: मुख्यमंत्री चौहान द्वारा बनखेड़ी में छात्रावास और जैव कीट नियंत्रण इकाई का लोकार्पण
Wed, Jul 26, 2023
खाद उत्पादन एवं प्रशिक्षण इकाई का किया भूमि-पूजन
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी में विकास पर्व के दौरान भाऊसाहब भुस्कुटे स्मृति लोक न्यास, गोविंदनगर में कोल इंडिया लिमिटेड कोलकाता के सीएसआर सहयोग से 1 करोड़ 98 लाख की लागत से निर्मित शरद स्मृति छात्रावास के भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र गोविन्दनगर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सहयोग से 1 करोड़ की लागत से निर्मित जैव कीट नियंत्रण उत्पादन इकाई भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 55 लाख की लागत से कृषि विज्ञान केंद्र, गोविन्दनगर में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में मशरूम, स्पॉन, खाद उत्पादन एवं प्रशिक्षण इकाई का भूमि-पूजन भी किया। इस दौरान सरस्वती ग्रामोदय विद्यालय के बच्चों ने पुष्प-वर्षा कर अपने लाड़ले मामा चौहान का स्वागत किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री चौहान ने न्यास के कारीगरों द्वारा लगाई गई बाँस एवं माटी की कृषि उत्पाद एवं शिशु वाटिका प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर निर्मित वस्तुओं की सराहना की। सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, माधव अग्रवाल, अनिल अग्रवाल एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
: भोपाल में बनेगा राष्ट्रीय मीडिया संग्रहालय
Tue, Jul 25, 2023
सिनेमा और भारतीय भाषाओं पर आधारित विभागों की एमसीयू में होगी स्थापना
मुख्यमंत्री चौहान की अध्यक्षता में हुई महा-परिषद की बैठक
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की महा-परिषद की बैठक में जानकारी दी गई कि भोपाल में राष्ट्रीय मीडिया संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने विश्वविद्यालय में केन्द्रीय स्टूडियो, डिजिटल मीडिया लैब, सिनेमा और भारतीय भाषाओं पर केन्द्रित पृथक विभागों तथा भरतमुनि शोध पीठ की स्थापना के प्रस्ताव को अनुमोदित किया। जनवरी 2018 के बाद हुई महा-परिषद की बैठक में पूर्व वर्षों के बजट अनुमान, लेखों एवं अंकेक्षण प्रतिवेदन का अनुमोदन किया गया। विभिन्न प्रबंधकीय विषयों पर भी निर्णय लिए गए। बताया गया कि एशिया के पहले और देश के सबसे बड़े पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों को लागू किया गया है। इंडिया टूडे, द वीक जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं द्वारा विश्वविद्यालय को देश के प्रथम 10 शिक्षण संस्थानों में शामिल किया गया है।
62 वर्ष होगी सेवानिवृत्ति की आयु
महा-परिषद ने विश्वविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के लिए 7वां वेतनमान लागू करने की कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की। साथ ही 01 जनवरी 2016 से लागू किए गए 7वें वेतनमान के आधार पर सभी शिक्षकों को ऐरियर का भुगतान करने की स्वीकृति भी दी गई। संविदा पर कार्यरत शिक्षकों के नियमितिकरण पर भी सहमति हुई। महा-परिषद ने अधि-वार्षिकी आयु को 60 से 62 वर्ष किए जाने पर भी अनुमोदन प्रदान किया। बैठक में विश्वविद्यालय के नवीन परिसरों की भी जानकारी दी गई।
रेडियो कर्मवीर की स्थापना और पी.एचडी पाठ्यक्रम में सीट वृद्धि का अनुमोदन
बैठक में विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित नवीन परिसर में विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए रेडियो कर्मवीर की स्थापना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही शोध पुस्तक लेखन, पी.एचडी पाठ्यक्रम में सीट वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
विश्वविद्यालय ने देश-विदेश की प्रतिष्ठित अकादमिक संस्थाओं से किए एम.ओ.यू.
बताया गया कि विश्वविद्यालय द्वारा कंसोर्टियम फॉर एज्यूकेशनल कम्यूनिकेशन, यू.एन. पॉपुलेशन फंड, महात्मा गांधी कॉलेज ऑफ कम्यूनिकेशन कोजीकोड केरल, मीडिया एण्ड इंटरटेनमेंट स्किल्स काउंसिल नई दिल्ली तथा अन्य विश्वविद्यालयों और प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ एम.ओ.यू. किए गए।मुख्यमंत्री चौहान का बैठक से पहले अंगवस्त्रम एवं प्रतीक-चिन्ह भेंट कर अभिवादन किया गया। बैठक में सांसद इंदौर शंकर लालवानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.जी. सुरेश, सचिव जनसंपर्क विवेक पोरवाल, दादा लखमीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स रोहतक के कुलपति गजेन्द्र सिंह चौहान, वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव, अतुल तारे, द इंडिया टूडे ग्रुप के एक्जीक्यूटिव एडीटर सईद अंसारी, चैनल हेड बंसल न्यूज शरद द्विवेदी, इनाडू ग्रुप के रविकांती श्रीनिवास, बैंगलुरू की डॉ. नंदिनी लक्ष्मीकांता, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म अहमदाबाद के शिरीष काषिकर तथा अन्य सदस्य उपस्थित थे।
: मंत्री मरकाम ने अधिकारियों से कामकाज की जानकारी ली
Tue, Jul 25, 2023
रायपुर
छत्तीसगढ़ शासन के नवपदस्थ आदिम जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री मोहन मरकाम ने आज यहां मंत्रालय महानदी में विभागीय अधिकारियों से कामकाज के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर आदिम जाति, अनुसूचित जाति विकास विभाग के सचिव श्री डी.डी.सिंह मौजूद थे।