: राहुल गांधी ने बयान दाखिल करने में की देरी तो भड़का कोर्ट
Sun, Jan 21, 2024
ठाणे.
ठाणे की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया है। दरअसल, पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का नाम जोड़ने पर संगठन के कार्यकर्ता ने मानहानि का मामला दायर किया था। इस केस में लिखित बयान दाखिल करने में देरी को लेकर कांग्रेस सांसद पर यह जुर्माना लगाया गया।
लिखित बयान दाखिल करने में राहुल की ओर से 881 दिनों की देरी हुई थी और उनके अधिवक्ता नारायण अय्यर ने इस देरी के लिए माफी की अपील करते हुए आवेदन दायर किया था। नारायण अय्यर ने दलील दी कि उनके मुवक्किल दिल्ली में रहते हैं और सांसद होने के नाते उन्हें यात्राएं करनी पड़ती हैं। इस वजह से उनकी ओर से बयान दाखिल करने में देरी हुई। अय्यर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि मजिस्ट्रेट अदालत ने माफी के अनुरोध को मान लिया और लिखित बयान स्वीकार कर लिया, लेकिन 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया। मानहानि का मामला आरएसएस कार्यकर्ता विवेक चंपानेरकर ने दायर किया था। मामले में अगली सुनवाई 15 फरवरी को होगी।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे राहुल गांधी
गौरतलब है कि राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को उनका काफिला अरुणाचल प्रदेश पहुंचा। यहां राहुल ने भाजपा पर जाति, पंथ और धर्म के नाम पर देश को विभाजित करने का आरोप लगाया। दोईमुख के निवासियों के साथ बातचीत करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोगों को धर्म और भाषा के नाम पर आपस में लड़ने के लिए उकसाती है। उन्होंने दावा किया, 'भाजपा कुछ उद्योगपतियों के हित के लिए काम करती है, न कि उन लोगों के हित के लिए जो बेहद परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस लोगों को एकजुट करने और उनकी बेहतरी के लिए काम करती है।'
: कल आधे दिन OPD बंद रखने का Delhi AIIMS ने फैसला वापस
Sun, Jan 21, 2024
नई दिल्ली.
दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर सोमवार 22 जनवरी को आधे दिन ओपीडी बंद रखने का फैसला वापस ले लिया है। अब ओपीडी पूरे दिन चलेगी। एम्स के प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार द्वारा रविवार को इस संबंध में लिखित आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले शनिवार को बताया गया था कि दिल्ली में एम्स और सफदरजंग अस्पताल सहित केंद्र सरकार द्वारा संचालित सभी चार अस्पताल अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि, इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी दिल्ली स्थित एम्स के एक आधिकारिक नोटिस के मुताबिक केंद्र सरकार ने 22 जनवरी को दोपहर 2.30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी घोषित की थी। इसमें कहा गया था, ''सभी कर्मचारियों की जानकारी के लिए सूचित किया जाता है कि संस्थान 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन बंद रहेगा। सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों से अनुरोध है कि इसे उनके तहत काम करने वाले सभी कर्मचारियों के ध्यानार्थ लाया जाए।'' इसमें कहा गया, ''...सभी महत्वपूर्ण चिकित्सीय सेवाएं चालू रहेंगी।''
एम्स के एक अधिकारी ने कहा था कि मरीजों को दिए गए समय को रीशेड्यूल किया जा रहा है। यदि कोई मरीज आता है तो हम उन्हें एडजस्ट करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, शाम की ओपीडी चालू रहेगी।
: उद्धव ठाकरे को स्पीड पोस्ट से मिला राम मंदिर का निमंत्रण
Sun, Jan 21, 2024
मुंबई.
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण शनिवार को स्पीड पोस्ट के माध्यम से मिला है। इसको लेकर शिवसेना ने भाजपा पर हमला बोला है। डाक से निमंत्रण भेजने पर संजय राउत ने कहा कि भगवान राम उन्हें इसके लिए श्राप देंगे। शिवसेना सांसद ने कहा, "आप मशहूर हस्तियों और फिल्मी सितारों को विशेष निमंत्रण दे रहे हैं। उनका राम जन्मभूमि से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन आप ठाकरे परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं?
ठाकरे ने राम जन्मभूमि आंदोलन में एक प्रमुख और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भगवान राम आपको माफ नहीं करेंगे। इसके लिए श्राप देंगे। आप भगवान राम से प्रार्थना कर रहे हैं और रावण की तरह सरकार चला रहे हैं।'' संजय राउत ने सामना के संपादकीय के जरिए भाजपा पर हमला बोला है। आपको बता दें कि उद्धव ठाकरे ने पहले कहा था कि उन्हें राम मंदिर जाने के लिए निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है। वह पहले भी कई बार वहां जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक समारोह पीएम मोदी की जगह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाए। उन्होंने कहा, राम मंदिर मेरे पिता बालासाहेब ठाकरे का सपना था। यह खुशी का क्षण है कि मंदिर खोला जाएगा। हालांकि, उन्होंने इस बात की आलोचना की कि कैसे भाजपा ने इस आयोजन पर कब्जा कर लिया।
22 जनवरी को अपनी पार्टी की योजना की घोषणा करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, "मैं राम भक्त हूं, देश भक्त हूं, अंध भक्त नहीं। राम मंदिर का निर्माण मेरे पिता का सपना था।'' 22 जनवरी को जब पीएम मोदी राम मंदिर का उद्घाटन कर रहे होंगे उसी समय उद्धव नासिक के कालाराम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
कांग्रेस, सीपीएम, तृणमूल, समाजवादी पार्टी के नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर खुलने के बाद वह अपने पूरे परिवार के साथ राम मंदिर के दर्शन करेंगे। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ उद्घाटन के बाद राम मंदिर जाएंगे। आमंत्रितों की सूची में फिल्मी सितारों, खिलाड़ियों, पुजारियों, न्यायाधीशों, उद्योगपतियों और राजनेताओं सहित कम से कम 8,000 लोग शामिल हैं। आमंत्रित लोगों में अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, चिरंजीवी, मोहनलाल, प्रभास, अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर, अक्षय कुमार, अनुपम खेर, अजय देवगन, हेमा मालिनी, सनी देओल, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, कंगना रनौत और माधुरी दीक्षित शामिल हैं।
सरोद वादक अमजद अली खान, गीतकार और कवि मनोज मुंतशिर और उनकी पत्नी, गीतकार और लेखक प्रसून जोशी और निर्देशक संजय भंसाली को राज्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। मधुर भंडारकर, शंकर महादेवन, श्रेया घोषाल, अनुप जलोटा, सोनू निगम, अनुराधा पौडवाल, कैलाश खेर को भी आमंत्रित किया गया है। रामानंद सागर की टीवी श्रृंखला "रामायण" में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल और शो में उनकी सह-कलाकार दीपिका चिखलिया, जिन्होंने सीता की भूमिका निभाई थी, को भी आमंत्रित किया गया है। सचिन तेंदुलकर, शतरंज के ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद, स्प्रिंट क्वीन पीटी उषा और फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया प्रमुख खेल हस्तियों में से हैं। उनके अलावा कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी, सुनील गावस्कर, विराट कोहली, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, वीरेंद्र सहवाग, रवींद्र जड़ेजा और रोहित शर्मा को आमंत्रित किया गया है।