेतृत्त्व में युवा शक्ति को देश की सबसे मूल्यवान संपदा मानकर युवाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर नव मतदाता अपनी जिम्मेदारी को समझे और सक्रियता से शामिल होकर देश के विकास में अपना योगदान दे।' उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है। प्रदेश की इस कांग्रेस सरकार ने नौकरी एवं बेरोजगारी भत्ता देने के नाम पर युवाओं को ठगने का काम किया है। राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के पौने पांच वर्ष में युवाओं के लिए कुछ भी नहीं किया और उन्हें बेकारी की ओर धकेल दिया है। इसके साथ ही पीएससी, व्यपाम एवं अन्य पदों में निकली भर्ती में धांधली करके युवाओं के भरोसे को तोड़ा है।
: गुब्बारे में हवा भरते समय सिलेंडर फटने से 41 घायल
Fri, Oct 13, 2023
अंबिकापुर.
दशहरे पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर युवाओं के एक समूह द्वारा विवेकानंद स्कूल में तैयारियां की जा रही हैं। गुरुवार को स्कूल प्रांगण में विशालकाय गुब्बारे में गैस भरी जा रही थी। गैस भरने के दौरान अचानक से सिलेंडर फट गया। हादसे में हवा भरने वाले एक कर्मचारी के अलावा तैयारी में लगे पांच युवक और करीब 36 बच्चे घायल हो गए। कलेक्टर व एसपी स्कूल परिसर में पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल शहर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इस हादसे में अधिकांश बच्चों को मामूली चोटे आई हैं। बता दें कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अंबिकापुर शहर में दशहरा के अवसर पर होने वाले आयोजन को लेकर युवाओं के द्वारा शहर के घड़ी चौक के पास विशालकाय गुब्बारा हवा में लटकाया जाने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए विवेकानंद स्कूल परिसर में गुरुवार की दोपहर डेढ़ बजे करीब गुब्बारा में हवा भरकर फुलाया जा ही रहा था कि इसी दौरान तेज आवाज के साथ अचानक से सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।
इससे उड़े धूल-कण व गिट्टियों से गुब्बारा फुलाने वाला एक कर्मचारी समेत छह युवक व स्कूल परिसर में खड़े 33 बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच घटना की जानकारी सरगुजा कलेक्टर व एसपी को मिली। सूचना मिलते ही कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी सुनील शर्मा समेत तैयारी में लगे अन्य युवा वहां पहुंचे।
घटना के बाद तत्काल कलेक्टर के निर्देश पर घायल छह युवकों को कमलेश नेत्रालय, लाइफ लाइन हॉस्पिटल व स्कूली बच्चों को मासूम हॉस्पिटल व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अलग-अलग ले जाया गया। वहीं, 33 स्कूली बच्चों में सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। इसके अलावा दो युवकों को चोट थोड़ी ज्यादा बताई जा रही है। सभी का इलाज डॉक्टर के निगरानी में किया जा रहा है। जिसकी पल-पल की खबर एसपी व कलेक्टर को दी जा रही है।
: मरीज के पेट से निकाला पांच किलो का ट्यूमर
Fri, Oct 13, 2023
बेमेतरा.
जिला की रहने वाली महिला लंबे समय से पेट दर्द से परेशान महिला मरीज के पेट से पांच किलोग्राम ट्यूमर निकालकर जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अमलों ने मरीज को राहत पहुंचाई। कलेक्टर राहुल देव ने सफल ऑपरेशन करने वाले इस अमले से आज जिला कलेक्टोरेट में मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महिला लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान थी। गंभीर हालत में उसने मुंगेली के जिला चिकित्सालय में संपर्क किया। जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अमले ने पूरी तत्परता और गंभीरता से उपचार कर महिला का सफल आपरेशन किया और महिला के पेट से पांच किलो का ट्यूमर निकालकर उसे नया जीवन दिया। डॉ. हिना पारख ने बताया कि महिला के पेट से ट्यूमर को निकालना जरूरी तथा महिला हृदय रोग से भी पीड़ित थी, जिसके चलते उनका ऑपरेशन करना हाईरिस्क प्रतीत हो रहा था, डॉक्टरों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रही थी। अब ऑपरेशन होने से महिला राहत की सांस ले रही है। महिला ने सफल ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों की टीम के प्रति खुशी व्यक्त करते हुए आभार जताया।
उसने कहा कि इससे पहले वह कई निजी चिकित्सालय में हजारो रुपये बर्बाद कर चुकी थी। कलेक्टर ने कहा कि सफल ऑपरेशन कर पांच किलोग्राम ट्यूमर निकालकर मरीज को राहत पहुंचाना किसी उपलब्धि से कम नहीं है। उन्होंने सफल आपरेशन में लगे डाक्टरों को सम्मानित करते हुए आगे भी ऐसे बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। सम्मानित होने वाले अमले में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ राजेश कुमार बेलदार, ओ. टी. टेक्नीशियन मनोज कुमार बंजारे, स्टाफ नर्स रेशमा आहिरे, तोमेश्वरी खुटे और वार्ड बॉय देवेंद्र यादव का नाम शामिल है।