: डॉ. मोहन भागवत ने माता बावे वाली के दरबार में माथा टेका
Sun, Oct 15, 2023
जम्मू.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघसरचालक डॉ. मोहन भागवत ने रविवार को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जम्मू शहर में माता बावे वाली के दरबार में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
डॉ. भागवत ने शनिवार को एक कार्यक्रम में संघ स्वयंसेवकों से पर्यावरण की सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और भारत की पारंपरिक परिवार प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया। डॉ. भागवत ने कहा कि संगठनात्मक नेटवर्क को और अधिक फैलाने के साथ ही आरएसएस के संदेश को हर घर तक पहुंचाया जाए।
डॉ. भागवत ने संघ परिवार से जुड़े संगठनों के साथ समन्वय बैठकें करके शाखा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। अंबफला स्थित जम्मू-कश्मीर प्रांत के संघ मुख्यालय केशव भवन में शनिवार सुबह से दोपहर तक चली समन्वय बैठकों में संघ परिवार के 38 संगठनों के 105 स्वयंसेवक शामिल हुए।
: हार के बाद हमास को समर्पित करने की पाकिस्तानी हसरत अधूरी
Sun, Oct 15, 2023
अहमदाबाद.
विश्व कप 2023 में पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद इस्राइल की तरफ से भी बयान सामने आ रहे हैं। मैच के दौरान इस्राइल-हमास के बीच जंग का एक पोस्टर सामने आया था। एक फैन वह पोस्टर लिए खड़ा था। इसके बाद इस्राइल ने उस फैन और उसके पोस्टर के फोटो को शेयर करते हुए 'धन्यवाद भारत' कहा था।
अब भारत में इस्राइल के राजदूत नाओर गिलोन का बयान सामने आया है, जिसमें वह टीम इंडिया की जीत पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान टीम और वहां के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान पर तंज भी कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि हार के बाद पाकिस्तान अपनी जीत हमास को समर्पित नहीं कर पाया।
The Kashmir Files Controversy: Israel Ambassdor Naor Gilon Thanks Indians For 'Unlimited Support' After Getting Trolled With 'Hitler Was Great' Anti-Semitic DMs
नाओर गिलोन
गिलोन ने क्या कहा?
नाओर ने लिखा- हमें खुशी है कि क्रिकेट विश्व कप 2023 में खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में भारत विजयी हुआ और पाकिस्तान अपनी जीत हमास के आतंकवादियों को समर्पित नहीं कर पाया। मैच के दौरान हमारे भारतीय मित्रों ने पोस्टर दिखाकर कर इस्राइल के साथ अपनी एकजुटता दिखाई। इससे हम बेहद भाव विभोर हैं। नाओर ने उसी फैन का पोस्टर भी शेयर किया। पोस्टर में पीएम मोदी और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को साथ देखा जा सकता है। पोस्टर पर लिखा है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जारी जंग में इस्राइल के साथ खड़ा है।
हमें खुशी है कि #CWC23 में #INDvPAK मैच में #भारत 🇮🇳 विजयी हुआ और पाकिस्तान अपनी जीत हमास के आतंकवादियों को समर्पित नहीं कर पाया। हम हमारे भारतीय मित्रों द्वारा मैच के दौरान पोस्टर दिखाकर कर इज़राइल 🇮🇱 के साथ अपनी एकजुटता दिखाने से हम बेहद भाव विभोर हैं। 🙏
We are happy that… pic.twitter.com/fIDY4Ap7aJ
— Naor Gilon (@NaorGilon) October 14, 2023
रिजवान ने गाजा को लेकर किया था ट्वीट
इससे पहले पाकिस्तान के रिजवान ने श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद बड़ा बयान दिया था। श्रीलंका के खिलाफ मैच में रिजवान ने शतक जड़ा था। उन्होंने नाबाद 131 रन की पारी खेली थी। इस पारी के बाद रिजवान ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा- यह जीत गाजा में हमारे भाइयों और बहनों के लिए था। जीत में योगदान देकर खुश हूं। इसे आसान बनाने के लिए पूरी टीम और विशेष रूप से अब्दुल्ला शफीक और हसन अली को श्रेय। अद्भुत स्वागत और समर्थन के लिए हैदराबाद के लोगों का बेहद आभारी हूं।
पाकिस्तान को अहमदाबाद में भारत के हाथों सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते पाकिस्तानी टीम 42.5 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। कप्तान बाबर आजम ने 50 और मोहम्मद रिजवान ने 49 रन की पारी खेली। जवाब में भारत ने 30.3 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 86 रन बनाए। इस तरह टीम इंडिया ने पाकिस्तान को वनडे विश्व कप में लगातार आठवीं बार शिकस्त दी। अब भारत का सामना 19 अक्तूबर को बांग्लादेश से पुणे में होगा। वहीं, पाकिस्तानी टीम 20 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया से चिन्नास्वामी में भिड़ेगी।
: कांग्रेस ने जारी की तीन राज्यों में उम्मीदवारों की सूची
Sun, Oct 15, 2023
भोपाल/नई दिल्ली.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। एमपी में कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है।
तेलंगाना में 55 सीटों पर उम्मीदवार तय
कांग्रेस ने दक्षिणी राज्य तेलंगाना में भी 55 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को कोंडागल सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं गोशामहल सीट से मोगली सुनीता, चंद्रयानगुट्टा सीट से बोया नागेश, मालकपेट सीट से शेख अकबर और नामपल्ली सीट से मोहम्मद फिरोज खान को टिकट दिया गया है।
सीएम बघेल, पाटन सीट से लड़ेंगे चुनाव
छत्तीसगढ़ में उम्मीदवारों की पहली सूची में सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का भी नाम है। भूपेश बघेल पाटन सीट से और सिंहदेव अंबिकापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। कोरबा से पार्टी जय सिंह अग्रवाल, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, खैरागढ़ से यशोदा वर्मा, कांकेर से शंकर ध्रुव, नारायणपुर सीट से चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा से के छविंद्र महेंद्र कर्मा और बस्तर से लखेश्वर बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है।
सात बार से विधायक डॉ. गोविंद सिंह फिर मैदान में
भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट से कांग्रेस ने डॉ. गोविंद सिंह को दोबारा मैदान में उतारा है। वे सात बार से यहां से विधायक हैं। तीन दशक से यहां भाजपा नहीं जीत पाई है। उनका मुकाबला इस बार भाजपा के अंबरीश शर्मा गुड्डू से है। शर्मा पहले बसपा में थे और बाद में भाजपा में शामिल हुए थे।
साध्वी को मिला टिकट
जिस बड़ा मलहरा सीट से कभी उमा भारती विधायक बनी थीं, वहां से कांग्रेस ने साध्वी राम सिया भारती को टिकट दिया है। यहां से भाजपा ने प्रद्युम्न सिंह लोधी को उम्मीदवार बनाया है। 2018 में लोधी कांग्रेस के टिकट पर यहां से चुनाव जीते थे। 2020 में वे भाजपा में शामिल हो गए और उपचुनाव में जीते।
किन सीटों पर तय हुए नाम
कांग्रेस ने नवरात्र के पहले दिन तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। एमपी में 144 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है और छत्तीसगढ़ में 30 सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। वहीं तेलंगाना में पार्टी ने 55 सीटों पर नामों का एलान कर दिया है।
144 सीटों पर नामों का एलान
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। लहार सीट से पार्टी ने वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं ग्वालियर ग्रामीण से साहब सिंह गुर्जर और ग्वालियर पूर्व से सतीश सिकरवार को टिकट दिया गया है। दतिया से अवधेश नायक, शिवपुरी से केपी सिंह, राघोगढ़ से जयवर्धन सिंह, सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा, सिवनी से आनंद पंजवानी, बैतूल से निलय डागा, हरदा से राम किशोर दोंगे और भोपाल मध्य से पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता आरिफ मसूद को टिकट दिया है।