: मंत्री कंषाना मुरैना जिले के 6 गाँव का भ्रमण कर किसानों से मिले
Thu, Jan 11, 2024
भोपाल
किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि ओला पीड़ित किसानों की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने बुधवार को मुरैना जिले के सबलगढ़ के 6 गाँवों का भ्रमण कर क्षतिग्रस्त फसलों का जायजा लिया। मंत्री कंषाना ने किसानों को आश्वस्त किया कि 50 प्रतिशत नुकसान पर किसानों को आरबीसी-6 (4) में शत-प्रतिशत मुआवजा दिया जायेगा।
कृषि मंत्री कंषाना ने ग्राम पंचायत सिमरोदा किरार के गयेराम की ओला प्रभावित शत-प्रतिशत क्षतिग्रस्त सरसों की फसल का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि संकट के समय में प्रदेश सरकार उनके साथ है। नुकसान की भरपाई सरकार द्वारा की जायेगी।
कृषि मंत्री कंषाना ने प्रशासनिक अधिकारियों को ओले से प्रभावित सरसों की फसल का मौका-मुआयना कर राहत राशि प्रदान करने की समस्त आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि 9 जनवरी को मुरैना जिले के 12 गाँव ओले से अत्यधिक प्रभावित हुए थे।
विद्युत विभाग के सब इंजीनियर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश
कृषि मंत्री कंषाना ने ग्रामीणों की शिकायत पर विद्युत विभाग के सब इंजीनियर पियूष अतुलकर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। ग्रामीणों ने कृषि मंत्री को शिकायत की कि सब इंजीनियर द्वारा बिजली बिल न भरने पर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। बिजली बिल भी अधिक राशि के दिये जा रहे हैं।
: राजाभोज विमान तल - एयरोड्रम कमेटी की बैठक हुई
Thu, Jan 11, 2024
भोपाल
अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा ने राजाभोज विमान तल-एयरोड्रम कमेटी की अध्यक्षता करते हुए निर्देशित किया कि एयरोड्रम के आसपास सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। बैठक में मैरिज गार्डन्स में लेजर बीम लाइट तथा अधिक ऊँचाई तक जाने वाले पटाखों के चलाने पर संभावित दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की गई। डॉ. राजौरा ने कलेक्टर भोपाल एवं नगर निगम के अधिकारियों को मैरिज गार्डन संचालकों को सेंसिटाइज करने के निर्देश दिये।
बैठक में राजाभोज विमान तल के टर्मिनल भवन की सिटी साइड सुरक्षा तथा यातायात नियंत्रण व्यवस्था एवं भोपाल विमान तल के प्रवेश द्वार से एनएचएआई हाईवे तक नो पार्किंग जोन घोषित किये जाने के लिये ट्रैफिक पुलिस को और प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। बैठक में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स क्षेत्र की ओर विमान तल की सुरक्षा को पुख्ता करने पर भी चर्चा हुई। कैट-II एप्रोच लाइटिंग सिस्टम एवं अन्य स्थानों की बाउण्ड्री वॉल के लिये संबंधित विभागों को समुचित कार्यवाही करने को कहा गया।
एसीएस डॉ. राजौरा ने वैवाहिक समारोहों के दौरान मैरिज गार्डनों एवं अन्य स्थानों पर विमानों के एप्रोच पाथ में लेसर बीम लाइट तथा अधिक ऊँचाई के पटाखों से संभावित दुर्घटनाओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने स्टेट गर्वनमेंट हैंगर की सुरक्षा-व्यवस्था, हवाई-अड्डा से 20 किलोमीटर के एरिया में निर्माण कार्य की अनुमति, ड्रोन, हॉट एयर बलून, माइक्रोलाइट एयरक्रॉफ्ट के अनुमति एवं विमान तल के आसपास अवरोधों पर ऑब्सट्रकशन लाइट लगाने के संबंध में आवश्यक चर्चा कर निर्देश दिये गये।
बैठक में पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह एवं इण्डियन एयरफोर्स, इण्डियन ऑर्मी, सीआईएसएफ, एयर इण्डिया, इण्डिगो सहित एयरपोर्ट कमेटी के विभिन्न सदस्य मौजूद रहे।
: संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय ने प्रबोधन कार्यक्रम को किया संबोधित
Thu, Jan 11, 2024
भोपाल
संसदीय कार्य एवं नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि विधानसभा में विधायक के रूप में निर्वाचित होने के बाद जनता में विश्वास कायम रखना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने नव-निर्वाचित विधायकों से सदन की प्रक्रिया के हर प्लेटफार्म का उपयोग जनहित के मुद्दों को उठाने में किये जाने की बात कही। संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय आज भोपाल में 16वीं विधानसभा के नव-निर्वाचित सदस्यों के प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा में जो भी सदस्य अपना वक्तव्य देता है, उसकी वीडियो क्लीपिंग नाममात्र शुल्क पर सदस्य को उपलब्ध कराये जाने की सुविधा है। नव-निर्वाचित सदस्य इस सुविधा का उपयोग जनता में विश्वास को और मजबूत करने में बेहतर तरीके से कर सकते हैं। उन्होंने नव-निर्वाचित विधायकों से कहा कि प्रत्येक सदस्य के सार्वजनिक जीवन के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में पारदर्शिता का होना जरूरी है। सदन के सदस्य को जनता के बीच लगातार विश्वास को मजबूत करने के लिये प्रयास करते रहना चाहिये।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ की जनता के लिये 230 सदस्यों को सदन के लिये निर्वाचित किया गया है। यह अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदन में शून्य काल और याचिका व्यवस्था की प्रक्रिया के बारे में भी सदस्यों को जानकारी दी। संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि 16वीं विधानसभा में 69 विधायक पहली बार निर्वाचित होकर आये हैं। इन्हें विधानसभा की संदर्भ और लायब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिये।
संसदीय विशेषाधिकार
सांसद एवं सभापति विशेषाधिकार समिति लोकसभा सुनील कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विधायक जब निर्वाचित होकर सदन में पहुँचता है, तो यह जिज्ञासा होती है कि उन्हें क्या-क्या अधिकार हैं। उन्होंने विधायकों को सलाह दी कि वे विशेषाधिकार के साथ-साथ कर्त्तव्यों पर ज्यादा ध्यान दें। उन्होंने सदस्यों को सदन की कार्यवाही में मर्यादित आचरण के साथ पूरे समय मौजूद रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सदन में उनका बेहतर प्रदर्शन उन्हें राज्य के नेता के रूप में पहचान दिलाने में मददगार होता है। सांसद सिंह ने भारत की गरिमापूर्ण लोकतंत्र के इतिहास की जानकारी भी दी। विधानसभा के प्रमुख सचिव ए.पी. सिंह ने संसदीय प्रक्रिया स्थगन, ध्यानाकर्षण और अविलम्ब लोक महत्व की सूचना के महत्व के बारे में सदस्यों को जानकारी दी।