: मुख्यमंत्री चौहान से पूर्व मंत्री विजयवर्गीय ने की सौजन्य भेंट
Mon, Dec 11, 2023
मुख्यमंत्री चौहान ने साय को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर दी बधाई
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री चौहान से पूर्व मंत्री विजयवर्गीय ने की सौजन्य भेंट
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुख्यमंत्री निवास पर इंदौर-1 से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान एवं पूर्व मंत्री विजयवर्गीय ने एक दूसरे को पुष्पगुच्छ प्रदान कर विधानसभा निर्वाचन में मिली जीत की बधाईयों का आदान-प्रदान किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने लगाए पीपल, अमरुद और गूलर के पौधे
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल स्थित उद्यान में पीपल, गूलर और अमरूद के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ रेहटी (जिला सीहोर) के पत्रकार कमलेश वैष्णव ने अपने जन्म दिवस पर पौधा रोपा। पौधारोपण में रेहटी के पत्रकारगण सर्वबलराम सिसोदिया, मुकेश मेहता और नरेंद्र यादव भी शामिल हुए।
: सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद समाज और युवाओं को संस्कारित करें
Mon, Dec 11, 2023
प्रदेशवासी विकसित भारत @2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में करें सहयोग
भोपाल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विजय दिवस के बहादुर वीरों के प्रति पूरा देश नत मस्तक है। राष्ट्र आजीवन उन परिवारों का ऋणी है जिन्होंने अपने सपूतों को मातृभूमि के लिए कुर्बान कर दिया। अंतिम साँस तक लड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले हर जवान को मैं नमन करता हूँ। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रयासों में आगे बढ़कर सहयोग का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।
पटेल पूर्व सैनिकों के संगठन इंडियन वेटरंस आर्गनाइजेशन द्वारा शौर्य स्मारक में आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शौर्य स्मारक पर विजय दिवस वीर-शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन जोगिन्दर सिंह सेंगर उपस्थित थे।
राज्यपाल ने कहा कि आज से 52 साल पहले 1971 के भारत-पाक युद्ध में माँ भारती के वीर सपूतों ने पाकिस्तान के दाँत खट्टे करते हुए बांग्लादेश को आज़ाद कराया था। फ़ील्ड मार्शल जनरल मानेक शॉ के नेतृत्व में 90 हज़ार से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी पूर्व नहीं होता “वन्स अ सोल्जर, ऑलवेज़ अ सोल्जर”। सेवानिवृत्ति के बाद सैनिकों की ज़िम्मेदारी समाज के प्रति और ज़्यादा बढ़ जाती है। पूर्व सैनिक अपने अनुभव, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम की भावना से समाज और युवाओं को संस्कारित करने का कार्य करे। साथ ही समाज के सुरक्षा कवच की भूमिका निभाते हुए युवाओं में स्वदेशी और स्वावलंबन का विकास करें।
राज्यपाल पटेल ने सैनिकों, युद्ध में घायल, दिव्यांग सैनिकों सहित सैनिक विधवाओं और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए इंडियन वेटरंस आर्गनाइजेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन को ग्रामीण क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों और वंचित वर्गो की सहायता के कार्यो को प्राथमिकता देनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि जो समाज और राष्ट्र अपने शहीदों का सम्मान करता है, उनके सिद्धांतों और कार्यों से सीखता है, वह हमेशा समृद्धि की ओर बढ़ता है। पटेल ने कहा कि समाज को सभी शहीद, उनके परिजन और सैनिकों का आदर करना चाहिए। उनकी हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में शहीद सैनिक पत्नियों, वीर नारियों का सम्मान किया। उन्होंने अलग-अलग राज्यों से आए संगठन के प्रतिनिधियों को ट्रॉफ़ी प्रदान की।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल का कार्यक्रम के प्रारंभ में पुष्पगुच्छ और संगठन के प्रतीक लाल कैप से स्वागत किया गया। स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में इंदौर के ग्रुप ने कृष्ण भक्ति और छिंदवाड़ा के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन जोगिंदर सिंह सेंगर ने स्वागत उद्बोधन दिया और आभार अनिल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश ईकाई के अध्यक्ष कैप्टन आर.पी. सिंह, देशभर से आए दिव्यांग सैनिक, वीरनारियॉ, पूर्व और नियमित सैनिक और उनके परिजन उपस्थित थे।
: हरिचंदन से राजभवन में आई.आई.टी. गोवा के युवाओं ने किया संवाद
Mon, Dec 11, 2023
रायपुर
राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन से राजभवन में आई.आई.टी. गोवा से आये विद्यार्थियों ने संवाद किया। ये विद्यार्थी भारत सरकार के एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान के युवा संगम कार्यक्रम के तहत पांच दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर यह अनूठा कार्यक्रम पूरे भारत में लागू किया गया है। जिसमें सभी प्रदेशों के युवा अन्य प्रदेशों में जाकर वहां की संस्कृति को समझते हैं, खान-पान का जायका लेते हैं और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हैं। इस कड़ी में गोवा के विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत युवा छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ का भ्रमण कराया जा रहा है। भ्रमण के दूसरे दिन ये विद्यार्थी राजभवन पहुंचे थे।
राज्यपाल श्री हरिचंदन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की ताकत उसकी अनेकता में एकता की भावना है। विविधता में एकता हमारे देश की दुनिया में एक मिसाल है। विविध संस्कृति, परंपरा के बावजूद हम एक हैं और एक रहेंगे। इसी विचार धारा को लेकर भारत विश्व गुरू बनने की दिशा में अग्रसर हैं। राज्यपाल श्री हरिचंदन ने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत के कार्यक्रम के दूरदर्शी ढांचे के तहत युवा संगम कार्यक्रम हमारे राष्ट्र के विविध पहलुओं को गहराई से समझने और उस पर गर्व करने का एक अवसर है। छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को यहां की समृद्धि संस्कृति, प्रगति और यहां की विरासत के विभिन्न पहलुओं को जानने और उससे सीखने का अवसर मिलेगा।
राज्यपाल ने कहा कि कोविड-19 के दौरान इस विशाल जनसंख्या वाले हमारे देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह कोविड के प्रबंधन के लिए कार्य किया गया उससे विश्व चकित रह गया। कोविड के विरूद्ध हमारी लड़ाई में 140 करोड़ जनसंख्या को सुरक्षित रखने के लिए हमारे फ्रंटलाइन वर्करों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं ने भी फ्रंट लाइन वर्कर बन कर कोविड की रोक-थाम एवं समाज को इसके लिए जागरूक करने के अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे ऐसा कार्य करे, जिससे देश गौरवान्वित हो और एक भारत महान भारत का उद्देश्य पूरा हो सके। पढ़ाई समाप्त करने के बाद समाज के वंचित वर्गो की सेवा करने का आव्हान उन्होंने विद्यार्थियों से किया।
इस अवसर पर आई.आई.टी. भिलाई के डायरेक्टर श्री राजीव प्रकाश ने युवा संगम कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आई.आई.टी, गोवा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के 45 विद्यार्थी छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति, यहां की प्रगति और प्रौद्योगिकी से रूबरू होने, परस्पर सम्पर्क के द्वारा छत्तीसगढ़ के लोगों से परिचित होने और पर्यटन स्थलों का भ्रमण होने के लिए पहुंचे हैं।
कार्यक्रम में राज्यपाल श्री हरिचंदन से गोवा के विद्यार्थियों का वैचारिक आदान-प्रदान हुआ। कुमारी रिद्धी भट्ट ने भारत के विकास और संस्कृति के बीच युवाओं की स्थिति पर प्रश्न पूछा जिसका उचित समाधान श्री हरिचंदन ने किया। मुख्यमंत्री फैलोशिप गोवा के लिए कार्यरत श्री उद्धव अवस्थी ने टेक्नॉलाजी और परंपरा को जोड़ कर कैसे आगे बढ़ा सकते हैं, इस पर प्रश्न किया। श्री हरिचंदन ने कहा कि टेक्नॉलाजी और परंपरा अलग-अलग विषय हैं लेकिन टेक्नॉलाजी में परंपरा को जोड़ कर उसे आगे ले जा सकते हैं। श्री गुना आदित्य पाटिल ने युवा संगम प्रोगाम के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया जिसके कारण उन्हें छत्तीसगढ़ भ्रमण करने का अवसर मिला है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री अमृत खलखो, उप सचिव श्री दीपक अग्रवाल, आई.आई.टी. भिलाई के प्राध्यापकगण तथा गोवा राज्य से आये युवा और विद्यार्थी उपस्थित थे।