: सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में डॉ. श्वेता अग्निवंशी का व्याख्यान किया गया आयोजित
Admin
Tue, Feb 21, 2023
रमेश बत्रा
तिल्दा नेवरा | छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर तथा राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2023 कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनाँक 21 फरवरी 2023 को सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, कोहका नेवरा में डॉ. श्वेता अग्निवंशी का व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने अपने व्याख्यान में बताया कि पर्यावरण से संबंधित समस्याएं आज मुख्य वैश्विक समस्याओं में से एक है। उन्होंने सौर ऊर्जा के उपयोग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्राकृतिक ऊर्जा स्त्रोत है एवं प्रचुरता में उपलब्ध है। इसके उपयोग से पर्यावरण प्रदूषित होने से बचता है अतः सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने एल.ई.डी. बल्ब के उपयोग पर भी ज़ोर दिया। अपने व्याख्यान में उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के सीमित उपयोग पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने सभी से जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए रिड्यूस, रियूज़ और रिसायकल की नीति अपनानी होगी। प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन गया है। हमें प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचना चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक थैली, डिस्पोजेबल ग्लास, कटोरी, प्लेट जैसी एक बार उपयोग होने वाली प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जल संरक्षण की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस तरह ईंधन की बचत कर एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग कर वायु प्रदूषण को कम किया जा सकता है। उन्होंने भारतीय परंपराओं की वैज्ञानिकता को भी कई उदाहरणों के माध्यम से समझाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के भी जवाब दिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ आशीष कुमार आसटकर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ राकेश देढ़गवें के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ आर डी दीवान, डॉ गीता गुप्ता, डॉ संध्या लांजेवार, श्रीमती संगीता बंजारे, श्री दिनेश कुमार बंजारे, सहित छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन