: गोबर्धन पूजा और भाईदूज की छुट्टी घोषित
Sat, Oct 7, 2023
रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने आगामी त्योहारों को लेकर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। भूपेश सरकार ने गोबर्धन पूजा और भाई दूज की स्थानीय अवकाश का ऐलान किया है।
सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 13 नवंबर 2023 गोबर्धन पूजा और 15 नवंबर 2023 को भाईदूज की छुट्टी घोषित की है। लेकिन यह अवकाश बैंक व कोषालय के लिए लागू नहीं होगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी हो गया है।
: सक्षम प्राधिकारी के अनुमति के बिना नही किया जा सकेगा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग
Sat, Oct 7, 2023
रायपुर
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ सर्वेश्वर भुरे ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपादन के लिए जिले में बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रो के उपयोग को प्रतिबंधित किया है। इसके लिए आदेश जारी किया गया है। इसके अनुसार चुनाव प्रचार-प्रसार के लिए चलित वाहनों आदि में लाउडस्पीकर का उपयोग सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमति मिलने पर भी अधिकतम सुबह 6 से रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा।
इसी प्रकार सामान्यत: आमसभा, प्रचार, जुलुस, वाहन इत्यादि के लिए लाउडस्पीकर का उपयोग सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमति मिलने पर भी अधिकतम सुबह 6 से रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा। यह आदेश जारी दिनांक से प्रभावशील होकर निर्वाचन समाप्ति तक प्रभावशील रहेगा।
अनुमति प्रदान करने के लिए सक्षम प्राधिकारी की नियुक्ति कि गई है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 रायपुर शहर ग्रामीण (नगर निगम क्षेत्र रायपुर एवं बिरगांव), क्रमांक-49 शहर पश्चिम, क्रमांक-50 रायपुर शहर उत्तर एवं क्रमांक-51 रायपुर शहर दक्षिण के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-52 आरंग क्रमांक-53 अभनपुर और क्रमांक-47 धरसींवा के लिए संबंधित रिटर्निंग आॅफिसर और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-45 बलौदाबाजार (110 मतदान केन्द्र हेतु के लिए तहसीलदार तिल्दा नेवरा को नियुक्त किया गया है।
: जेनेरिक दवाईयां खरीदकर नागरिकों ने बचाए 142.28 करोड़
Sat, Oct 7, 2023
रायपुर
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर सभी आयु वर्ग के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से संचालित श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना से अब तक मरीजों को 142 करोड़ रूपए से अधिक की बचत हो चुकी है, जिससे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के जेब को बड़ी राहत मिली है।
राज्य के सभी नगरीय निकायों में संचालित इस योजना के अंतर्गत ब्रांडेड कंपनियों की जेनेरिक दवाएं 50 से 70 प्रतिशत कम दाम पर उपलब्ध कराई जाती है। धन्वंतरी दवा दुकानों में सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लड प्रेशर, इन्सुलिन के साथ गंभीर बीमारियों की दवा, एंटीबायोटिक, सर्जिकल आईटम भी रियायती मूल्य पर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना 20 अक्टूबर 2021 से शुरू की गई है। योजना के तहत राज्य के समस्त 169 नगरीय निकायों में 195 श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर खोले गये हैं। शासकीय चिकित्सकों को अस्पताल में इलाज हेतु आने वाले मरीजों को जेनेरिक दवाई लिखना अनिवार्य किया गया है। योजना से अब तक 231.94 करोड़ रूपए एम.आर.पी. की दवाईयों के विक्रय पर 142 करोड़ 28 लाख रूपए की छूट जरूरतमंद लोगों को दी गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकाय में संचालित धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल की दुकानों से 81 लाख 76 हजार से अधिक नागरिकों ने सस्ती दवायें खरीदी है। जिससे लोगों को काफी राहत मिली है और कम मूल्य पर दवा उपलब्ध होने से बचत हो रही है। श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोरों में दवाओं की उपलब्धता एवं संचालन व्यवस्था की निगरानी नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया करते रहते है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थायें लगातार करते रहने के निर्देश दिए है।
नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले में 21, गरियाबंद में चार, बलौदाबाजार-भाटापारा में सात, धमतरी में सात, महासमुंद में छह, दुर्ग में 19, बालोद में आठ, बेमेतरा में आठ, राजनांदगांव में पांच, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में तीन, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ में एक, कबीरधाम में छह, बिलासपुर में 11 तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में दो, धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे है।
इसी तरह से मुंगेली में चार, कोरबा में छह, जांजगीर-चांपा में नौ, सक्ती में छह, रायगढ़ में आठ, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पांच, जशपुर में पांच, सरगुजा में चार, बलरामपुर में पांच, सूरजपुर में छह, कोरिया में दो, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पांच, बस्तर में तीन, कोण्डागांव में तीन, नारायणपुर में एक, कांकेर में छह, दंतेवाड़ा में पांच सुकमा में तीन और बीजापुर जिले में तीन धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे हैं।