नशा विरोधी' मुहिम : तिल्दा पुलिस की 'नशा विरोधी' मुहिम: 2.5 किलो से अधिक गांजा जब्त, 2 गिरफ्तार
तिल्दा पुलिस ने अपनी 'नशा विरोधी' मुहिम के तहत आज तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 किलो 568 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस मामले में शंकर घृतलहरे (24) और कुंवर बाई घृतलहरे (55) नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
तिल्दा-नेवरा थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक अरुण कुमार भोई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और एक लड़का ओडिशा से ट्रेन द्वारा तिल्दा-नेवरा आ रहे हैं और उनके पास अवैध गांजा है, जिसे वे सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे से सांकरा की ओर ले जाने की फिराक में हैं।
सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक महिला और एक लड़का तेजी से रेलवे पटरी से ओवरब्रिज की ओर आते दिखाई दिए और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शंकर घृतलहरे और कुंवर बाई घृतलहरे बताया। उनके पास मौजूद प्लास्टिक थैलों की तलाशी लेने पर उनमें सफेद पॉलीथीन में भरा हुआ गांजा मिला। आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर बेचने के लिए अपने गांव सांकरा ले जा रहे थे।
जब्त गांजे का वजन करने पर शंकर घृतलहरे के पास से 1 किलो 281 ग्राम और कुंवर बाई घृतलहरे के पास से 1 किलो 287 ग्राम गांजा मिला, जिसका कुल वजन 2 किलो 568 ग्राम है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 20,000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट कायम कर आगे की विवेचना कार्यवाही शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई तिल्दा पुलिस की नशा के खिलाफ चल रही मुहिम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

विज्ञापन
विज्ञापन