: हारे लोगों पर दांव लगा रही बीजेपी: सीएम भूपेश
Thu, Oct 12, 2023
सरगुजा.
बीजेपी की दूसरी लिस्ट में दो सांसदों और एक केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह को टिकट दिए जाने पर सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री को दूसरे लोकसभा से टिकट दे रहे हैं। वह सरगुजा से सांसद हैं, लेकिन कोरबा से टिकट दिया गया। इसी तरह विष्णुदेव साय पत्थलगांव रहते हैं, तो उन्हें कुनकुरी से टिकट दिया गया। गोमती साय कुनकुरी रहती हैं तो उन्हें पत्थलगांव से टिकट दिया गया है।
ओपी चौधरी खरसिया से पलायन कर गए। बीजेपी हारे हुए लोगों पर दांव लगा रही है। सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने जिसको बहुत पहले ही नकार दिया था, उसे दोबारा टिकट दिया गया है। चाहे वो अमर अग्रवाल हो या राजेश मूणत या प्रेमप्रकाश पांडे सभी पर भाजपा ने फिर विश्वास जताया है। इनके पास अब कोई चेहरा नहीं है। हारे हुए लोगों को उतारा है। राजनांदगांव से पूर्व सीएम रमन सिंह को टिकट दिए जाने पर कहा कि अभी भी उनकी ही चल रही है। भले ही वो अरुण साव को बगल में बैठा लें पर चल उन्हीं की रही है। टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर कहा कि बीजेपी अलोकतांत्रिक पार्टी है, उसमें कार्यकर्ताओं की बातें नहीं सुनी जाती है। उन पर केवल थोपे जाते हैं।
'बीजेपी ने जानबूझकर लीक की थी सूची'
भाजपा की दूसरी संभावित सूची के वायरल होने पर कहा कि बीजेपी ने जानबूझकर सूची लीक की थी। यदि ऐसा नहीं होता तो कई जगहों पर ईडी की रेड पड़ चुकी होती। जो सूची लीक हुई थी, जारी लिस्ट में भी अधितर वहीं नाम हैं। ये सब बीजेपी की रणनीति के तहत हुआ है। यह जानबूझकर लीक किया गया है। सोशल मीडिया में पोस्ट को लेकर कहा कि बीजेपी अब निम्न स्तर पर उतर आई है। उनके ऑफिशियल पेज पर पोस्ट गलत ढंग से किए जा रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि बीजेपी अब अपने असली चेहरे पर आ गई है। अब उनका नकाब उतर चुका है। दो फेस में चुनाव कराए जाने पर कहा कि पहले भी दो चरण में चुनाव कराए गए थे।
'जल्द जारी होगी कांग्रेस की सूची'
कांग्रेस की लिस्ट जारी होने के सवाल पर सीएम ने कहा कि सीएससी की बैठक के बाद जल्द ही सूची जारी कर दी जाएगी। अब इसमें बहुत ज्यादा देर नहीं है। एक साथ 90 सीटों पर लिस्ट जारी होने के सवाल पर कहा कि ये पार्टी हाईकमान पर निर्भर है। हालांकि बीजेपी की अभी पांच सीटों पर सूची आनी बाकी है।
'जाति जनगणना कराने पर लगी मुहर'
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग पर कहा कि करीब चार घंटे तक बैठक चली। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत सभी सीनियर नेताओं ने जाति जनगणना कराने की बात कही। इस पर मुहर लगाई गई है। सभी वर्ग के आधार पर उनकी भलाई के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी, इसलिए जाति जनगणना होना जरूरी है।
: चुनाव प्रशिक्षण में लापरवाही पर छह अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस
Thu, Oct 12, 2023
मुंगेली .
मुंगेली जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल दाउपारा में मतदान दलों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव ने आज निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली और अधिकारी-कर्मचारियों से निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी सवाल पूछे।
संतोषजनक जवाब नहीं देने व प्रशिक्षण कार्य को गंभीरता से नहीं लेने पर छह अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण को गंभीरतापूर्वक लेने के तथा चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि स्वामी आत्मानंद स्कूल में 16 कक्षों में 560 अधिकारी-कर्मचारी तथा शासकीय हाईस्कूल करही में आठ कक्षों में 280 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण 12 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर मेनका प्रधान और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
: भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या करेंगे परिवर्तन उद्घोष
Thu, Oct 12, 2023
रायपुर.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे हैं। यहां भाजयुमो के परिवर्तन उद्घोष कार्यक्रम में शामिल होंगे। तेजस्वी सूर्या ने रायपुर दौरे को लेकर कहा कि इससे पहले भी रायपुर आना हुआ था। सीएम हाउस का घेराव किया था, लेकिन इस बार सीएम हाउस के अंदर भाजपा को स्थापित करने का संकल्प लेंगे। पिछली बार भी युवाओं के मुद्दों को उठाकर उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश की थी। उसका प्रतिफल हाईकोर्ट से हमें मिला है।
तेजस्वी भाजयुमो के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर काम करने की रणनीति बताएंगे। इस दौरान सीजीपीएसी घोटाले पर तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में इस तरह का घोटाला नहीं हुआ है, जब कोर्ट का फैसला आता है, तो वह देश, प्रदेश में 100 परसेंट लागू होता है।
युवा मोर्चा की भूमिका को लेकर तेजस्वी सूर्या ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पिछले पांच साल में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। आने वाले चुनाव में युवा मोर्चा की भूमिका क्या होगी, इस पर चर्चा होगी। युवाओं को कनेक्ट कैसे करें, सरकार को प्रतिष्ठापित कैसे करें। इन सभी मुद्दों पर बैठक में चर्चा होगी।
महादेव एप को लेकर तेजस्वी सूर्या ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा से सभी युवाओं का भविष्य बिगड़ रहा है। गलती जिसने भी की है, वो वह प्रदेश स्तर पर हो या राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जीरो टॉलरेंस पॉलिसी मोदी सरकार की है। इजरायल और हमास के बीच हुए युद्ध को लेकर तेजस्वी सूर्या ने कहा कि हमास एक आतंकवादी संगठन है। पूरा विश्व एकजुट होकर हमास के टेरर अटैक की निंदा कर रहा है। ऐसे संदर्भ में भी कांग्रेस पार्टी अपने सीडब्ल्यूसी के रेजोल्यूशन में, अपने वोट बैंक पॉलिटिक्स की वजह से इसकी निंदा नहीं कर पा रही है।