: तथ्य आधारित सामाजिक और आर्थिक विकास पर 3 दिवसीय सम्मेलन प्रारंभ
Tue, Sep 12, 2023
कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हो रहा है सम्मेलन
भोपाल
प्रदेश में सामाजिक और आर्थिक विकास के लिये प्रभावी नीतियों को आकार देने के लिये तथ्य आधारित सामाजिक और आर्थिक विकास पर आज से 3 दिवसीय सम्मेलन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुआ। सम्मेलन का आयोजन अटल विहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान भोपाल द्वारा किया जा रहा है।सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रमुख सचिव मुकेशचंद गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि बदलते आर्थिक दौर में सांख्यिकी और आकड़ों का विशेष महत्व है। इसके लिये जरूरी है कि आकड़ों के संग्रहण की प्रक्रिया, तरीके और विधि को सही ठंग से समझा जाये।योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की आयुक्त श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने कहा कि कल्याणकारी योजना की सफलता में वास्तविक तथ्य और योजना से जुड़े आकड़े महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं। इस सम्मेलन के आयोजन का मकसद सांख्यिकी से जुड़े कर्मियों में दक्षता को मजबूत करना है। राज्य सांख्यिकी आयोग के सदस्य प्रो. दीपक सेठिया ने बताया कि जिले में सांख्यिकी अधिकारी ग्राउंड लेवल के डाटा कलेक्ट करते हैं और उन्हें सिलसिलेवार संग्रहित करते हैं। इसके बाद इनका विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की जाती है।राज्य सांख्यिकी आयोग के अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि डाटा संग्रहण के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। जिस क्षेत्र के आकड़े एकत्र किये जाते हैं, उनकी सामाजिक स्थिति और परिवेश को समझना बेहद जरूरी होता है।सम्मेलन के इसी सत्र में जनगणना, उनके उचित विश्लेषण और अर्थव्यवस्था के प्रभाव पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण होना जरूरी है। सम्मेलन में श्रीमती प्रीति दास ने यूनिसेफ इंडिया ने बच्चों के विकास को मुख्य धारा में लाने के लिये किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उप निदेशक रणवीर ने संग्रहित आकड़ों के सेम्पल सर्वे के बारे में जानकारी दी।
: विधिवत पूजन के बाद रथ (बस) दंतेवाड़ा के लिए रवाना
Tue, Sep 12, 2023
रायपुर
भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा मंगलवार की सुबह दंतेवाड़ा से प्रारंभ होने वाली है, इसके लिए परिवर्तन यात्रा रथ (बस) को सोमवार सुबह 7:30 बजे भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से विधिवत पूजन कर गंतव्य स्थल की ओर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री ओम माथुर, भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जम्वाल, संगठन महामंत्री श्री पवन साय सहित वरिष्ठजनों की मौजूदगी में दंतेवाड़ा के लिए रवाना किया गया। रथ (बस) कल सुबह तक दंतेवाड़ा पहुंच जाएगी जहां से वह अपनी परिवर्तन यात्रा पर आगे बढ़ेगी।दंतेवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी की इस परिवर्तन यात्रा के रथ को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना करेंगे। भाजपा की इस रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य सूबे की सरकार की नाकामियों को जनता के बीच उजागर करना है।
: मुख्यमंत्री चौहान ने सपरिवार भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की
Tue, Sep 12, 2023
प्रदेशवासियों के लिये की मंगल-कामना
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकालेश्वर मंदिर में प्रदेश में उत्तम वर्षा के लिए विगत दिनों की गई प्रार्थना और मनोकामना पूर्ण होने पर आज उज्जैन में सपत्निक भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा महाकाल का षाडशोपचार पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल से संपूर्ण प्रदेश की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगल कामना की। पूजन में पुत्र कुणाल सिंह चौहान भी शामिल हुए। गर्भगृह में पं.प्रदीप गुरू, पं.दिलीप गुरू आदि ने पूजन-अर्चन सम्पन्न कराया। इसके बाद नन्दी हॉल में पं.घनश्याम पुजारी, पं.प्रदीप गुरू, पं.सत्यनारायण शर्मा सहित लगभग 71 पुजारियों ने पूजन कराया।जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया, विधायक पारस जैन, बहादुर सिंह चौहान, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति श्रीमती कलावती यादव, पूर्व सांसद चिन्तामणि मालवीय, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया, इकबाल सिंह गांधी, संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत, जगदीश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
भक्तों ने भेंट किया 51 लाख रु. का चेक
मुख्यमंत्री चौहान को महाकालेश्वर मन्दिर में भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन के बाद नन्दी मण्डपम में मुम्बई से आये भक्तों ने 51 लाख रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री चौहान ने चेक महाकाल मन्दिर प्रबंध समिति को सौंपा।