नई टीम का रायपुर में सम्मान : कैट की तिल्दा-नेवरा इकाई का गठन, कन्हैयालाल और दीपक बने अध्यक्ष
Ramesh Batra
Wed, Aug 6, 2025
तिल्दा नेवरा : देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने छत्तीसगढ़ में अपनी पैठ को और मजबूत करते हुए तिल्दा-नेवरा इकाई के गठन की घोषणा की है। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण खंडेलवाल और नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी की सहमति से यह फैसला लिया गया है। इस नई इकाई के अध्यक्ष के रूप में कन्हैयालाल हरीरामनी को नियुक्त किया गया है, जबकि दीपक बजाज को युवा कैट, तिल्दा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है।
कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरेंद्र सिंह और कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने इस नई टीम की घोषणा की। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि अमर पारवानी का तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने पहले भी इस नगर से व्यापारियों को प्रादेशिक टीम में जगह दी है।
तिल्दा-नेवरा को मिली प्रादेशिक टीम में जगह
अमर पारवानी ने अपनी परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी तिल्दा-नेवरा से तीन प्रदेश उपाध्यक्ष और तीन प्रदेश मंत्रियों को प्रादेशिक टीम में शामिल किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सुंदरलाल पंजवानी, रमेश विरानी और राजीव खूबचंदानी को मनोनीत किया गया है। वहीं, प्रदेश मंत्री के रूप में संजय भोजवानी, निलेश वाधवा और मनीष कोटवानी को जगह मिली है।
नई टीम का रायपुर में सम्मान
तिल्दा से एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में कैट के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर आभार व्यक्त किया। इस दौरान टीम तिल्दा का सम्मान कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र सिंह, युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल और प्रदेश चेयरमेन विक्रम सिंह देव ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कैट और युवा कैट के सदस्य मौजूद थे, जिन्होंने नई टीम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वोकल फॉर लोकल और घर-घर तिरंगा अभियान
तिल्दा इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष कन्हैयालाल हरिरामनी और दीपक बजाज ने कहा कि जल्द ही पूरी टीम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कैट के 'वोकल फॉर लोकल' और 'घर-घर तिरंगा' जैसे अभियानों को तिल्दा में भी चलाया जाएगा।
इस नई इकाई के गठन पर तिल्दा-नेवरा के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, जैसे व्यापारी संघ, होलसेल कपड़ा व्यापारी संघ, रिटेल कपड़ा व्यापारिक संघ, दवा व्यापारी संघ और फुटवियर एसोसिएशन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह वही टीम है जिसने कोरोना काल से लेकर अब तक व्यापारियों के हित में लगातार काम किया है और हमेशा उनके साथ खड़ी रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन