: छत्तीसगढ़ की झांकी में शामिल कलाकारों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
Mon, Jan 29, 2024
बस्तर.
छत्तीसगढ़ की झांकी बस्तर के आदिम जनसंसद मुरिया दरबार में शामिल लोक कलाकारों ने आज रविवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने प्रदेश की झांकी और सभी कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना की। राष्ट्रपति से मुलाकात करने राष्ट्रपति भवन पहुंचे कलाकारों ने भी इस खास मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इस बार गणतंत्र दिवस की परेड देश की नारी शक्ति को समर्पित है।
देश के विभिन्न राज्यों की झांकियों में विकसित और सशक्त भारत की झलक दिखी। छत्तीसगढ़ की झांकी में लोकतंत्र की जननी विषय पर जनजातियों की आदिम संसद का प्रदर्शन किया गया था। इससे देश के अन्य राज्यों को भी जनजाति समाज की परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी मिली होगी। लोकतंत्र की आदिम व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका को भी इस झांकी में प्रमुखता से दिखाया गया था। राष्ट्रपति ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में भारत की अनेकता में एकता का दर्शन देश-दुनिया ने किया है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार एक-दूसरे राज्यों के रीति-रिवाज और वहां के सांस्कृतिक वैभव से परिचित हुए होंगे। छत्तीसगढ़ की अपनी अलग पहचान और विशिष्ट परंपराएं हैं जिसके बारे में देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी जानकारियां मिली होंगी।
आप सब कलाकारों ने अन्य राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों से बहुत कुछ सीखा होगा। राष्ट्रपति मुर्मु ने कलाकारों से कहा कि भारत की संस्कृति दुनिया के लिए एक मिसाल बने इसके लिए हमें सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ी को सौंपना होगा, यह दायित्व आप सब पर है।
: Bilaspur: निलंबित प्रिंसिपल को पुलिस ने हिरासत में लिया
Mon, Jan 29, 2024
बिलासपुर.
बिल्हा विकास खंड स्थित भरारी प्राथमिक स्कूल में पदस्थ निलंबित प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत के बाद अब मुकदमा किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने निलंबित प्रधानाध्यापक का पहले तो पुतला दहन किया, फिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले को गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना पुलिस ने धारा 153ए, 295ए के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि बीते 22 जनवरी को मोहतराई गांव में शासकीय प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक रतनलाल सरोवर बच्चों को हिंदू देवी-देवताओं को न मानने और न ही पूजा करने की प्रतिज्ञा दिला रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में आने के बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया था। विश्व हिंदू परिषद समेत बजरंग दल ने थाने में शिकायत दर्ज की थी। रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
: Chhattisgarh: ट्रैक्टर में लाया गया 136 बोरी अवैध धान जब्त
Mon, Jan 29, 2024
रायगढ़.
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अंतिम तिथि पास आते ही कोचियों के द्वारा पड़ोसी प्रांत ओडिशा से अवैध धान लाकर खपाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार रात रायगढ़ जिले की लैलूंगा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ओडिशा से ट्रैक्टर में लाई जा रही 136 बोरी धान को जब्त किया है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात लैलूंगा थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली।
सूचना मिली कि ग्राम मुडापारा नारायणपुर का करन यादव ओडिशा से ट्रैक्टर में धान लेकर कोड़ामई के रास्ते गांव आ रहा है। इस सूचना के आधार पर मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ कोड़ामई रास्ते पर नाकेबंदी कर संदेही को ट्रैक्टर को धान लाते हुए पकड़ा। ट्रैक्टर में 40-40 किलो के 136 बोरी धान कुल वजन 54 क्विंटल का रखा हुआ मिला। धान के संबंध में पूछताछ पर वाहन चालक करन यादव (19) पुत्र पितांबर यादव निवासी मुडापारा नारायणपुर थाना लैलूंगा ने ओड़ीशा से धान लाना स्वीकार किया। थाना प्रभारी द्वारा अनावेदक ट्रैक्टर चालक करन यादव पर धारा 102 सीआरपीसी के तहत कार्यवाही कर अनुविभागीय अधिकारी लैलूंगा के न्यायालय में इस्तगाशा पेश किया है और पृथक से खाद्य विभाग को सूचना दी गई है। कार्यवाही में थाना प्रभारी लैलूंगा निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक परमेश्वर नाथ पैकरा आरक्षक भूपेश राठिया और हेलारियुस तिर्की शामिल थे।