: बिलासपुर संभाग में बारिश का अलर्ट:प्रदेश के कुछ इलाकों में पड़ सकती हैं बौछारें; रायपुर में सुबह से छाए बादल...
Admin
Wed, Jan 17, 2024
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में शीतलहर चल रही है तो वहीं बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार और गुरुवार यानी 18 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई सहित कुछ जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव हो रहा है। इस वजह से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में आने वाले 2 दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य और दक्षिणी क्षेत्र में उत्तर से आने वाली हवाएं कम हो गई हैं। जिससे यहां रात का तापमान बढ़ सकता है।
बलरामपुर सबसे ठंडा
मंगलवार को बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। यहां मंगलवार 5.2 डिग्री रात का तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक गर्म डोंगरगढ़ रहा। यहां अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा। आज प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना है।
MCB जिले में स्कूलों का समय बदला
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में शीतलहर लहर के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब तीन पालियों कक्षाएं लगेंगी। पहली पाली सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक लगेंगी। दूसरी पाली 12.45 से शाम 4.15 तक वहीं एक पाली में संचालित होने वाली शालाएं सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक लगेंगी। कलेक्टर ने आदेश जारी किया है।
दुर्ग में 2 डिग्री गिरा रात का पारा
दुर्ग जिले में दिन में गर्मी का असर रहा। वहीं रात के तापमान में 2 डिग्री गिरावट हुई है। सोमवार को रात का तापमान 15 डिग्री जो मंगलवार को गिरकर 13 डिग्री पहुच गया । मौसम विभाग के मुताबिक अभी मौसम इसी तरह रहने के आसार हैं।
बिलासपुर में रात का पारा 1 डिग्री गिरा
ठंड के बीच बिलासपुर में रात का पारा 1 डिग्री गिरा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा जो मंगलवार को 13 डिग्री रिकार्ड किया गया। दिन का तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया जो औसत तापमान से 1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनो में जिले के एक दो स्थानों पर बारिश की संभावना है।
सरगुजा संभाग में पड़ रही कड़ाके की ठंड
सरगुजा संभाग में पिछले 3 दिनों से न्यूनतम तापमान औसत से 3 से 4 डिग्री कम है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री रहा, जो औसत से 3 डिग्री कम था। वही बलरामपुर में रात का पारा 5.2 डिग्री रिकार्ड किया गया ।
मंगलवार को ऐसा रहा अधिकतम तापमान
- मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री रहा।
- दुर्ग का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
- बिलासपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहा।
- पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री ।
- अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
- जगदलपुर का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री दर्ज किया गया
विज्ञापन
विज्ञापन