: अंबिकापुर में नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को करेगा प्रभावित
Thu, Dec 21, 2023
अंबिकापुर.
उत्त्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बार फिर से बदलाव शुरू होने से आसमान में ऊपरी स्तर के बादल छाने लगे हैं। यह पश्चिमी विक्षोभ के आने का संकेत है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन चार दिनों तक बादलों की आवाजाही रहेगी। घने बादल भी छा सकते हैं। इससे न्यूनतम तापमान बढ़ने व दिन तापमान में कुछ गिरावट की संभावना है। इसका असर गुरुवार से दिखने लगा है। सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हैं।
अंबिकापुर में लगभग डेढ़ डिग्री की बढ़ोतरी के बाद न्यूनतम तापमान सात डिग्री के आसपास पहुंच गया है। अभी इसमें और वृद्धि की संभावना है। पिछले 10 दिनों से उत्त्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री के आसपास बना हुआ है। लोग दिन में भी सर्दी से बेहाल हैं। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण यहां के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। क्षेत्र के मैनपाट और सामरी पाठ इलाके में भी जमकर सर्दी पड़ रही है। इन दोनों इलाकों में तापमान तीन से चार डिग्री के आसपास से बना हुआ है। कड़ाके की ठंड के बीच अब एक बार फिर से मौसम में बदलाव होने लगा है। गुरुवार को आसमान में ऊपरी स्तर के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जो वर्तमान में अफगानिस्तान के आसपास बना हुआ है। यह धीरे-धीरे आगे बढ़कर जम्मू कश्मीर से भारत में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से उत्त्तरी छत्तीसगढ़ में अगले तीन-चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे। एक दो दिनों के बाद घने बादल भी छा सकते हैं। इससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी लेकिन बादल छाए रहने के कारण दिन का तापमान कुछ गिर सकता है।
विक्षोभ के बाद फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड
दिसंबर के अंतिम पखवाड़े में सरगुजा सहित आसपास के इलाकों में जमकर ठंड पड़ रही है। कुछ दिनों पहले तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में वर्षा हुई थी। इसके बाद शीत लहर चलने से तापमान में तगड़ी गिरावट हुई। न्यूनतम तापमान काफी नीचे आ गया। अब एक बार फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है इससे कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी तो होगी लेकिन जैसे ही विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होगा, उत्तर दिशा से सर्द हवा का प्रवाह फिर से शुरू होगा और कड़ाके की ठंड
पड़ेगी। मौसम विभाग का मानना है कि तापमान इस बार पांच डिग्री से नीचे भी जा सकता है।
मौसम में इस तरह बदलाव लाता है विक्षोभ
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मौसम में काफी बदलाव लाता है। जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना शुरू होता है वातावरण में तापमान कुछ बढ़ जाता है। इसके सक्रिय होने के बाद विक्षोभ की दिशा के आगे-आगे बादल बारिश शुरू हो जाती है। जैसे ही विक्षोभ का असर समाप्त होता है, उसके पीछे से शीत लहर, कोहरा और कहीं-कहीं बर्फबारी भी होने लगती है। यानी विक्षोभ के पहले बादल छाने से तापमान कुछ बढ़ जाता है और जैसे ही इसका असर समाप्त होता है तापमान में तगड़ी गिरावट होती है।
अंबिकापुर में एक सप्ताह ऐसा रहा तापमान
दिनांक तापमान
15 दिसंबर 6.1 डिग्री
16 दिसंबर 6.2 डिग्री
17 दिसंबर 6.3 डिग्री
18 दिसंबर 6.5 डिग्री
19 दिसंबर 5.3 डिग्री
20 दिसंबर 5.2 डिग्री
21 दिसंबर 6.9 डिग्री
: पांच बड़ी चुनौतियों से करना होगा जीतू पटवारी को मुकाबला
Thu, Dec 21, 2023
भोपाल
प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी को पांच बड़ी चुनौतियों से अब सामना करना पड़ेगा। जीतू के सामने लोकसभा चुनाव के पहले पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत तो करना ही होगा, साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान अधिकांक्ष क्षेत्र से आई पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आई शिकायतों को कैसे मैनेज करना होगा। इन सब के साथ ही कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे चार दशक से जमे पार्टी नेताओं के गुट के बीच सामांजस बनाना भी कड़ी चुनौती होगी।
गुटबाजी से पार पाना होना मुश्किल
विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर से कांग्रेस में गुटबाजी उभर कर सामने आई है। प्रदेश कांग्रेस दफ्तर तक इस गुटबाजी से घिरा हुआ है। प्रदेश दफ्तर से लेकर प्रदेश के हर हिस्से में कांग्रेस की गुटबाजी को खत्म कर लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी नेताओं को एकजुट करना मुश्किल भरा हो सकता है।
चुनाव के बाद आई शिकायतों का लगा अंबार
विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी दफ्तर में शिकायतों का अंबार लग गया है। दो सौ से ज्यादा शिकायतें पार्टी दफ्तर तक पहुंच चुकी है। उम्मीदवारों ने पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में इन शिकायतों पर यदि एक्शन लिया गया तो पार्टी से कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता दूर हो सकते हैं।
कमलनाथ की टीम के साथ काम करना
पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ की टीम के साथ जीतू पटवारी को फिलहाल काम करना होगा। यह टीम कमलनाथ की विश्वासपात्र हैं, ऐसे में जीतू पटवारी को यह टीम कितना सहयोग करेगी। यह भी फिलहाल कोई नहीं जानता है। इस चुनौती का सामना भी पटवारी को पीसीसी में रहते हुए करना होगा।
कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाना
विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर हुआ है। लोकसभा चुनाव तीन-चार महीने बाद हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं में जोश भरना मुश्किल भरा हो काम हो सकता है।
नेताओं के सामंजस बनाकर रखना
प्रदेश की राजनीति में पिछले चार दशक से छाए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से सामंजस बनाना पटवारी के लिए बड़ी चुनौती होगी। दोनों ही नेताओं के हर जिले में समर्थक और अपने-अपने गुट हैं। वहीं कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, सुरेश पचौरी, अजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जैसे नेताओं से भी उन्हें अपनी ट्यूनिंग बनाने के लिए मशक्कत करना पड़ सकती है।
: छत्तीसगढ़ : आलपरस में एक इनामी नक्सली गिरफ्तार
Thu, Dec 21, 2023
रायपुर.
बीएसएफ एवं जिला पुलिस बल डीआरजी की संयुक्त टीम नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर नक्सली ग्रस्त सर्चिंग के लिए निकली हुई थी। वहीं, पुलिस टीम द्वारा ग्राम आलपरस के पास 10 वर्षों से सक्रिय माओवादी जनताना सरकार अध्यक्ष सुंदर दुगा को गिरफ्तार किया है। सुंदर दुगा कोयलीबेडा थाना क्षेत्र में हुए अपराधों में शामिल था।
जैसे कि मजदूरों के साथ मारपीट, वाहनों में आगजनी, ब्लास्ट, सुरक्षा बलों से हथियार लूटने और जानमाल का नुकसान पहुंचाने की नीयत से फायरिंग, आईडी विस्फोट किया जाना। दुगा कई अपराधों में शामिल था, जिसे गिरफ्तार कर न्यायलय मे पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
महाराष्ट्र बॉर्डर से पकड़ा एक लाख का इनामी नक्सली
छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (MMA) में पुलिस ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली पर एक लाख रुपये का इनाम है। वह कई वारदातों में शामिल रहा है। जवानों ने उसे छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर से पकड़ा है। उसके पास से 12 बोर की बंदूक और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। MMA के एसपी अक्षय कुमार ने शनिवार को इनामी नक्सली के पकड़े जाने का खुलासा किया है। एसपी अक्षय कुमार ने बताया कि, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत थाना मदनवाडा से जिला बल और डीआरजी टीम सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी। इस दौरान जवान ग्राम सहपाल, कोकु, खुरसेकला, बोरकनहार और करटोला की ओर रवाना हुए थे। कोहेकुसे और खुरसेफला के जंगल में तीन-चार लोग दिखाई दिए जो जवानों को देखकर छिपने लगे। इस पर घेराबंदी कर एक को जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया आरोपी मदनवाड़ा के सहपाल गांव निवासी प्रेम गावडे उर्फ चैनू घावडे है। वह नक्सली संगठन में मदनवाड़ा-कोकु संयुक्त एलओएस का सदस्य है और 2016 से सक्रिय है। इस दौरान वह कई नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। उससे हुई पूछताछ के आधार पर जवानों ने छिपाए गए हथियार भी जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि मानपुर का इलाका जिला बस्तर और महाराष्ट्र से जुड़ा हुआ है।