: प्रताप सिम्हा बोले - जनता तय करेगी मैं देशभक्त हूं या गद्दार
Sun, Dec 24, 2023
मैसरु (कर्नाटक).
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य प्रताप सिम्हा ने संसद सुरक्षा चूक के मामले पर रविवार को कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान जनता तय करेगी कि वह देशभक्त हैं या गद्दार। उन्होंने कहा कि वह घटना और जांच में कोई भी नई चीज नहीं जोड़ना चाहते। सिम्हा ने कहा कि उन्होंने सब कुछ भगवान और अपने प्रशंसकों पर छोड़ दिया है, जो यह तय करेंगे कि उनके खिलाफ लगाए कथित 'देशद्रोह' के आरोप सही हैं या नहीं। तेरह दिसंबर को लोकसभा सदन में कूदने लगाने वाले प्रदर्शनकारी सिम्हा के कार्यालय द्वारा जारी पास लेकर संसद में घुसे थे और उन्होंने सदन में 'कैन' से धुआं छोड़ा था।
भाजपा सांसद ने कहा, ''प्रताप सिम्हा गद्दार है या फिर देशभक्त, इसका फैसला मैसुरु की पहाड़ियों पर विराजमान मां चामुंडेश्वरी, ब्रह्मागिरी पर विराजमान मां देवी कावेरी, पिछले 20 वर्षों से मेरी लिखी किताबें पढ़ रहे कर्नाटक के मेरे प्रशंसक, पिछले साढ़े नौ वर्षों से मेरा काम देख रही मैसुरु व कोडगु की जनता, देश, धर्म और राष्ट्रवाद से संबंधित मुद्दों पर मेरे आचरण पर अप्रैल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पड़ने वाले वोट तय करेंगे।''
सिम्हा को 'गद्दार' बताने वाले पोस्टर से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''वे (जनता) ही एकमात्र फैसला सुनाएगी। वे तय करेंगे कि मैं देशभक्त हूं या नहीं। मैंने उनके फैसले पर सबकुछ छोड़ दिया है। मुझे इसपर कुछ और नहीं कहना।'' कांग्रेस और कुछ अन्य संगठनों ने संसद की सुरक्षा में चूक की घटना के बाद सिम्हा के खिलाफ प्रदर्शन किया था। घटना और क्या पुलिस द्वारा उनका बयान दर्ज किया गया, इसे लेकर पूछे गए सवाल पर सिम्हा ने कहा, ''मुझे जितना कहना था मैंने कह दिया। मुझे इस मुद्दे पर अब और कुछ नहीं कहना।''
: भारतीय अधिकारी बोले - 'एमवी साईबाबा' भारतीय ध्वज वाला पोत नहीं
Sun, Dec 24, 2023
नई दिल्ली.
दक्षिणी लाल सागर में कथित तौर पर ड्रोन हमले की जद में आया 'एमवी साईबाबा' नामक तेल टैंकर भारतीय ध्वज वाला पोत नहीं है। भारतीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह स्पष्टीकरण अमेरिकी सेना की मध्य कमान द्वारा तेल टैंकर को भारतीय ध्वज वाला पोत बताए जाने के बाद आया है।
अधिकारियों ने कहा कि एमवी साईबाबा एक गैबॉन-ध्वज वाला पोत है और इसे 'भारतीय पोत रजिस्टर' से प्रमाणन प्राप्त हुआ है। दुनिया भर के पोत विभिन्न देशों में पंजीकरण प्रमाणन प्राप्त कर सकते हैं। अमेरिकी मध्य कमान ने कहा है कि दक्षिणी लाल सागर में यमन के हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमलों की चपेट में आए दो पोत में से एक भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर भी है।
कमान की ओर से जारी बयान मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रात करीब आठ बजे अमेरिकी नौसेना बल की मध्य कमान को दक्षिणी लाल सागर में दो पोत से रिपोर्ट मिली कि उन पर हमला किया गया है। बयान के मुताबिक, नॉर्वे के ध्वज वाले तेल टैंकर 'एम/वी ब्लामानेन' ने हूती विद्रोहियों के ड्रोन द्वारा उन्हें निशाना बनाए जाने की सूचना दी है, जिसमें किसी के घायल होने या क्षति की सूचना नहीं है।
इसके मुताबक, भारतीय ध्वज एवं गैबॉन के स्वामित्व वाले एक अन्य तेल टैंकर 'एम/वी साईबाबा' ने भी उस पर ड्रोन हमले की सूचना दी। इस हमले में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एक भारतीय अधिकारी ने स्पष्ट कि, ''यह गैबॉन के ध्वज वाला पोत है।''
: कश्मीर: सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या
Sun, Dec 24, 2023
श्रीनगर.
जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में रविवार तड़के आतंकवादियों ने एक सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने मस्जिद में अज़ान पढ़ते समय गैंटमुल्ला पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौत हो गयी। हमले के लिए जिम्मेदार अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। सेवानिवृत्त अधिकारी की पहचान मोहम्मद शफ़ी के रूप में हुई है। वह लगभग एक दशक पहले सेवानिवृत्त हो गए थे।