: सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पहुंचे केंद्रीय मंत्री:खिलाड़ियों को किया सम्मानित, अर्जुन मुंडा ने कहा- तीर धनुष हमारी सांस्कृतिक विरासत...
Admin
Wed, Jan 10, 2024रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित 40वीं NTPC सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी फाउंडेशन वर्ग प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन, प्रेसिडेंट ऑफ आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता में सभी राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए।
प्रेसिडेंट ऑफ आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि तीरंदाजी हमें जीवन से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत के रूप में दिखाई देती है। मर्यादा पुरुषोत्तम राम के कंधे पर हो या माता सीता का स्वयंवर, तीर-धनुष हमारी संस्कृति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है।
सत युग से द्वापर और त्रेता युग में जब हम जाते हैं, तो अर्जुन का वह प्रसंग याद आता है कि कैसे उन्होंने मछली की आंख पर निशाना लगाते हुए विजय प्राप्त की। आप लोगों का लक्ष्य अर्जुन की तरह होना चाहिए। जिस तरह अर्जुन का लक्ष्य मछली की आंख को भेदना था, उसी तरह अपना लक्ष्य निर्धारित कर खेल को आगे बढ़ाएं, देश का नाम रौशन करें।
ओलिंपिक एशियाड और खेलो इंडिया खेलो में ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने का लक्ष्य हो, इसी भावना से खेलें। अर्जुन मुंडा ने कहा कि कोई भी हार खेल का अंतिम पड़ाव नहीं होता, बल्कि उससे सीखकर और आगे बढ़ने और जीत का लक्ष्य लिए पूरी शिद्दत से फिर से जुटने का है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीरंदाजी में छत्तीसगढ़ राज्य ने जिस तेजी से अपनी जगह बनाई है, वह प्रशंसनीय है। आने वाला कल आप सभी का है। इसी तरह खेल के मैदान में अपनी दक्षता और योग्यता प्रदर्शित करते रहिए। उन्होंने महाभारत और रामायण काल का स्मरण करते हुए तीरंदाजी को भारत के स्वर्णिम युग से जोड़ा।
वहीं शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बहुत ही खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़ को ये प्रतियोगिता आयोजित करने का मौका मिला है। जूनियर, सब जूनियर 40वीं तीरंदाजी प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की धरती रायपुर में हो रही है, जहां देश भर के बच्चे शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चे इस स्पर्धा में आगे बढ़ें, मैं ऐसी कामना करता हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन