: मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत ट्रेन का परीक्षण संचालन शुरू
Tue, Dec 26, 2023
मंगलुरु.
मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण संचालन मंगलवार को मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन से शुरू हो गया। मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन पर जब मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस के परीक्षण संचालन को हरी झंडी दिखाई गई तब दक्षिण कन्नड़ से सांसद नलिन कुमार कटील, स्थानीय धायक और रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।
मंगलुरु मध्य से सुबह साढ़े आठ बजे रवाना हुई ट्रेन दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर मडगांव से रवाना होगी और शाम साढ़े छह बजे मंगलुरु पहुंचेगी। ट्रेन उडुपी और करवार स्टेशनों पर रुकेगी। इस वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 30 दिसंबर से शुरू होगा।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 दिसंबर को अन्य राज्यों में छह वंदे भारत ट्रेन के साथ इस नई ट्रेन का उद्घाटन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा है।
: इमरान को छोड़िए, नवाज शरीफ होंगे पाक के नए PM!
Tue, Dec 26, 2023
श्रीनगर.
पाकिस्तान में अगले साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी को अभी तक चुनाव आयोग ने हरी झंडी नहीं दी है। उधर, लंदन में अज्ञातवास भोगने के बाद नवाज शरीफ की पाकिस्तान में री एंट्री हो चुकी है। नवाज पूरे पाकिस्तान में धुआंधार रैलियां कर रहे हैं। चुनावी विशेषज्ञों की भी राय है कि नवाज के एक बार फिर पाकिस्तान के नए वजीर-ए-आजम बनने के पूरे चांस हैं। खुद उनके छोटे भाई शहबाज शरीफ भी जनता के बीच इस बात का डंका बजाते रहे हैं कि नवाज ही हैं, जो पाकिस्तान की मौजूदा दुर्दशा को संवार सकते हैं।
हालांकि कुछ स्थानीय पोल्स बता रहे हैं कि बिलावल भुट्टो और नवाज के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है। इस बीच जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भी बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उनका कहना है कि इमरान खान को छोड़िए, नवाज शरीफ पाकिस्तान के नए पीएम बनने वाले हैं। पाकिस्तान में खराब आर्थिक हालत के बीच लोकसभा चुनाव काफी चर्चा में हैं। संभव है कि अगले साल की शुरुआत में ही चुनाव हो जाएं। इस बार चुनाव में तीन पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। इसमें लंदन से वापसी कर चुके नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (PML-N), बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पिपुल्स पार्टी (PPP) और इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) शामिल हैं। पाकिस्तान में चुनाव से पहले जनता का मूड जानने के लिए जारी सर्वे में चौंकाने वाले परिणाम सामने आए। लोगों की राय में इमरान खान के पीएम बनने के चांस बहुत कम हैं। वहीं, बिलावल भुट्टो जरदारी ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है। नवाज शरीफ और बिलावल में टक्कर देखने को मिल रही है।
नवाज के जीतने की भविष्यवाणी
पाकिस्तान में नवाज और बिलावल की पार्टियों में देखी जा रही कड़ी टक्कर के बीच जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने बड़ी भविष्यवाणी की है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ चुनाव जीतने जा रहे हैं। भारत के अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंधों की दुहाई देते हुए फारूक ने कहा कि इमरान खान को तो छोड़िए, नवाज शरीफ पाकिस्तान के नए पीएम बनने जा रहे हैं। नवाज ने कई बार भारत के साथ अच्छे संबंधों की पहल की है। लेकिन, हम ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं। हमे भी आगे बढ़कर अपने पड़ोसियों का स्वागत करना चाहिए, क्योंकि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई अक्सर कहते थे- दोस्त बदले जा सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं।
इमरान पर लटकी चुनाव आयोग की तलवार
इमरान खान इनदिनों तोशखाना औऱ साइफर केस में दोषी हैं और जेल की हवा खा रहे हैं। चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी के चिह्न को अभी फ्रीज किया है। उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ेगी भी या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है। अगर उनकी पार्टी को हरी झंडी नहीं मिलती है तो यह इमरान के लिए बड़ी मुश्किल पैदा कर सकती है।
: कर्नाटक के लोगों की बल्ले-बल्ले, मिलने जा रही एक और वंदे भारत; ट्रायल शुरू
Tue, Dec 26, 2023
मंगलुरु/मडगांव.
दक्षिणी राज्य कर्नाटक को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। मंगलुरु से मडगांव बीच चलने वाली यह सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी। मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन से मंगलवार को इसका ट्रायल ऑपरेशन शुरू हुआ। यह ट्रेन मंगलुरु मध्य से सुबह 8:30 बजे रवाना हुई, जो दोपहर 1:15 बजे मडगांव पहुंची। वापसी में यह दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर मडगांव से रवाना होगी और शाम साढ़े छह बजे मंगलुरु पहुंचेगी। ट्रेन उडुपी और करवार स्टेशनों पर रुकेगी। माना जा रहा है कि ट्रायल के बाद इसके चलने का समय यही हो सकता है मगर इसे लेकर रेलवे के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
आज जब मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत को ट्रायल के लिए हरी झंडी दिखाई गई तब दक्षिण कन्नड़ से सांसद नलिन कुमार कटील, स्थानीय धायक और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। राज्य को नई वंदे भारत ट्रेन मिलने को लेकर रेलवे अधिकारियों और जनता में काफी उत्साह नजर आया। यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 30 दिसंबर से लगातार फर्राटा भरना शुरू कर देगी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को दूसरे राज्यों में 6 वंदे भारत ट्रेन के साथ इस नई ट्रेन का उद्घाटन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा है।
वंदे भारत के बाद अमृत भारत ट्रेन की सौगात
गौरतलब है कि वंदे भारत के बाद अब अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी पटरियों पर दौड़ने वाली है। पीएम मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के पहले एक साथ 2 अमृत भारत को हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत ट्रेन रैक का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत ट्रेनों में इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक को काफी सराहा। उन्होंने कहा कि अमृत भारत ट्रेन में पुश-पुल तकनीक लगी है। पहली ट्रेन यूपी के अयोध्या से बिहार के दरभंगा तक और दूसरी बेंगलुरु से मालदा के बीच दौड़ेगी।