: शारीरिक अक्षम कर्मचारी करवाएंगे विधानसभा चुनाव
Fri, Oct 20, 2023
रायपुर.
प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आगाज हो गया है और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। वहीं, कुछ कर्मचारी इससे परेशान हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि ड्यूटी लगाते समय प्रशासन ने कर्मचारियों की शारीरिक स्थिति का ध्यान नहीं रखा है। शारीरिक रूप से असक्षम, बीमार और काफी समय से लकवा ग्रस्त, मातृत्व अवकाश पर चल रही महिलाएं और दिव्यांग कर्मचारी गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने अतिरिक्त कलेक्टर के पास अपनी चिकित्सकीय प्रमाणकों के साथ स्वयं उपस्थित होकर अपनी शारीरिक रूप से अक्षमता की जानकारी दी।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वे जिस विभाग के कर्मचारी हैं, उस विभाग को उनके बारे में पूरी जानकारी है। फिर भी उनकी निर्वाचन कार्य में ड्यूटी लगाई है। वह एक ट्रेनिंग पूरी भी कर चुके हैं लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनकी परिस्थितियों को देखकर प्रशासन उन पर विचार करेगा। वहीं, इस पूरे मामले को देख रहे अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
: पुलिस ने लगाई गुंडों-बादमासों की परेड
Fri, Oct 20, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक गुंडे बदमाशों की परेड ली है। रायपुर में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के गुंडे निगरानी बदमाशों को समझाइश दी है। थानों से थाना प्रभारी ने 100 से अधिक गुंडे बदमाशों की परेड ली है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी है।
नवरात्रि त्यौहार ध्यान में रखते हुए एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गुंडा/निगरानी बदमाशों सहित अपराधिक तत्वों की चेकिंग कर उन पर कार्रवाई करने के सिंह दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने बदमाश की परेड लेकर उनको समझाइश दी है कि वे अपराधों से दूर रहकर शांति पूर्वक अपने परिवार के साथ जीवन यापन करें। पुलिस जब भी उन्हें थाना में उपस्थित होने कहा जाता है, तो वे तत्काल उपस्थित होवें। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करें। कुछ सक्रिय गुंडा बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई भी की गई।
: नकाबपोश बदमाशों ने महिलाओं के गले से गायब की चैन
Fri, Oct 20, 2023
रायपुर.
पुलिस आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने को लेकर काफी गंभीर नजर आ रही है। कोरबा जिले में 30 चेक पॉइंट बनाकर अवैध कार्य में लिप्त लोगों की धरपकड़ की जा रही है। नगदी रकम की जब्ती करने के साथ ही जेवरातों को भी जब्त किया जा रहा है, लेकिन शहर के भीतर क्या हो रहा है पुलिस को इस बात की कोई जानकारी नहीं है। इसी के चलते शहर में आधे घंटे के भीतर चैन स्नेचिंग की दो घटनाएं हो गईं और पुलिस हाथ मलते रह गई। पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के पास घटित हुई, जहां मंदिर से आरती कर घर लौट रही जमुना नायक महिला के गले से बाइक सवार अज्ञात लुटेरों ने सोने की चेन गायब कर दी।
ठीक इसी तरह की वारदात फेस टू में सामने आई, जहां एमआईजी में रहने वाली महिला सरिता देवी घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान नकाबपोस बाइक सवार उसके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन उड़ा ले गए। जमुना नायक ने बताया कि वह जिला मेडिकल कॉलेज कॉलोनी में रहती हैं। पड़ोस में रहने वाली हेमलता के साथ कॉलोनी के पास दुर्गा मां के मंदिर में दर्शन करने गई हुई थी। वापस लौटते समय नकाबपोश बाइक सवार दो युवक आये और उसमें से एक युवक ने गले से चैन को छीना और लेकर भाग गए। दोनो महिलाओं चीख पुकार मचाने लगी और लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी, लेकिन बाइक सवार युवक तेज रफ्तार से भाग निकले।
वहीं, फेस टू निवासी सरिता देवी ने बताया कि खाना खाकर घर के बाहर अकेले टहल रही थी। अचानक पीछे से आये बदमाशों ने गले गले से चैन छीनकर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगाला जा रहा है।