: सिंहदेव ने "पैसे की कोई कमी नहीं" पर मोदी को दिखाया आइना
Mon, Oct 2, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने सूबे के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के बयान को अपना सियासी हथियार बना लिया। बिलासपुर में PM मोदी ने कहा कि सूबे में विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है, ये मैं नहीं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री का कहना है। अपने बयान को हथियार बनता देख टीएस सिंह देव ने पलटवार किया है। टीएस सिंह देव ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों और राजनीतिक प्रवचन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटफार्मों के बीच अंतर है। प्रधानमंत्री को ये बात समझनी चाहिए, वो देश के शीर्ष प्रतिनिधि हैं। सरकारी कार्यक्रम का अलग प्रोटोकॉल होता है और पॉलिटिकल रैली में उन बयानों को आधार बनाना सही नहीं है।गौरतलब हो, राज्य कांग्रेस में बघेल के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले सिंह देव ने 14 सितंबर को प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा किया था। यहाँ सूबे में विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया था। कार्यक्रम के दौरान सिंह देव ने कहा था कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के प्रति पक्षपाती नहीं रही है। विकास कार्यों के लिए सहयोग और पैसे मिलते रहे हैं।मोदी ने दावा किया कि सिंह देव के सच बोलने के बाद कांग्रेस में 'तूफान' पैदा हो गया और पार्टी नेताओं ने सिंह देव को निशाना बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा "जब कांग्रेस केंद्र में (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के हिस्से के रूप में) सत्ता में थी, जो अब 'घमंडिया' गठबंधन बन गया है, तो उसने रेलवे कार्यों के लिए प्रति वर्ष औसतन केवल ₹300 करोड़ दिए, लेकिन मोदी सरकार ने दिए रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए एक वर्ष में ₹6,000 करोड़ दिए गए हैं।”प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह देव ने कहा, ''दो अलग-अलग मंच हैं जिनमें हम अलग-अलग तरीके से अपनी बात भी रखते हैं। सरकारी कार्यक्रम का एक मंच होता है, जिसमें सभी जन प्रतिनिधि अलग-अलग शिष्टाचार का पालन करते हैं। फिर एक राजनीतिक मंच है जिसमें तीर चलाए जाते हैं। केंद्र और राज्य सरकारों के साझा मंच की एक अलग गरिमा होती है। हम राजनीतिक मंच पर भी खूब बातें करते हैं, लेकिन वह बात सामने नहीं आ पाती।''दो आउटरीच अभियानों के समापन के अवसर पर 'परिवर्तन महासंकल्प रैली' में एक बड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए पूरी तरह से समर्पित है, चाहे वह केंद्र में सत्ता में हो या राज्य में। पीएम ने कहा "आज मैं आपको गारंटी देने आया हूं कि मोदी आपके हर सपने को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह मोदी की गारंटी है कि आपके सपने मोदी का संकल्प हैं। मैं दिल्ली से चाहे कितनी भी कोशिश कर लूं कि विकास आप तक पहुंचे, लेकिन यहां की कांग्रेस सरकार इसमें बाधा डालने की कोशिश करती रहती है।"
: छत्तीसगढ़ में भाजपा की हालत सीरियस!
Mon, Oct 2, 2023
रायपुर.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले महीने छत्तीसगढ़ में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। भाजपा ने कुल 21 कैंडिडेट के नाम का ऐलान किया है। पार्टी के एक सूत्र ने बताया है कि अगले हफ्ते भाजपा दूसरी लिस्ट जारी करेगी। इस लिस्ट में 6 सांसदों के नाम का भी ऐलान हो सकता है। इसी के साथ चुनावी राज्य में सियासी चहलकदमियां तेज हो गई हैं। ऐसे में एक सर्वे सामने आया है जिसमें कांग्रेस के लिए एक गुड न्यूज है।
कांग्रेस रिपीट करेगी सरकार?
'इंडिया टीवी' के लिए ईटीजी ने छत्तीसगढ़ में एक सर्वे किया। सर्वे के मुताबिक, राज्य में कांग्रेस सरकार रिपीट कर सकती है। सर्वे में बताया गया है कि कुल 90 सीटों में से कांग्रेस के खाते में 48-60 सीटें जा सकती हैं। यानी अगर इस सर्वे के आंकड़े सही साबित होते हैं तो कांग्रेस जीत का जादुई आंकड़ा पार कर फिर से सरकार बना सकती है। वहीं सर्वे में बताया गया है कि भाजपा को 28-40 सीटों पर जीत मिल सकती है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में ओबीसी वोटरों की भूमिका निर्णायक है। राज्य में कुल वोटरों में से 47 फीसदी मतदाता ओबीसी हैं। वहीं राज्य में एसटी वोटर 32 परसेंट और एससी वोटर 13 फीसदी हैं।
एक और सर्वे में कांग्रेस आगे
बीते दिनों 'न्यूज 24' का एक सर्वे सामने आया था। इस सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस लीड कर रही है। सर्वे में यह बताया गया कि कांग्रेस के खाते में 55-60 सीटें जा सकती हैं। वहीं भाजपा 30-35 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। यानी सामने आए दोनों ताजा सर्वे में कांग्रेस भाजपा से आगे दिख रही है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते पार्टी दूसरी लिस्ट जारी करने वाली है। इस लिस्ट में बाकी बचे 69 सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे। दूसरी लिस्ट में पार्टी 6 सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतार सकती है।
: छत्तीसगढ़ में बारिश मध्यम मध्यम, एमपी में फिर झमाझम!
Mon, Oct 2, 2023
रायपुर.
मध्य प्रदेश में एकबार फिर जोरदार बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में एक ताजा सिस्टम एक्टिव हो गया है जिसकी वजह से सूबे के कई हिस्सों में तगड़ी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के सात जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में भी जोरदार बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में दो अक्टूबर तक जबकि छत्तीसगढ़ में तीन अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा।छत्तीसगढ़ में पहली से तीन तारीख के दौरान हल्की/मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। अगले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी की परिस्थितियां बनेंगी। पूर्व मध्य अरब सागर पर एक दबाव बना है जो उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है। जल्द ही इसके कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।यदि छत्तीसगढ़ में मौसम के रुख की बात करें तो सूबे के अधिकांश जगहों पर बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो 1 से 3 तारीख के दौरान छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान आंधी तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में पहली अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश की संभावना है। रायपुर में भी बादल छाए रहने के आसार हैं।वहीं मध्य प्रदेश में वापसी के साथ एक बार फिर मानसूनी सिस्टम एक्टिव हो गया है। सूबे के छिंदवाड़ा, बालाघाट, सीधी, सिंगरौली समेत कई अन्य जिलों में माध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं सतना, जबलपुर, कटनी, मोह, देवास और रतलाम समेत कुछ अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि सूबे में दो अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा। इसके बाद सूबे से बारिश का दौर खत्म हो सकता है। हालांकि उक्त पूर्वानुमान ताजा मौसमी सिस्टम पर निर्भर करेंगे।