: छत्तीसगढ़ में 65 हजार बस-ट्रक ड्राइवर्स की हड़ताल:रायपुर में कई पदाधिकारियों को उठा ले गई पुलिस...
Admin
Wed, Jan 10, 2024
छत्तीसगढ़ में ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर 65 हजार से अधिक बस-ट्रक चालक बुधवार से फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। रायपुर में मंगलवार देर रात कई पदाधिकारियों को पुलिस उठाकर ले गई। उन्हें सिविल लाइन थाने में रखा गया है। वहीं प्रदर्शनकारी राजनांदगांव, गरियाबंद और देवभोग में सड़क पर उतर नारेबाजी कर रहे हैं।
संघ के रायपुर जिला अध्यक्ष चंपी छुरा के मुताबिक संगठन के बाकी ड्राइवर शहर के मंदिर हसौद, तेलीबांधा टाटीबंध जैसे जगह में शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन करेंगे। बहुत से ड्राइवर ने अपने मालिकों को मंगलवार को ही चाबी सौंप दी थी। वहीं कुछ ड्राइवर बुधवार को अपने मालिकों को चाबी थमा कर आंदोलन करेंगे।
बता दें कि ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर 65 हजार से अधिक बस-ट्रक चालक बुधवार से फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आंदोलन को छत्तीसगढ़ हाईवा परिवहन संघ ने भी समर्थन दिया है। ड्राइवर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सेन के मुताबिक सरकार ने ट्रांसपोर्टर से बात की, हमसे नहीं; इसलिए हिट एंड रन कानून को वापस लिया जाना चाहिए।
कानून वापस नहीं लेने पर तय थी हड़ताल
सेन ने बताया कि दिल्ली में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट से सरकार ने बात की है। जबकि जिन ड्राइवर के लिए कानून बनाया गया है, उनसे किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है। जिस समय देश भर में ड्राइवर हड़ताल पर थे। उस दौरान 28 राज्य के ड्राइवर यूनियन भी दिल्ली में जंतर मंतर पर आंदोलन करने गए थे।
महासंगठन के उप महासचिव अभिराम क्षत्रीय ने बताया की केंद्र सरकार ने कानून के संबंध में जो बातचीत की है वह ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से की थी। ट्रांसर्पोटर खुद ड्राइवर का शोषण करते हैं। ड्राइवर की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है। उन्होंने कहा कि, ऐसे में ड्राइवर के दुख-दर्द और परेशानियों को कोई और नहीं बल्कि ड्राइवर ही समझ सकता है।
छत्तीसगढ़ में सोमवार से बस और ट्रक ड्राइवर हड़ताल पर चले गए। इसके चलते अधिकतर जिलों में बसों और ट्रकों के पहिए थमे रहे। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, जगदलपुर सहित अन्य जिलों में स्टैंड से बसें नहीं निकली हैं। वहीं हाईवे पर ट्रक खड़ा कर चालकों ने जाम लगा दिया। इस बीच अगर पेट्रोल-डीजल, LPG की सप्लाई रुकती है तो कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन