: 2 कलेक्टर और 3 एसपी आचार संहिता लगने के बाद हटाए
Fri, Oct 13, 2023
बिलासपुर.
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान हो गया है। प्रदेश में आचार संहिता भी लागू हो गई है। आदेशानुसार प्रदेश के दो कलेक्टर्स और तीन एसपी को उनके पद से हटा दिया है। छत्तीसगढ़ विशेष सचिव मनोज को खाद्य विभाग के पद से हटाकर विशेष सचिव मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही बिलासपुर और रायगढ़ में पदस्थ कलेक्टर्स को भी हटाया गया है।
चुनाव आयोग ने बिलासपुर जिले में पदस्थ संजीव कुमार झा को हटाकर संयुक्त सचिव मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही रायगढ़ जिले में पदस्थ तारन सिंहा को हटाकर संयुक्त सचिव मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही तीन एसपी और दो एडिशनल एसपी को हटाया गया है। निर्वाचन आयोग की चुनाव तारीख घोषणा करने के बाद कार्रवाई की गई है।
हटाए गए तीन एसपी में कोरबा के उदय किरण, राजनांदगांव एसपी अभिषेक मीणा और दुर्ग एसपी सलभ सिन्हा को हटाया गया है। इसके साथ ही दुर्ग के एडिशनल एसपी संजय ध्रुव और बिलासपुर एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी को हटाया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया गया है।
: दशहरा और दिवाली पर स्कूलों में 6-6 दिन की छुट्टी
Fri, Oct 13, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों के लिए खुशखबरी है। कुल 64 दिनों तक सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस महीने से त्योहारी छुट्टी शुरू हो गई है। दशहरा पर 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक छुट्टी रहेगी। इसके बाद नवंबर में दिवाली पर 11 से 16 नवंबर तक छुट्टी रहेगी। अवकाश को लेकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिल रही है। विभागीय आदेशानुसार प्रदेश में 64 दिनों तक स्कूल बंद रहेंगे।
राज्य शासन ने शिक्षण सत्र 2023-24 के लिए छुट्टियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश में दीपावली और दशहरा पर छुट्टी के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए भी आदेश जारी किया गया है। प्रदेश में 64 दिनों तक स्कूल बंद रहेंगे। इसमें छह दिनों तक दशहरा की छुट्टी और छह दिन तक दीपावली पर अवकाश रहेगा। वहीं छह दिन की शीतकालीन छुट्टी और 45 दिन ग्रीष्मकालीन छुट्टी भी शामिल है।
ये है छुट्टी का शेड्यूल
प्रदेश में 23 अक्टूबर से छुट्टी शुरू हो जाएगी। दशहरे पर स्कूलों में 23 से 28 अक्टूबर तक छुट्टी रहेगी। दीपावली पर 11 नवंबर से 16 नवंबर तक छुट्टी रहेगी। इसके अलावा शीतकालीन 25 दिसंबर से 30 दिसंबर तक छुट्टी रहेगी। इसके बाद ग्रीष्मकालीन छुट्टी 1 मई 2024 से 15 जून 2024 तक स्कूलों में में छुट्टी रहेगी।
: नहीं निकल रही लागत: बाजार में किसानों ने फेंके टमाटर
Fri, Oct 13, 2023
बलरामपुर.
जिले की शहर नगर पंचायत रामानुजगंज में दो महीने पहले टमाटर का रेट ढाई सौ से तीन सौ रुपय किलो तक पहुंच गया था। वहीं, पिछले कुछ दिनों से लगातार टमाटर के रेट में गिरावट आ रही थी। आज स्थिति ऐसी हो गई कि रामानुजगंज के थोक सब्जी बाजार में टमाटर का थोक रेट तीन रुपये किलो हो गया है। किसानों ने इससे हताश और निराश होकर टमाटर को बीच बाजार में फेंक दिया।
किसान मुकेश दास और सूरज धारकर ने बताया कि उन्होंने टमाटर की खेती करने में जितनी लागत लगाई थी। उन्हें उसका 20 प्रतिशत भी नहीं मिल रहा है। टमाटर तोड़ने में जितना खर्चा आया है, उसका भाव भी न मिलने से परेशान और निराश हैं। इसीलिए उन्होंने टमाटर को बीच रास्ते में फेंक दिया। क्षेत्र के दर्जनों गांव के सैकड़ों किसानों के द्वारा टमाटर का उत्पादन किया गया है, लेकिन लगातार टमाटर का मूल्य जहां दो अंको में आ गया था वहीं कुछ दिन पहले से एक अंक में आ गया है।
स्थिति ऐसी हो गई कि आज थोक सब्जी बाजार मे चार रुपये किलो टमाटर बिक रहा था, जिसमें एक रूपये किलो कमीशन में चला जाता है। इस प्रकार किसान को मात्र तीन रुपये किलो का ही मूल्य मिला। ऐसे में किसानों की हताशा और निराशा देखी सकती थी। कई किसान तो टमाटर को ऐसे ही छोड़कर चल दिए। वहीं, मुकेश दास और सूरज धारकर ने बीच बाजरा में ही टमाटर फेंक दिए।