: CG में कर्मचारियों को नवरात्रि से पहले दीवाली बोनस की सौगात, जानिए मिलेंगे कितने रुपए
Tue, Oct 10, 2023
कोरबा
इसी महीने के 15 तारीख से मां दुर्गा का पावन पर्व शुरू होने जा रहा है। लेकिन इससे पहले SECL प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दे दी है। प्रबंधन ने कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। बोनस के लिए प्रबंधन ने 322 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। त्योहार से पहले बोनस मिलना कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात से कम नहीं है। बात करें कर्मचारियों के खाते में आने वाली रकम की तो हर कर्मचारी के खाते में कम से कम 85 हजार रुपए जमा होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार SECL पिछले 12 वर्षों में कर्मचारियों के बोनस में पांच गुना की बढ़ोतरी की है। वर्ष 2010 में कर्मचारियों को 17 हजार रुपए बोनस मिले थे, वहीं पिछले वर्ष बोनस की राशि 76,500 रुपए रही। बता दें कि कोल इंडिया (सीआइएल) एवं अनुषांगिक कंपनियों समेत सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) के कामगारों का बोनस तय करने के लिए नई दिल्ली में बैठक आयोजित की गई थी, इसमें कोल इंडिया प्रबंधन व यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अगर पूरे कोल इंडिया की बात की जाए तो यहां दो लाख 17 हजार 429 कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों के मध्य 1800 करोड़ से अधिक की राशि का वितरण किया जाएगा। एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डा सनीश चंद्र ने बताया कि सभी कर्मचारियों को बोनस का भुगतान विजयदशमी त्योहार से पूर्व कर दिया जाएगा।
कोयला कर्मियों को अक्टूबर माह में मिलने वाला सितंबर माह के वेतन भुगतान में कोल इंडिया ने रोक लगा दी थी। सभी संबधित कंपनियों को लिखे पत्र में कहा गया था कि आगामी आदेश तक न तो वेतन भुगतान किया जाए और नहीं उसकी गणना कर वेतन पर्ची निकाली जाए। केवल हाजिरी दर्ज किया जाए। इसके साथ ही कर्मियों का वेतन भुगतान रूक गया था। सोमवार कोल इंडिया प्रबंधन व श्रमिक संघ प्रतिनिधियों के मध्य बैठक हुई। इसमें प्रबंधन ने कोयला कर्मियों को 11 वां वेतनमान की दर से ही सितंबर माह का वेतन अक्टूबर में एक-दो दिन के अंदर भुगतान करने की बात कही। इसके साथ ही श्रमिक संघ ने प्रस्तावित हड़ताल टाल दी।
: कार ओवरटेक करने पर नेशनल हाईवे पर चले लात-घूंसे, 10 गिरफ्तार
Tue, Oct 10, 2023
रायपुर.
पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। राजधानी रायपुर के जोरा ओवरब्रिज के पास दो गुटों के बीच सरेराह नेशनल हाईवे पर जमकर मारपीट की गई। दोनों पक्ष के युवक-युवतियों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए। काफी देर तक नेशनल हाईवे पर ये तमाशा चलता रहा। इस मारपीट का वीडियो सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद रायपुर पुलिस हरकत में आई और मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना तेलीबांधा थाने क्षेत्र की है।
तेलीबांधा पुलिस ने तीन कारों को जब्त किया है। उक्त आरोपी घटना के बाद इमलीडीह में छिपे हुए थे, जिन्हे पुलिस टीम ने पतासाजी कर गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी वाहन चालक शराब पी रखे थे, जिस पर मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई और एक स्विफ्ट डिजायर वाहन क्रमांक MP 18 CA 0965 और एक स्विफ्ट वाहन क्रमांक CG 04 HX 9519 भी जब्त किया गया है। इसी तरह दूसरे प्रकरण में प्रार्थिया रावरी भारती के साथ मारपीट और दांत से काट कर चोट पहुंचाये जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 644/23 धारा 294,323,506,34 भादवि दर्ज कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वाहन चालक के शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए जाने पर मामले में मोटर व्हीकल की धारा 185 भी जोड़ी गई है। एक वाहन क्रमांक CG 04 NF 3400 भी जब्त किया गया है।
बताया जाता है कि नशे की हालत में पार्टी करने के बाद युवक तेज रफ्तार से कार चला रहे थे। इस दौरन ओवरटेक करने पर बवाल हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान युवक एक दूसरे पर लात घूंसे बरसाते रहे। वीडियों में लड़कियां भी मारपीट और बीच बचाव करती दिख रही हैं। रायपुर में दो दिन के भीतर मारपीट की ये दूसरी घटना है। पुलिस लगातार आपराधिक घटनाएं कम होने का दावा करती रहती है पर जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
आकाश शर्मा
राहुल वैष्णव
गौतम सिंह राजपूत
रवरी भारती
आसिमा लाल
अपूर्व भट्टाचार्य
अजय महापात्र
शैलेश इशरानी
डिंपल ईसरानी
आकाश सचदेव
: 55 दिन में मिल जाएगी नई सरकार
Tue, Oct 10, 2023
रायपुर.
चुनाव परिणामों की घोषणा तीन दिसंबर को होगी। ऐसे में आज से 55 दिन बाद प्रदेश को नई सरकार मिल जाएगी। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को तीन बार न्यूज पेपर में अपनी जानकारी विज्ञापित करानी होगी।
चुनाव आयोग ने सोमवार को छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में सात नवंबर और दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की घोषणा तीन दिसंबर को होगी। ऐसे में आज से 55 दिन बाद प्रदेश को नई सरकार मिल जाएगी। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को तीन बार न्यूज पेपर में अपनी जानकारी विज्ञापित करानी होगी। वहीं राजनीतिक दलों को भी बताना पड़ेगा कि ऐसे प्रत्याशियों को टिकट देने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था।
1. चुनाव का कार्यक्रम क्या है?
छत्तीसगढ़ में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में सात नवंबर और दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की घोषणा तीन दिसंबर को होगी।
2. कितने मतदाता वोट डालेंगे?
विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने अंतिम मतदाता सूची जारी करते हुए बताया कि राज्य में वर्तमान में 18 से 22 आयुवर्ग के फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या 18 लाख 68 हजार 636 है, जो छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में पहली बार मतदान करेंगे। इसमें 18 से 19 आयुवर्ग में सात लाख 23 हजार 771 मतदाता पंजीकृत है। प्रारंभिक प्रकाशन में 18-19 आयुवर्ग के कुल मतदाता चार लाख 25 हजार 698 थे, इस प्रकार आयुवर्ग में पुनरीक्षण अवधि के दौरान कुल दो लाख 98 हजार 073 मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में कुल वोटर्स की संख्या दो करोड़ तीन लाख 60 हजार 240 है, जिसमें एक करोड़ एक लाख 20 हजार 830 पुरुष और एक करोड़ दो लाख 39 हजार 410 महिला मतदाता हैं। इसमें थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 790 है। वहीं दो लाख 90 हजार 874 नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
3. कितनी सीटों पर चुनाव, इनमें कितने आरक्षित?
छत्तीसगढ़ में विधानसभा सीटों की बात करें तो छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटें हैं, इसमें से 39 सीटें आरक्षित हैं, 29 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 10 अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। 51 सीट सामान्य हैं। प्रदेश की कुल आबादी में 32 फीसदी आदिवासी वर्ग यानी की अनुसूचित जनजाति से हैं। 13 फीसदी आबादी एससी यानी की अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं और सबसे बड़ा जनाधार जो की 47 फीसदी हैं वह ओबीसी वर्ग से है।
4. वोट डालते समय कौन-कौन सा पहचान पत्र दिखा सकेंगे?
अगर आपका नाम मतदाता सूची में है, और मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो बिल्कुल घबराइए मत। आप मतदाता पहचान पत्र न होने के बावजूद मतदान कर सकते हैं। बशर्ते, चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई लिस्ट में शामिल आईडी में से कोई भी एक-दो आईडी आपके पास हो। चूंकि ये सामान्य बात है कि आज कल तमाम तरह की आईडी लोगों के पास होती है। ऐसे में आपके पास पासपोर्ट है, तो ये हर मर्ज की दवा है। मतदान केंद्र पर जाइए पासपोर्ट दिखाइए और मतदान करके सबसे बड़े त्योहार का हिस्सा बन जाइए। आप ड्राइविंग लाइसेंस का भी इस्तेमाल मतदान के दौरान कर सकते हैं। ड्राइविंग लाइसेंस आपकी पहचान स्थापित करता है, जिसकी वजह से मतदाता पहचान पत्र न होने के बावजूद आप अपना वोट डाल सकते हैं ।
5. मतदान केंद्र कितने होंगे?
छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों के लिए 24,109 मतदान केन्द्रों में प्रदेश की जनता मतदान करेगी। जिनमें शहरी मतदान केंद्र - चार हजार 851, ग्रामीण मतदान केंद्र- 19 हजार 258, औसत मतदान केंद्र- 844 हैं।
6. बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए क्या एलान हुआ?
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि विधानसभा चुनाव में बुजुर्ग और दिव्यांग घर से ही मतदान कर सकेंगे।
7. मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल कब खत्म हो रहा है?
छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को खत्म होगा. पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था. इस चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।
8. 90 मिनट पहले होगा मॉक पोल
मतदान से 90 मिनट पहले मॉकपोल होगा। मॉक पोल की प्रक्रिया 90 मिनट पहले शुरू की जाएगी। इस दौरान मतदान किया जाएगा। इसे फिर डिलीट करना है। उसके बाद पेटी से पर्ची निकालकर उस पर मॉक पोल का मोहर लगाकर काले लिफाफे में रखकर प्लास्टिक के बॉक्स में पिंक पेपर से सील करना है। जिसके बाद पीठासीन पदाधिकारी मॉक पोल का सर्टिफिकेट देंगे जिस पर तृतीय मतदान पदाधिकारी को भी हस्ताक्षर करना आवश्यक है।
9. प्रत्याशियों को आपराधिक मामलों की जानकारी देनी होगी
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि आपराधिक छवि के उम्मीदवार को स्वयं और राजनीतिक दल को सूचना जारी करनी होगी।
10. कोरोना को लेकर भी कोई एलान है क्या?
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छत्तीसगढ़ में दो फेज में सात और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके अलावा कोरोना को लेकर कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।