: पीव्ही 122 के पास नक्सलियों ने लगाए बैनर
Thu, Dec 7, 2023
कांकेर
विकासखंड पखांजुर मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर पीव्ही 122 के पास नक्सलियों ने बैनर लगाए हैं। गुरूवार सुबह ग्रामीणों ने नक्सली बैनर देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी है। लगाये गये बैनर में नक्सलियों ने 8 दिसंबर तक पीएलजीए की 23वीं वर्षगांठ को देश भर में मनाने हेतु गाजा में इजरायली हमले के विरोध में तथा हमास को आतंकी संगठन नहीं होने का बैनर लगाया है। इन दिनों नक्सली लगातार उत्तर बस्तर में अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं। नक्सली गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बलों का इलाके में सर्चिंग अभियान भी तेजी से चल रहा है।
: क्लैट 2024 के बाद क्या होगा पर सेमीनार 11 को
Thu, Dec 7, 2023
भिलाई
क्लैट 2024 में 120 प्रश्नों के साथ एक अद्यतन परीक्षा पैटर्न था और संशोधित पेपर पैटर्न ने अनिश्चितता के बादल पैदा कर दिए थे। हालांकि सभी की उम्मीदों के विपरीत क्लैट 2024 का पेपर आसान से मध्यम था। 105 से अधिक प्रयासों की एक अच्छी संख्या है और शीर्ष 3 राष्ट्रीय लॉ स्कूलों के लिए 90 से अधिक एक अच्छा स्कोर है। इन्हीं सब बातों पर क्लैट 2024 के बाद क्या होगा विषय पर एक सेमीनार का आयोजन 11 दिसंबर को न्यू सिविक सेंटर, भिलाई में किया गया है।
लीगलएज भिलाई केंद्र के प्रमुख श्रेयस एस कुमार ने ने बताया कि यह वन टू वन सत्र इच्छुक कानून अभ्यर्थियों को क्लैट 2024 परीक्षा के बाद उनके विकल्पों और रास्तों के बारे में मार्गदर्शन करेगा। कानून के क्षेत्र में प्रतिष्ठित वक्ताओं और अनुभवी पेशेवरों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम विभिन्न कैरियर अवसरों, आगे की पढ़ाई के लिए रणनीतियों और क्लैट के बाद उन्हें क्या करना चाहिए इस बारे में जानकारी दी जाएगी।
: कांग्रेस सरकार रेल परियोजना को लेकर अपनी जिम्मेदारी से भागती रही: किरण देव
Thu, Dec 7, 2023
जगदलपुर
विधान सभा जगदलपुर के नवनिर्वाचित विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तर को रायपुर रेलमार्ग से जोडने की परियोजना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार रेल परियोजना को लेकर अपनी जिम्मेदारी से भागती रही। आवश्यक पूरी जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई, न ही वन व पर्यावरण की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा। कांग्रेस सरकार की उदासीनता के कारण यह देरी हुई है। केंद्र में भाजपा की सरकार और छत्तीसगढ़ में सरकार बनने जा रही है। दोनों सरकारें मिलकर इस परियोजना को पूरा करेंगी, मैं इस मामले को लेकर सजग रहूंगा।
विधायक किरण देव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने केवल वादाखिलाफी की, विकास को ठप कर दिया। केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचने में बाधाएं खड़ी की। प्रधानमंत्री आवास योजना इसका बड़ा उदाहरण है। कानून व व्यवस्था की स्थिति खराब करके रख दी गई थी। भ्रष्टाचार ने जनता को त्रस्त करके रख दिया था, इन सबसे विरोध में जनता खड़ी हो गई। भाजपा ने मुखर होकर कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और कामों का विरोध किया। इसमें सभी वर्ग ने भाजपा का साथ दिया। विशेषकर युवाओं और हमारी माताओं-बहनों ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने में देरी नहीं की।