: रायपुर की नूपुर चंद्राकर की बालीवुड में एंट्री
Sat, Oct 14, 2023
रायपुर.
हिंदी बालीवुड फिल्म 'गुठली लड्डू' सिनेमाघरों में शुक्रवार को रिलीज हुई। फिल्म में एक वर्ग की समस्यओं को दर्शाया गया कि किस प्रकार से उन्हें मुलभूत सुविधाओं और संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जाता है। फिल्म में प्रसिद्ध अभिनेता संजय मिश्रा ने भी अहम भूमिका निभाई है। फिल्म का जुड़ाव रायपुर से भी है। शंकर नगर निवासी नुपूर चंद्राकर ने निर्देशक इशरत आर खान के साथ फिल्म में सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई है। रायपुर में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान वे सिटी माल 36 पहुंचीं थीं। इस दौरान उन्होंने नईदुनिया से बातचीत कर अपने बारे में जानकारी दी। नूपुर ने बताया कि सहायक निर्देशक के रूप में 'गुठली लड्डू' उनकी छठवीं फिल्म है। इससे पहले वे कलंक, प्रस्थानम जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
प्रोडक्शन में कर चुकी हैं काम
नुपूर चंद्राकर ने बताया कि रायपुर में एमबीए करने के बाद मैं 2008 में बिजनेस करने मुंबई चली गई। लेकिन मुंबई जैसेे मेट्रो सिटी में व्यापार स्थापित करने आसान नहीं था। पिता टुकेश्वर प्रसाद चंद्रकार बिजनेसमैन है तो मुझे भी उस क्षेत्र में आकर्षण रहा। लेकिन मुझे फिल्म उद्योग में रुचि थी तो मैने मैंने फिल्मों की तरफ रुख किया। शुरू में कई सारे शार्ट फिल्म में सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई। इसके बाद संजय दत्त प्रोडक्शन में बनी फिल्म कलंक में काम करने का असवर मिला। कुल छह बड़ी बालीवुड फिल्मों काम किया जिसमें से फिल्म स्काटलैंड आस्कर पुरस्कार के लिए नामित हुई थी।
आज भी पिछड़े हुए है लोग
फिल्म 'गुठली लड्डू' की कहानी को लेकर नुपूर चंद्रकार ने कहा कि फिल्म सामाजिक भेदभाव के बीच शिक्षा के लिए संघर्ष कर रहे एक दलित बच्चे के संघर्ष को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी कुछ लोगों का शोषण किया जा रहा है, अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है और अपमानित किया जा रहा है। जो बिल्कुल ही निंदनीय है। संविधान ने सभी को समान अधिकार दिए है, सभी को जीने और शिक्षा का अधिकार है। नुपूर चंद्रकार ने बताया कि निर्देशन के बाद अब वे फिल्म निर्माता के रूप में भी काम करने वाली हैं। बालीवुड के दो फिल्मों में वह निर्माता के रूप में काम करने वाली है। खास बात यह है कि फिल्मों की ज्यादातर शूटिंग छत्तीसगढ़ में ही होगी। जिसमें मुख्य भूमिका में हिंदी फिल्मों के बड़े चेहरे नजर आएंगे। साथ ही प्रदेश के कालाकारों को भी अवसर दिया जाएगा।
: भाजपा नेता के घर पकड़ा जुआ फड़
Sat, Oct 14, 2023
बलौदा बाजार.
जिले में जुआरी बेखौफ होकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक झा के निर्देश पर हथबंद और सिमगा पुलिस की संयुक्त टीम ने सिमगा के पूर्व मंडी उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अनिल पांडे के घर पर छपामार कार्रवाई करते हुए 24 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा है।
पुलिस घटना मौके से 10 लाख 87 हजार रुपए बरामद किए हैं।
साथ ही पुलिस ने आरोपियों से 26 मोबाइल, दो कार और एक बाइक जब्त की है। पुलिस ने पूरी कार्यवाही में भाजपा नेता अनिल पांडे के बेटे अनिकेत पांडे, युवा कांग्रेस नेता हरप्रीत सिंह भाटिया समेत बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, भिलाई के भाजपा व कांग्रेस के नेता और व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई पर सिमगा थाना प्रभारी मंजुलता राठौर ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर अनिल पांडे के घर पर छापा मारा गया है। जहां से 24 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
: वर्ल्ड कप में सट्टा लगाते छह सटोरिए गिरफ्तार
Sat, Oct 14, 2023
रायपुर.
विश्व कप शुरू होते ही आनलाइन सट्टा संचालित करने वाले सक्रिय हो गए हैं। इधर पुलिस ने सटोरियों की धर पकड़ शुरू कर दी है। हालांकि मुख्य आरोपित अब भी पहुंच से दूर हैं। पुलिस ने शुक्रवार को आनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के आरोप में गुढि़यारी से पांच और तिल्दा नेवरा में जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सटोरिए में से एक आइडी बेचने वाले को पकड़ा गया है। शुक्रवार को मामले का राजफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि आनलाइन क्रिकेट सट्टा वुड 777 और जेम्स 777 संचालित करने के आरोप में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से पराधन साहू, रूपेश कुमार वर्मा, मगोपाल जैन, आकाश अग्रवाल, आकाश खटवानी और तिल्दा नेवरा से मनोज सोनी को गिरफ्तार किया है। आकाश अग्रवाल सटोरियों को पैसे लेकर आइडी उपलब्ध कराने का काम करता था। आरोपित रूपेश वर्मा हत्या के आरोप में पैरोल पर बाहर आया है और आनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
आज होने वाले मैच में सटोरिए सक्रिय
शनिवार को गुजरात में भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच का आयोजन होना है। इस मैच में सटोरिए सक्रिय हो गए हैं। रायपुर में बड़े सटोरिए सक्रिय हैं। अलग-अलग आइडी संचालित हो रही हैं।