: आयुक्त निःशक्तजन कल्याण ने बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन, थानों का निरीक्षण कर दिव्यांगजन सुविधा बढाने के दिए निर्देश
Admin
Fri, Jul 28, 2023
भोपाल
निःशक्तजन कल्याण आयुक्त संदीप रजक ने गुरूवार को अनूपपुर मे थाना अजाक, थाना कोतवाली, बस स्टैण्ड तथा रेलवे स्टेशन क्षेत्र का भ्रमण कर निःशक्तजन कल्याण के लिए रैम्प, पेयजल, शौचालय आदि सुविधाओं का जायजा लिया। रजक ने अजाक थाना भवन में दिव्यांगों के लिए उनकी सुविधाओं से संबंधित जानकारी सूची का प्रदर्शन तथा दिव्यांगजनों से दुव्यर्वहार करने वालों के विरूद्ध प्रावधान के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना कोतवाली के निरीक्षण के दौरान दिव्यांगजनों हेतु सुविधाओं की उपलब्धता के साथ ही थाना परिसर में स्थापित महिला डेस्क में रैम्प बनाने तथा थाने में दिव्यांगों के लिए प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की जानकारी का फ्लैक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग शिकायतकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार, आवश्यक सहयोग, बाधारहित सुविधाएँ, पेयजल आदि की सुविधाएँ सुनिश्चित करें।
बस स्टैण्ड के निरीक्षण के दौरान रजक ने बसों का जायजा लिया। विकलांगों के लिए 50 प्रतिशत छूट संबंधी जानकारी का प्रदर्शन बसों में नही पाए जाने पर आरटीओ को बसों में दिव्यांगों के लिए सीटों के आरक्षण तथा 50 प्रतिशत छूट की जानकारी प्रदर्शित करने बसों के स्टॉफ को निःशक्तजन कल्याण के लिए परिवहन आयुक्त द्वारा जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैण्ड में साफ-सफाई तथा सुलभ काम्पलेक्स में रैम्प के बेहतर निर्माण, गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही करने तथा सामाजिक संगठनों, व्यापारियों के सहयोग से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
आयुक्त ने रेलवे स्टेशन में निःशक्तजन सुविधाओं का लिया जायजा
आयुक्त रजक ने नागरिकों के द्वारा अनूपपुर रेलवे स्टेशन में निःशक्तजन के लिए फुट ओव्हर ब्रिज नही होने तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी दिए जाने पर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अनूपपुर रेलवे स्टेशन का भ्रमण कर जायजा लिया और निःशक्तजन की सुविधाओं के लिए निर्धारित मानक के रैम्प के निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनूपपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक, जीआरपी, आरपीएफ स्टॉफ भी उपस्थित थे।
आयुक्त रजक ने प्लेटफार्म क्रमांक 1 से 2 में जाने वाले फुट ओव्हर ब्रिज के मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द कराकर यात्री सुविधाओं को बहाल करने को कहा। उन्होंने निःशक्तों के लिए आरपीएफ थाने में, जीआरपी थाने में रैम्प के निर्माण के निर्देश दिव्यांग शौचालय तथा जीआरपी चौकी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने जीआरपी चौकी में चौकी प्रभारी के लिए चौकी उपलब्धता के निर्देश भी दिए जिससे दिव्यांगजन सहजता से अपनी समस्याएँ चौकी प्रभारी को अवगत करा सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन