: बीजेपी के पास मेरे खिलाफ चेहरा ही नहीं : भूपेश
Mon, Oct 16, 2023
राजनांदगांव.
छत्तीसगढ़ में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अपने 30 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पाटन से सीएम भूपेश बघेल का नाम और दुर्ग ग्रामीण से गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू शामिल हैं। सूची जारी होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र कुम्हारी में स्थित महामाया मंदिर पहुंचकर दर्शन किया और महामाया माता से अपनी जीत की कामना की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ राजनांदगांव के कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने देवी दर्शन के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नवरात्रि के पहले दिन कांग्रेस के 30 प्रत्याशियों की सूची जारी हुई है जिसमें सभी प्रत्याशी की जीत निश्चित है। बहुत लोग कयास लगा रहे थे की मैं दूसरी सीट से चुनाव लडूंगा लेकिन पाटन की जनता का विश्वास और भरोसा मेरे साथ है। इस समय कांग्रेस के कार्यकर्ता तो चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन प्रदेश के किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं भी चुनाव लड़ रही है। बीजेपी में रमन सिंह कोई चेहरा नहीं हैं लेकिन भाजपा के उम्मीदवारों की जो सूची जारी हुई। जो टिकट बांटा गया है उसे रमन सिंह ने बांटा है। रमन सिंह के पीछे अमन सिंह और अमन सिंह के पीछे अडानी के इशारे पर टिकट बांटी गई है।
वहीं आठ विधायकों का टिकट काटे जाने पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी होती है लेकिन सभी लोगों को मना लिया जाएगा। वहीं काटे गए विधायक को पार्टी में जिम्मेदारी दी जाएगी और सरकार आने पर पर भी जिम्मेदारी दी जाएगी और उनके अनुभव का लाभ लेंगे।
: कांग्रेस की पहली सूची पर तकरार
Mon, Oct 16, 2023
रायपुर.
कांग्रेस की पहली सूची जारी होने के बाद बाद बीजेपी और कांग्रेस में जमकर जुबानी तकरार चल रही है। जमकर आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं। सूची पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जैसे ही कांग्रेस की लिस्ट जारी हुई बीजेपी के बयानों से लग रहा है कि उन्होंने हार मान ली है। योग्य उम्मीदवार, मजबूत उम्मीदवार और लोकप्रिय उम्मीदवार सभी वर्ग का ख्याल रखा गया है। हमारी सूची में हर वर्ग के लोगों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। हमने लक्ष्य निर्धारित किया है अबकी बार 75 पार इसी पर काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा करते हुए किया कि ये मानकर चलिए कि हमारे 30 विधायक चुनाव जीत गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जो हमारा लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसके पीछे का एक बड़ा कारण है कि 5 साल से मुख्यमंत्री ने जो काम किए हैं और इस वजह से हम जनता के बीच में जा रहे हैं। जनता हमारा साथ देगी इस बात का हमें विश्वास है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के तारीख पर तारीख देने के बाद लिस्ट जारी करने के सवाल पर कहा कि ये साव की बौखलाहट बता रही है। बीजेपी और वो बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। उनकी सूची में क्या है। आरोप लगाते हुए कहा कि 15 साल तक शोषण करने वाले, जनता को अपमानित करने वाले, छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और कुशासन करने वाले, नान घोटाला समेत कई घोटालों के आरोपियों को प्रत्याशी बनाया गया है। ऐसे में बीजेपी के नेता कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। आठ विधायकों के टिकट काटने के सवाल पर कहा कि बीजेपी बौखलाई हुई है। उसके पास मुद्दे नहीं बचे हैं। किसान, महिलाएं, आदिवासी खुश हैं। हर वर्ग के लोग खुश हैं।
वीआईपी विधानसभा सीट राजनांदगांव से पूर्व सीएम रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन को टिकट देने के सवाल पर कहा कि गिरीश देवांगन राजनांदगांव में संगठन पुरुष हैं । छत्तीसगढ़ में पिछले कई सालों से वो संगठन के लिए काम कर रहे हैं। एक-एक कार्यकर्ता को वह जानते हैं। किसानों को समझते हैं। ऐसे में राजनांदगांव की लड़ाई किसान बनाम शोषण की है। रायपुर सांसद सुनली सोनी के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि सुनील सोनी वृद्ध हो चुके हैं। हमारी सूची में 50% युवाओं को मौका दिया गया है।
दूसरी ओर रायपुर सांसद सुनील सोनी पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की जो लिस्ट जारी की गई है, यह भूपेश बघेल की टीम है। इसमें नए कितने हैं? कांग्रेस बीजेपी पर सवाल खड़ा करती है, लेकिन उन्होंने उन्हीं लोगों को क्लीयर किया है जो भूपेश बघेल की टीम में है। लिस्ट में 20% नए लोगों को मौका नहीं दिया गया है। कांग्रेस को जो वास्तविक लीडर खड़ा किए हैं, वो लोग हताश है। नाराज हैं। ऐसे में सभी चाहते हैं कि एक अच्छी सरकार बने। यह उनका सपना है। कांग्रेस के 75 प्लस के सवाल पर कहा कि यह उनका अहंकार है। जब अहंकार और घमंड हो जाता है तो उसे घमंड को तोड़ना छत्तीसगढ़ की तासीर में रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक शांति का टापू रहा है पर कांग्रेस ने इसे अशांति का टापू बना दिया है। आज माता -बहनों की इज्जत सलामत नहीं है। दिनदहाड़े व्यापारियों को गोली मार दी जाती है। चाकूबाजी हो रही है। लोग दहशत में जी रहे है। यह अहंकारी सरकार अपराधियों को संरक्षण देने वाली है। इसलिए सरकार का घमंड नवंबर में टूटने वाला हैं। शराबबंदी के सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाई थी शराबबंदी करेंगे। इसीलिए बीजेपी इस मुद्दा को उठा रही है।
: पुराने विवाद ने ली युवक की जान
Mon, Oct 16, 2023
कोरबा.
शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। शातिर बदमाश अपने एक साथी के साथ दवाई लेने गए युवक को नहर पुल की ओर ले गया, जहां किसी बात को लेकर हुए विवाद पर युवक के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। घटना में गंभीर युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुराने विवाद को लेकर हुआ हमला
घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र में रात करीब 12:30 बजे घटित हुई। बताया जा रहा है कि भैंस खटाल निवासी शुभम साहू दवाई लेने गया था, जहां उसकी मुलाकात ढोढ़ीपारा में रहने वाले रिक्की यादव और प्रभाकर से हुई। दोनों बदमाश शुभम को अपने साथ बस्ती के समीप ही स्थित नहर पुल की ओर ले गए। जहां किसी बात को लेकर हुए विवाद पर रिक्की और प्रभाकर ने शुभम के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
युवक की अस्पताल में मौत
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। इसकी जानकारी बस्तीवासियों ने पुलिस को दी। पुलिस चौकी प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। जहां युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रभाकर को दबोच लिया।
आरोपियों की तलाश हुई तेज
गौरतलब है कि इससे पहले ढोढ़ी पारा में ही रहने वाले एक बदमाश ने कोहड़िया बरपारा निवासी किशोर की चाकू गोदकर हत्या की थी। बहरहाल, पुलिस फरार आरोपी रिक्की की सरगर्मी से तलाश कर दी है।