: निर्धारित से अधिक डोलोमाइट का भंडारण दे रहा नियमों को चुनौती
Sun, Dec 17, 2023
सक्ती
खनिज व जिला प्रशासन द्वारा डोलोमाइट भंडारण करने के लिये दी गई अनुमति से अधिक भंडारण ग्राम पंचायत बस्ती बाराद्वार में संचालित गुरुश्री मिनरल्स के द्वारा किया जा रहा है।कंपनी को एक समय मे 40 हजार टन डोलोमाइट भंडारण करने की हीअनुमति मिली है। लेकिन यहां दो लाख टन से भी अधिक डोलोमाइट का भंडारण कर दिया गया है। जिसके चलते शासन को राजस्व की हानि हो रही है।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत जैजैपुर के ग्राम पंचायत खम्हरिया, अकलसरा,झालरौंदा,छितापड़रिया, में डोलोमाइट प्रचुर मात्रा में है जिसका खनन ठेकेदारों द्वारा शासन से लीज पर लेकर किया जाता है। जिसे क्रेशर मशीन पर बड़े बड़े डोलोमाइट पत्थर को तोड़कर उसे बाहर भेजा जाता है। डोलोमाइट खनन और क्रेशर के माध्यम से उसे तोड?े का कार्य गुरुश्री मिनरल्स ने भी शासन से लिया हुआ है। जिसके तहत कंपनी को खनिज अधिकारी कार्यालय से एक समय मे 40 हजार डोलोमाइट के भंडारण की अनुमति मिली हुई है। लेकिन कंपनी के द्वारा 2 लाख टन डोलोमाइट का भंडारण करके पहाड़ खड़ा कर दिया है। जिसके खिलाफ बाराद्वार के दीपक राय ने खनिज विभाग के मुख्य सचिव के अलावा सक्ती जिला खनिज अधिकारी से शिकायत करते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की है।
दस वर्ष के लिए एक समय मे 40 हजार टन भंडारण की मिली है अनुमति
खनिज विभाग द्वारा गुरुश्री मिनरलस को खसरा नंबर 1791/1,2,3 1798/1,2 1797/3,5, 1795/ 1,2,3,4,5,6 1796/1,2 -264, एकड़ भूमि में 24 मई 2022 से 23 मई 2032 तक एक समय मे 40 हजार टन डोलोमाइट भंडारण की अनुमति प्रदान की गई है।लेकिन खनिज विभाग और जिला प्रशासन की लचर कार्यशैली के चलते कंपनी ने दो लाख टन डोलोमाइट का भंडारण कर दिया है।
पहले वन भूमि अब तय से अधिक भंडारण
जिले में लचर प्रशासनिक व्यवस्था का फायदा गुरुश्री मिनरल्स के संचालक द्वारा जमकर उठाया जा रहा है। या फिर कहे तो इनको शासन प्रशासन का किसी तरह की कोई भय नही है। यही वजह है गुरुश्री मिनरल्स के संचालक ने पहले छितापड़रिया के बन भूमि पर लगे हजारों हरे भरे पेड़ सहित झाड़ की कटाई कर उसमें अवैध रूप से सड़क बनाकर डोलोमाइट का परिवहन करना हो या फिर 40 हजार टन की अनुमति मिलने के बाद दो लाख टन डोलोमाइट का भंडारण करना।
इन्होंने कहा
गुरुश्री मिनरल्स के द्वारा क्षमता से अधिक भंडारण की शिकायत मिली है उसकी जांच करवाएंगे अधिक भंडारण पाया जाता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
के.के. बंजारे,
खनिज अधिकारी सक्ती
: महंत बने नेता प्रतिपक्ष.....
Sun, Dec 17, 2023
रायपुर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के द्वारा डॉ. चरणदास महंत को छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए नेता प्रतिपक्ष बनाया है। उक्ताशय का पत्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज जारी किया ।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष व सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत को छग विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर प्रदेश भर के कांग्रेसियों सहित कोरबा लोकसभा व सक्ती विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हर्ष जताते हुए कहा कि भारत सरकार में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सहित लोकसभा व मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ की विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले डॉ. महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से विपक्ष अपनी मजबूत भूमिका विधानसभा में निभाएगा। डॉ. महंत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ज्वलंत विषयों पर कांग्रेस के विधायक अपनी बात पुरजोर तरीके से रख सकेंगे। डॉ. महंत के अनुभव का पूरा-पूरा लाभ नेता प्रतिपक्ष के तौर पर निश्चित ही सदन को प्राप्त होगा। डॉ. महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से प्रदेश भर के कांग्रेस संगठन और कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। डॉ. महंत ने नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस के यूपीए की चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित छग विधानसभा के निर्वाचित कांग्रेस के सदस्यों के प्रति आभार जताया है।
: पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने एयरपोर्ट से उड़ान प्रारंभ करने मांग की
Sun, Dec 17, 2023
रायपुर
छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा को लाइसेंस जारी करने एवं शिघ्र कमर्शियल उड़ान प्रारंभ करने को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से नई दिल्ली में मुलाकात कर आग्रह किया है।
सफदरजंग एयरपोर्ट स्थिति राजीव भवन में स्थापित नागरिक उड्डयन मंत्रालय में टी एस सिंहदेव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात किया। इस दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री ने जानकारी दी है कि देश मे 4 छोटे एयरपोर्ट उनकी प्राथमिकता में है जिनमें अम्बिकापुर एयरपोर्ट भी शामिल है। इस एयरपोर्ट के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया अग्रिम चरण में है। अतिशीघ्र अम्बिकापुर के साथ ही सरगुजा अंचल के निवासियों को हवाई सेवा उपलब्ध करा दी जाएगी। नागरिक उड्डयन मंत्री से चर्चा में टी एस सिंहदेव ने आग्रह किया है कि शुरूआत में अम्बिकापुर से रायपुर और अम्बिकापुर से वाराणसी तक के फ्लाइट को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया जाये जिसपर सिंधिया ने सहमति जताई है।
उल्लेखनीय है कि 2 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने करीब 43 करोड़ की राशि को माँ महामाया एयरपोर्ट के उन्नयन हेतु स्वीकृति किया था। इस राशि का उपयोग कर एयरपोर्ट को 72 सीटर कमर्शियल प्लेन के उतरने के साथ ही नागरिक उड़ान के उद्देश्य से तैयार किया। मई 2023 में डीजीसीए की टीम ने इस एयरपोर्ट की जांच के पश्चात कुछ कमियों को दुरुस्त करने को कहा था। जुलाई 2023 में इन कमियों को ठीक कर इसकी रिपोर्ट डीजीसीए को भेज दी गई थी। तब से दरिमा एयरपोर्ट के लाइसेंसिंग की प्रक्रिया लंबित थी। सिंहदेव के आज उड्डयन मंत्री से मुलाकात के बाद यह उम्मीद बनी है कि शिघ्र ही सरगुजा अंचल हवाई सुविधाओं का लाभ उठाएगा।