: वोटर पर दबाव या धमकाने पर सख्त कार्रवाई होगी
Sun, Oct 15, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव तारीख की घोषणा हो गई है। ऐसे में किसी भी राजनैतिक दल के उम्मीदवार, नेता और कार्यकर्ता की ओर से मतदाताओं को डराने धमकाने और प्रलोभन देने पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मोबाइल एप भी लांच किया गया है, जिसमें आम नागरिक इसकी शिकायत एप के माध्यम से सीधे चुनाव आयोग में कर सकते हैं। एप का नाम सी-विजिल एप रखा गया है। इस एप को गुगल स्टोर से निशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। शिकायतकर्ता जहां से रजिस्ट्रेशन करते हैं वहीं से शिकायत कर सकेंगे। एप के साथ ही फोन नंबर 0771-2445785 और टोल फ्री नंबर 0771-1950 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
इस चुनाव में आम नागरिक भी सी-विजिल फोन एप के माध्यम से डराने, धमकाने या प्रलोभन देने की शिकायतें सीधे भारत निर्वाचन आयोग को कर सकेंगे। इस बार साफ-सुथरे, निर्विवाद और पारदर्शी चुनाव के लिए सी-विजिल एप आम नागरिकों के मोबाइल फोन पर हथियार के रूप में इंस्टाल रहेगा। निर्वाचन आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी राजनैतिक दल और प्रत्याशी मतदाताओं को डराने, धमकाने या पैसा, शराब, बांटकर अपने पक्ष वोट देने के लिए कहता हो तो इसका शिकायत सी-विजिल मोबाइल एप पर कर सकते हैं।
घटना का फोटो-वीडियो कर सकेंगे अपलोड
प्रदेश के लोगों को एप चलाने के लिए इंटरनेट की जरूरी है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही यह एप मतदाताओं के लिए एक्टिवेट हो गया है। इसे गुगल एप स्टोर से निशुल्क डाउनलोड कर सकेंगे। मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर डालकर स्वयं पंजीकृत होना पड़ेगा। मतदाताओं के साथ कुछ गलत होने पर घटनाओं के फोटो या वीडियो लेकर सीधे एप अपलोड कर सकेंगे। इस एप के माध्यम से लिए गए फोटो या वीडियो मोबाइल में सेव नहीं होगा। सीधे निर्वाचन आयोग कार्यालय या जिला नियंत्रण कक्ष को मिलेंगे।
टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत
मतदाताओं की ओर से फोटो या वीडियो के रूप में मिली शिकायत पर 100 मिनिट की समय सीमा में कार्रवाई होगी। एप के माध्यम से अधिकतम पांच मिनट के वीडियो बनाकर अपलोड किए जा सकेंगे। जीपीएस प्रणाली पर आधारित यह मोबाइल एप रजिस्ट्रेशन किए जाने वाले विधानसभा क्षेत्र में ही काम करेगा। रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर भूरे ने बताया है कि मतदाताओं इस तरह की परेशानी होने पर शिकायत और सूचनाएं सी-विजिल एप के अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0771-2445785 के साथ-साथ टोल फ्री नंबर 0771-1950 पर कर सकते हैं।
'डराने धमकाने पर होगा एक साल का कारावास'
उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 171 ख के अनुसार चुनाव के दौरान किसी भी मतदाता को अपने पक्ष में करना या फिर पैसे देना और उसे कोई उपहार देता है या लेता है, तो उसे एक साल की कारावास या जुर्माने और दोनों सजा से दंडनीय होगा। इसके साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा 171 ग के अनुसार जो चुनावी समय में किसी भी व्यक्ति की ओर से चोट पहुंचाने की धमकी देता है, तो उसे एक साल का कारावास या जुर्माने और दोनों सजा का भागीदार होगा।
: चेकिंग के दौरान गाड़ी से 10 लाख रुपये किए बरामद
Sun, Oct 15, 2023
कवर्धा.
कबीरधाम में स्थैतिक निगरानी दल में कवर्धा-मुंगेली मार्ग पर ग्राम महका बैरियर पर बड़ी कार्रवाई की है। स्थैतिक दल ने कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महका चेक पोस्ट पर स्कार्पियो गाड़ी से जांच के दौरान 10 लाख 96 हजार 675 रुपये नगदी जब्त की है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे ने बताया कि 10 लाख से अधिक रकम होने पर इनकम टैक्स विभाग द्वारा इस पूरे प्रकरण की जा जाएगी। पंडरिया विधानसभा के रिटर्निग आफिसर एवं एसडीएम संदीप ठाकुर ने बताया कि वाहन चालक प्रमोद कुमार है। वाहन में ड्राइवर के अलावा दो अन्य दिनेश कौशिक और राजेश गुप्ता बैठे हुए थे। प्रारंभिक जांच के वाहन चालक द्वारा कवर्धा से बिलासपुर जाने की बात कही जा रही है।
आदर्श आचार्य संहिता लागू होने के बाद रायपुर पुलिस एक्शन मोड पर हैं। राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। रायपुर पुलिस की ओर से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक कुल 2 हजार 414 ड्राइवर पर चालानी कार्रवाई करते हुए 17 लाख 7 हजार 200 रुपए समन शुल्क परिशमन किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में आदर्श आचार संहिता लागू होते ही यातायात पुलिस एक्शन मोड पर हैं। यातायात थानों से अलग-अलग टीम बनाकर शहर के सभी चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दी है। प्रदेश में आचार संहिता लागू होने से अब तक 22 गाड़ियों से पदनाम पट्टीका निकलवाया गया है, 35 बुलेट पर अनाधिकृत साइलेंसर लगाने पर कार्रवाई और नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले 58 ड्राइवर पर कार्रवाई की गई है।
बीते दिनों शुक्रवार को रायपुर पुलिस की ओर से शहर के चौक-चौराहों पर स्टॉपर लगाकर शहर अंदर आने वाले और बाहर जाने वाले सभी प्रकार के चारपहिया गाड़ियों को चेक किया गया। चेकिंग के दौरान गाड़ियों से पदनाम का पट्टिका निकल गए, बुलेट से ज्यादा आवाज देने वाली साइलेंसर और गाड़ी में काली फिल्म और नशे की हालत में गाड़ी ड्राइवर पर कडी कार्रवाई की जा रही है।
: अंबिकापुर से सिंहदेव तो पाटन से भूपेश के सामने बीजेपी के बघेल
Sun, Oct 15, 2023
राजनांदगांव.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर बीजेपी और कांग्रेस ने पहले चरण के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पहले चरण के लिए 7 नवंबर को प्रदेश में चुनाव कराए जाएंगे। इसके तहत छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित संभाग बस्तर के जिलों और दुर्ग संभाग के राजनांदगांव, कवर्धा और खैरागढ़ जिलों की सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में प्रदेश की कुल 20 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने पूरी तैयारी कर रखी है। इसके बाद दूसरे चरण में 17 नवंबर को प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे।
दूसरे चरण में 17 नवंबर को ये होंगे आमने-सामने
- अंबिकापुर से कांग्रेस प्रत्याशी त्रिभुनेश्वर शरण सिंहदेव (टीएस सिंहदेव) होंगे, यहां से बीजेपी ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है
- सीतापुर से बीजेपी प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अमरजीत भगत (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
- खरसिया से बीजेपी प्रत्याशी महेश साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी उमेश पटेल (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
- कोरबा से बीजेपी प्रत्याशी लखनलाल देवांगन के सामने कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल, वर्तमान विधायक
- सक्ति से बीजेपी प्रत्याशी खिलावन साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. चरणदास महंत (वर्तमान स्पीकर)
- आरंग से बीजेपी प्रत्याशी गुरु खुशवंत सिंह के सामने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शिवकुमार डहरिया (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
- डोंडीलोहारा से बीजेपी प्रत्याशी देवलाल हलवा ठाकुर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेड़िया (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
- पाटन से बीजेपी प्रत्याशी दुर्ग सांसद विजय बघेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल (सीएम)
- दुर्ग ग्रामीण से बीजेपी प्रत्याशी ललित चंद्राकर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू (वर्तमान गृहमंत्री)
- साजा से बीजेपी प्रत्याशी ईश्वर साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र चौबे (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
- नवागढ़ से बीजेपी प्रत्याशी दयाल दास बघेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी गुरु रुद्र कुमार (वर्तमान कैबिनेट मंत्री)
इन सीटों पर फैसला बाकी
बीजेपी ने अब तक 85 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने 30 सीटों पर उम्मीदवारों को टिकट दिया है। 90 सीटों वाले विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी ने 5 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। इनमें बेमेतरा, पंडरिया, अंबिकापुर, बेलतरा, कसडोल सीटें शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने भी पहले चरण में जगदलपुर में अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं। इसके अलावा दूसरे चरण के चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों ने नामों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने 60 सीटों पर अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।