: टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, 25 लाख का सामान जलकर खाक
Sun, Nov 19, 2023
बिलासपुर
अपोलो अस्पताल के पीछे स्थित टेंट हाउस के गोदाम में रविवार की सुबह आग लग गई। जब तक आसपास के लोगों को कुछ समझ में आता आग गोदाम में पूरी तरह फैल चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। संचालक ने गोदाम में करीब 25 लाख के सामान रखे होने की जानकारी दी है। आग से पूरा सामन जल खाक हो गया है।
लिंगियाडीह में अपोलो अस्पताल के पीछे जनता टेंट हाउस का गोदाम है। टेंट हाउस के संचालक ने यहां पर एक प्लाट में प्लास्टिक तालपत्री से शेड बना रखा है। इसे ही गोदाम की तरह उपयोग किया जाता है। टेंट हाउस के गद्दे, कुर्सियां और अन्य सामान यहीं पर रखे जाते हैं। रोज की तरह शनिवार की रात टेंट हाउस के कर्मचारी यहां सामान रखकर अपने घर चले गए थे। गोदाम में केवल एक कर्मचारी था। रविवार की सुबह गोदाम के चौकीदार ने अंदर की ओर से धुंआ निकलते देखा। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी।
इधर सूचना पर थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। तीन दमकल की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। टेंट हाउस के संचालक ने पुलिस को बताया कि गोदाम में करीब 25 लाख के सामान थे। आग से पूरा सामान और प्लास्टिक का शेड पूरी तरह से जल गया है। पुलिस को आशंका है कि गोदाम के उपर से गुजरे बिजली के तार में शार्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
: महिला डॉक्टर ने किराए के मकान में लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
Sun, Nov 19, 2023
गरियाबंद
महिला डॉक्टर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आगे की जांच-पड़ताल में जुटी हैं। यह पूरा मामला छुरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक महिला डॉक्टर सीमा अलोने (उम्र 38 वर्ष) छुरा अस्पताल में मेडिकल आॅफिसर के पद पर पदस्थ थी। मृत महिला डाक्टर ने अपने सरकारी आवास के आगे ही एक किराए का मकान लिया हुआ था। जहां उनके माता-पिता रहते थे। सरकारी आवास में पति डॉ. भारत भूषण आर्या के साथ सीमा रहती थी। शनिवार की शाम अकेले पाकर महिला डॉक्टर ने फांसी लगा ली।
परिजनों ने बताया की शनिवार की शाम डॉ. भारत भूषण आर्या अपने निजी क्लीनिक में थे। मां इवनिंग वॉक के लिए गई हुई थीं और पिता सब्जी खरीदी के लिए बाजार गए थे। इस दौरान सीमा दुपट्टा को फंदा बना कर पंखे पर लटक गई। इवनिंग वॉक से वापस लौटने पर मां ने बेटी को फंदे पर लटके देखा और इसकी जानकारी अपने दामाद को दी। मौके पर पहुंचा पति अपनी पत्नी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक सीमा की सांसे थम चुकी थी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आगे की जांच-पड़ताल में जुट गई हैं। फिलहाल महिला डाक्?टर के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
: कांग्रेसजनों ने याद किया इंदिरा गांधी को
Sun, Nov 19, 2023
रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शंकर नगर रायुपर में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी स्व. इंदिरा गांधी के जयंती पर उनके छायाचित्र में मार्ल्यापण पुष्पांजलि अर्पित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, संयुक्त सचिव एवं सह प्रभारी विजय जांगिड़, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शैलेश पांडेय, दिलीप लहरिया, विजय केशरवानी, सियाराम कौशिक, आशिष छाबड़ा, शैलेश नितिन त्रिवेदी, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, महामंत्री रवि घोष, संयुक्त महामंत्री अजय साहू, सलाम रिजवी, मेहमूद अली उपस्थित थे।