: कर्मचारियों ने चुनाव के काम में बरती लापरवाही, गिरी गाज
Sat, Oct 21, 2023
कबीरधाम.
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे के निर्देश पर निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने और प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 14 कर्मचारियों को नोटिस भेजा गया है। जारी आदेश में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण गत दिवस आयोजित किया गया था।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान दल के पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक दो और मतदान अधिकारी क्रमांक तीन सहित कुल 14 कर्मचारी प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए जाने पर नोडल अधिकारी प्रशिक्षण विधानसभा निर्वाचन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप कुमार अग्रवाल ने नोटिस जारी करते हुए दो दिवस के भीतर उपस्थित होकर जवाब देने कहा है। मिली जानकारी अनुसार, कुल 14 कर्मचारियों में से तीन पीठासीन अधिकारी, चार मतदान अधिकारी क्रमांक दो और सात मतदान अधिकारी क्रमांक तीन शामिल हैं। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण एवं वर्गीकरण नियम 1965 के तहत कारण बताओ सूचना जारी करते हुए कर्मचारियों से कहा गया कि निर्वाचन काम के महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं होना शासकीय कार्यों के प्रति घोर उदासीनता लापरवाही को दर्शाता है। समय सीमा में जवाब नहीं देने और जवाब समाधान कारक नहीं होने की स्थिति में एक पक्षीय कार्रवाई करने की बात कहते हुए कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।
: भाजपा नेता की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या
Sat, Oct 21, 2023
राजनांदगांव.
जिले से अलग होकर बने नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर में घुसकर भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता की हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना को नक्सली एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की जांच औंधी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, औंधी थाना क्षेत्र के सरखेड़ा में शुक्रवार देर शाम कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने सरखेड़ा निवासी भाजपा नेता बिरजू तारम के घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना को नक्सली एंगल से भी देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2023 आदर्श आचार संहिता लगी हुई है। वहीं, घटना को किसने अंजाम दिया यह जांच का विषय है। पूरे मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। भाजपा नेता की निर्ममता से हत्या पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि ये टारगेट किलिंग है । कार्यकर्ताओं शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि कि गुंडाराज को संरक्षण दे रही सरकार को उखाड़ फेकेंगे। शांति और कानून का राज कायम करेंगे।
रमन सिंह ने कहा- हम डरने वाले नहीं
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि मोहला-मानपुर के आदिवासी भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या कर एक बार फिर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है। मैं शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए यह वादा करता हूँ कि इस कुशासन के विरुद्ध हम डरने या रुकने वाले नहीं है। इस अत्याचारी सरकार से लहू के एक-एक कतरे का पूरा हिसाब किया जाएगा।
: मतदाताओं को भ्रमित करने वाले विज्ञापनों पर होगी रोक
Sat, Oct 21, 2023
रायपुर
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन 2023 में इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ ही प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन को रोकने के संबंध में व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मतदान दिवस और उसके एक दिवस पूर्व प्रिंट मीडिया में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणीकरण आवश्यक है।
भारत निर्वाचन आयोग से इस संबंध में जारी परिपत्र की जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन हेतु पहले चरण के मतदान दिवस के एक दिन पूर्व तथा मतदान दिवस को (अर्थात 6 और 7 नवम्बर 2023 को) एवं दूसरे चरण के मतदान दिवस के एक दिन पूर्व तथा मतदान दिवस को (अर्थात 16 एवं 17 नवंबर 2023 को) प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों के प्रकाशन के पूर्व जिला अथवा राज्य स्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति से विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यस्तरीय तथा जिलास्तरीय मीडिया प्रमाणन समिति को प्रमाणन हेतु प्राप्त आवेदन पर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान दिवस के पूर्व एवं मतदान तिथि को प्रिंट मीडिया में भ्रामक प्रकृति के विज्ञापनों के प्रकाशन के बाद वे दल अथवा प्रत्याशी जो इससे प्रभावित होते हैं, उनके पास किसी भी प्रकार की सफाई अथवा खंडन का अवसर नहीं होता। ऐसे में स्वतंत्र, पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जरूरी है।