: छत्तीसगढ़ में चुनाव के बीच आईईडी ब्लास्ट, सुकमा में एक जवान घायल
Tue, Nov 7, 2023
सुकमा/रायपुर.
छत्तीसगढ़ में आज पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच सुकमा में आईईडी विस्फोट की खबर सामने आई है। इससे पहले बीते सोमवार को कांकेर में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था। मिली जानकारी के मुताबिक, सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा के टोंडामरका इलाके में नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया है। इस धमाके में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था।
राज्य में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए सेंट्रल आर्मड पुलिस फॉर्स को यहां स्थानीय पुलिस के साथ तैनात किया गया है। कांकेर कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने कहा कि इस वक्त नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुछ पोलिंग सेंटर्स पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। चुनाव आयोग के आदेशानुसार, नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस और सुरक्षाबलों को पोलिंग स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले धमाका
कांकेर में भी बीते सोमवार को नक्सलियों ने विस्फोट किया था। मतदान से ठीक एक दिन पहले पखांजुर क्षेत्र के छोटेबेटिया थाना के तहत रेंगावाही धान खरीदी केंद्र के पास स्थिति पुलिया पर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। जवान सर्चिंग पर निकले थे। तभी नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना पर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया था कि कांकेर में हुए आईईडी ब्लास्ट में बीएसएफ का एक जवान और मतदान दल के दो सदस्य घायल हो गए हैं। बीएसएफ और जिला बल की संयुक्त पार्टी कांकेर जिले के थाना छोटेबेटिया के चार मतदान दलों को लेकर कैम्प मारबेड़ा से रेंगाघाटी रेंगागोंदी मतदान केन्द्र जा रही थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिनका इलाज चल रहा है।
: छत्तीसगढ़ की दो विधानसभा में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी नहीं डाल सकेंगे वोट
Tue, Nov 7, 2023
रायपुर.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव अंतर्गत आज मंगलवार को प्रथम चरण के चुनाव को लेकर मतदान जारी है। इसमें दो विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी अपने वोट नहीं डाल सकेंगे। दरअसल, ये स्तिथि राजनांदगांव और कवर्धा विधानसभा में है। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सीएम डॉक्टर रमन सिंह का मतदान केंद्र क्रमांक 237 गर्ल्स स्कूल कवर्धा है। वे आज दोपहर साढ़े तीन बजे अपने परिवार के मतदान केंद्र में मतदान करेंगे।
कवर्धा में नाम दर्ज होने के कारण वे यहीं वोट डालेंगे। पूर्व सीएम डॉक्टर रमन सिंह कवर्धा के मूल निवासी हैं। इसी प्रकार कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर भी अपने विधानसभा क्षेत्र के किसी भी मतदान केंद्र में मतदान नही कर पाएंगे। उनका मतदान केंद्र रायपुर में है। वे मूलत रायपुर के रहने वाले हैं। वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण में 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। 10 सीटों पर सात से तीन बजे तक मतदान होगा और बाकी 10 सीटों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इन 20 सीटों पर कई दिग्गजों का भविष्य दांव पर है। मतदान को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। कुल 40,78,681 मतदाता पहले चरण के चुनाव में उतरे 223 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।