: बैंक से लेन-देन पर चुनाव आयोग की पैनी नजर
Wed, Oct 18, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने कई जरूरी निर्देश जारी जारी किए हैं। प्रदेश में चुनाव को शांतिपूर्वक करने के लिए रायपुर कलेक्टर ने बैंकर्स की बैठक ली है। चुनावी समय में बैंक खाताओं में होने वाले संदेहास्पद लेन-देन पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। इसके साथ ही ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से भी होने वाले लेन-देन पर कड़ी नजर रहेगी। रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले के बैंकिंग संस्थाओं की बैठक ली है।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन के दौरान चुनाव प्रत्याशियों का जीरो बैलेंस खाता खोला जाए। चुनाव के समय बैंक खाताओं से होने वाले संदेहास्पद लेन-देन, किसी खाते से अधिक संख्या में पैसे की निकासी और एक ही दिन में अलग-अलग नाम से निकासी की सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि लेन-देन की सभी रिकॉर्डिंग को सीसीटीवी में सेव किया जाए। इसके साथ ही ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से होने वाले लेन-देन की भी निगरानी की जाए। किसी बैंक खाता यूपीआई के माध्यम से लगातार कैश ट्रांजेक्शन किया जा रहा है या किसी बैंक खाता जिस पर काफी समय से लेन-देन ना हुआ हो और उस खाते से ही लेनदेन किया जाता है, तो इसकी सूचना भी दी जाए। कलेक्टर ने बैंकर्स को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा निर्देश का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिए हैं।
इस दौरान रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी खाते से एक लाख से अधिक का लेन-देन किया जाता है और छोटी-छोटी राशियों के संदेहास्पद लेन-देन, एक ही जगह के एटीएम से बार-बार निकासी होने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बताया गया कि बैंकों के माध्यम से कैश फ्लो की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग की इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम एप में सुविधा है। सरकारी प्राइवेट बैंकों का सभी विवरण ऑनलाइन पोर्टल में एंट्री करना अनिवार्य है। बैंकों की ओर से पैसों की लेनदेन करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल में डीएलबीसी लॉगिन के माध्यम से प्रोफाइल बनाकर लॉगिन करना पड़ेगा। इसकी पूरी जानकारी भी एंट्री करना पड़ेगा।
: कांग्रेस में शाह की 'हेट स्पीच' पर आक्रोश
Wed, Oct 18, 2023
राजनांदगांव.
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राजनांदगांव में बीते दिनों गृहमंत्री अमित शाह के भाषण को हेट स्पीच और भड़काऊ करार दिया है। इसके खिलाफ कांग्रेस ने आज मंगलवार को चुनाव आयोग में शिकायत की है। मामले में आयोग से कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। शिकायत में कहा गया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा के राजनांदगांव के प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह के नामांकन के लिये आयोजित सभा में दिये गये अपने भाषण में दंगा भड़काने के उद्देश्य से गलतबयानी की है।
उन्होंने बेमेतरा जिले के बीरनपुर में हुये हिंसा के मामले को लेकर अपनी चुनाव सभा में सीधे कहा, 'भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टिकरण के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुवनेश्वर साहू को लिंचिंग करवाकर मार दिया। बीजेपी ने तय किया है कि हम भुवनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे और इसके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा है।'
कांग्रेस ने शिकायत पत्र में लगाए ये आरोप
कांग्रेस ने आगे शिकायत पत्र में लिखा कि अमित शाह का यह बयान ना केवल आपत्तिजनक है बल्कि इसका एकमात्र उद्देश्य शांत प्रदेश छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक हिंसा भड़काना है। गृहमंत्री ने चुनावी फायदे की नीयत से उन्माद भड़काने के लिए यह बयान दिया है। उन्होंने जो कहा है वह बिल्कुल झूठ है। हकीकत यह है कि हिंसा और प्रति हिंसा के इस मामले में सरकार ने त्वरित कार्रवाई की थी और आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था, लेकिन छत्तीसगढ़ में साफ दिख रही अपनी हार से बौखलाए अमित शाह अब सांप्रदायिकता का सहारा लेना चाहते हैं। कांग्रेस ने कहा कि राजनांदगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद पर बैठे देश के गृहमंत्री अमित शाह ने धार्मिक ध्रुवीकरण के उद्देश्य से सांप्रदायिक तनाव भड़काने का कुत्सित प्रयास किया है। आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी के नेता लगातार योजनाबद्ध तरीके से षडयंत्रपूर्वक बिरनपुर की घटना पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं। जिस मामले में विवेचना पूरी हो चुकी है, न्यायालय में चालान प्रस्तुत हो चुका है, निचली अदालत का फैसला भी आ गया है उसके खिलाफ देश के गृहमंत्री की ओर से साप्रदायिक ध्रुवीकरण करके के उद्देश्य से उन्माद भड़काने का कुत्सित प्रयास स्पष्ट तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। अतः निवेदन है कि अमित शाह, रमन सिंह और अरुण साव के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, सुरेन्द्र वर्मा, अजय साहू, नितिन भंसाली, मणी वैष्णव, सुजीत घिदौड़े आदि मौजूद रहे।
: आचार संहिता के बाद भी नहीं थम रही तस्करी
Wed, Oct 18, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस एक्शन मोड़ पर है। पूरे प्रदेश में अपराधिक मामला, नशाखोरी, गांजा की अवैध रूप से बिक्री और मारपीट जैसे घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों की खैर नहीं है। पुलिस ने ओडिशा से ला रहे 91 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया। इसकी कीमत 14 लाख रुपए आंकी गई है। दूसरी ओर 10 किलो गांजा जब्त किया गया है। 3 अंतर्राज्यीय आरोपी समेत चार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह मामला मंदिर हसौद थाने क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों की धरदबोचा है। वहीं 91 किलो गांजा ओडिशा से रायपुर गांजा लाने की सूचना एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को मिली। उनको जानकारी मिली कि कुछ व्यक्ति चारपहिया वाहन में गांजा परिवहन करते महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे हैं। मौके पर पुलिस पहुंचकर सेरीखेड़ी स्थित नहर पुलिया के पास गाड़ी को रोकवाया गया। इसमें 3 लोग सवार थे। पूछताछ पर अपना नाम सत्यप्रिया मांझी, प्रदोश मुंडा और हितेश प्रधान निवासी अंगुल ओडिशा का होना बताया। गाड़ी की खोजबीन करने पर उसमें अलग-अलग पैकेट में गांजा होना पाया। इस दौरान पुलिस ने कार में रखे गांजा कुल 91 किलो 240 ग्राम और इसके साथ ही कार को जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत 14 लाख आंकी गई है। वहीं पुलिस ने अंतर्राज्यीय 3 आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
- सत्यप्रिया मांझी 30 साल, निवासी जिला अंगुल, ओडिशा।
- प्रदोश मुंडा 30 साल, निवासी जिला अंगुल, ओडिशा।
- हितेश प्रधान 19 साल, निवासी जिला अंगुल, ओडिशा।
दूसरी ओर 10 किलोग्राम गांजा के साथ आरोपी कुंदन कुलदीप गिरफ्तार किया गया है। थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत आरोपी को पकड़ा गया गया है। तस्कर मूलतः महासमुंद निवासी है। पुलिस के पूछताछ में उसने ओडिशा से गांजा लाना बताया। आरोपी को गिरफ्तार कर खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 466/23 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज किया है। इसके कब्जे से 10 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया गया
है। इसकी कीमत 1 लाख 5 हजार रुपए आंकी गई है।