: वृहस्पत सिंह को जारी हुआ नोटिस, तीन के अंदर देना होगा पार्टी को जवाब
Sun, Dec 10, 2023
रायपुर
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम के बाद बलरामपुर के पूर्व विधायक वृहस्पत सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा और पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कांग्रेटी ने वृहस्पत सिंह को नोटिस जारी कर तीन दिनों के अंदर जवाब देने कहा है।
वृहस्पत सिंह को जारी नोटिस में कांग्रेस कमेटी ने कहा कि प्रदेश प्रभारी एवं वरिष्ठ नेताओं के उपर सार्वजनिक रूप से लगाये गये तथ्यहीन आरोप समाचार पत्रों एवं विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संज्ञान में आया है। आपके द्वारा लगाये गये आरोप से पार्टी की छवि धुमिल हो रही है, जिसे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लेते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस का लिखित जवाब / स्पष्टीकरण पत्र प्राप्ति के 3 दिवस के भीतर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित करें।
इसके जवाब में बृहस्पत सिंह ने कहा कि नोटिस तो उनको देना चाहिए जिनकी वजह से पार्टी की हार हुई है। वो दिल्ली जा रहे हैं। हाईकमान से मिलेंगे, जो बयान दिया है उसके पुख्ता सुबूत हैं। एक-एक शब्द सही है। इस तरह की गीदड़ भभकी से डरने वाला नहीं हूं। जो सच है वही कहूंगा।
: पॉलिटिक गेमचेंजर स्कीम का बढ़ेगा बजट
Sun, Dec 10, 2023
भोपाल
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लाड़ली बहना योजना और बहनों को साढ़े चार सौ रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने की शुरुआत कर 163 सीटें हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी को अब सत्ता में आने के बाद इन दोनों योजनाओं को निरंतर संचालित करने हर साल 23 हजार 400 करोड़ रुपए खर्च करना होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव के पहले मार्च में लाड़ली बहना योजना की घोषणा कर दस जून 2023 से लाड़ली बहना योजना में हर माह एक हजार रुपए देकर इसकी शुरुआत की थी। उस समय सवा लाख लाड़ली बहनें इस योजना का लाभ उठा रही थी। बाद में योजना में संशोधन कर 21 साल से 23 साल तक की उम्र वाली बहनों और ट्रेक्टर के मालिक परिवारों को इस योजना में शामिल किया गया तो लाड़ली बहनों की संख्या 1 करोड़ 31 लाख हो गई। अक्टूबर से इस योजना में 21 वर्ष से 60 वर्ष तक की आयु वाली महिलाओं को योजना का लाभ देने हर माह 1596 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है।
अब सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार इस योजना के तहत लाड़ली बहनों को हर माह पंद्रह सौ रुपए देने की तैयारी में है। प्रदेश में सत्तारुढ़ दल के मुख्यमंत्री को शपथ ग्रहण करने के बाद वादा पूरा करने हर माह लाड़ली बहनों को दी जाने वाली राशि बढ़ाने पर 327 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च करने होंगे। याने इस योजना को संचालित करने सरकारी खजाने पर हर माह 1925 करोड़ रुपए का बोझ आएगा।
बाहनों को गैस कनेक्शन
इसी तरह भाजपा सरकार ने बहनों को रिझाने उन्हें 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में हर माह 82 लाख रसोई गैस कनेक्शन दिए गए थे। इसमें से बीस लाख गैस कनेक्शन ऐसे है जो हर माह रसोई गैस रिफिल करा रहे है। लाड़ली बहनों के दस लाख कनेक्शन और बढ़े है।
इनमें से पांच लाख रसोई गैस सिलेंडर हर माह रिफिल हो रहे है। इस तरह लगभग 25 लाख रसोई गैस सिलेंडर हर माह रिफिल हो रहे है। जुलाई अगस्त में सस्ते रसोई गैस सिलेंडर देने सरकार ने दो सौ करोड़ रुपए खर्च किए थे। अब गैस सिलेंडर पर खर्च होने वाली राशि में केन्द्र सरकार के सहयोग से तीन सौ रुपए की बचत हो रही है। इसलिए हर माह केवल पचास करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
: भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक
Sun, Dec 10, 2023
रायपुर
भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक 10 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे होगी जिसमें भाजपा विधायक दल के नेता का चयन होगा। इस बैठक के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री द्वय अर्जुन मुंडा व सवार्नंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित रहेंगे।
भाजपा विधायक दल की कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आहूत बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री व चुनाव सह प्रभारी डॉ. मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहेंगे। विदित रहे, हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 54 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रचण्ड बहुमत हासिल किया है।