भव्य मूर्ति स्थापना एवं श्री झूलेलाल जी की प्राण प्रतिष्ठा : तिल्दा-नेवरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा बाबा गेलाराम जी का 96वां जन्मोत्सव
Ramesh Batra
Sat, Mar 7, 2026
तिल्दा-नेवरा। स्थानीय पूज्य गोदड़ी वाला धाम में इस वर्ष आध्यात्मिक उत्साह की त्रिवेणी बहेगी। आगामी 7 मार्च से 9 मार्च तक ब्रह्मस्वरूप संत बाबा गेलाराम जी का 96वां जन्मोत्सव, मूर्ति स्वरूप स्थापना दिवस एवं इष्ट देव श्री झूलेलाल जी के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर सिंधी समाज और स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए पूज्य सिंधी पंचायत एवं पूज्य संत बाबा हरदासरम सेवा मंडल ने बताया कि यह त्रिदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान महंत अम्मा मीरा देवी (देवपुरी, रायपुर) एवं शहजादा सांई लालदास जी (चकरभाटा) के सान्निध्य में संपन्न होगा।
आयोजन की रूपरेखा इस प्रकार है:
7 मार्च (शनिवार): कार्यक्रम का शुभारंभ श्री झूलेलाल सांई जी के स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगा।
8 मार्च (रविवार): दोपहर 1.00 बजे पूज्य बहराणा साहब की ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। शाम 4.00 बजे श्री झूलेलाल सांई जी के मूर्ति स्वरूप का भव्य नगर भ्रमण (शोभायात्रा) निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
9 मार्च (सोमवार): मुख्य उत्सव के दिन सुबह 6.00 बजे पंचामृत स्नान होगा। सुबह 9.00 बजे झंडा वंदन एवं धुनी साहब के साथ अनुष्ठान का आरंभ होगा। प्रातः 11.00 बजे श्री झूलेलाल जी के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके पश्चात दोपहर 12.00 बजे भोग साहब का आयोजन होगा।
सांस्कृतिक एवं सेवा कार्य: सोमवार दोपहर 1.00 बजे से विशाल आम भंडारा का आयोजन किया गया है। वहीं, सोमवार रात्रि 9.00 बजे से ग्वालियर के प्रसिद्ध कलाकार केशु जावेद एवं पार्टी द्वारा भजनों की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी।
पूज्य सिंधी पंचायत एवं सेवा मंडल, तिल्दा-नेवरा ने समस्त क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का सादर अनुरोध किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन