: विभाग व ठेकेदार के गैर जिम्मेदाराना रवैया से ग्रामीण परेशान डायवर्सन मार्ग बनवाने विभाग व ठेकेदार गंभीर नहीं
Admin
Mon, Aug 5, 2024
सूरजपुर | प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को ग्रामीणों की सुविधाओं का तनिक भी ध्यान नहीं है पिछले 10 दिनों से पुलिया निर्माण के लिए बनाए गए डायवर्सन के बह जाने से ग्रामीणों को आवागमन के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।जिले के रामानुजनगर से चंदरपुर मार्ग पर स्थित सुतिया नाला में चार करोड़ रुपये लागत से वृहद पुल निर्माण कराया जा रहा है जिसका डायवर्सन बारिश में बह जाने से पूरी तरह मार्ग अवरुद्ध है विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ठेकेदार को डायवर्सन मार्ग पुनः बनाने के लिए निर्देशित किया गया है बावजूद अभी तक डायवर्सन नहीं बना है जिससे ग्रामीण को आवागमन के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही है।
जिला मुख्यालय से महज 3 किलोमीटर दूर रामानुजनगर से चंदरपुर मार्ग पर सोनपुर गांव स्थित सुतिया नाला में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब चार करोड़ रुपये लागत से वृहद पुल का निर्माण ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण के दौरान आने जाने वालों के लिए ठेकेदार द्वारा डायवर्सन मार्ग व वैकल्पिक पुलिया का निर्माण कराया गया है। 10 दिन पूर्व हुई बारिश में डायवर्सन पुलिया पानी के तेज बहाव में बह जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। अब रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस संबंध में विभाग के कार्यपालन अभियंता से बात किया गया तो उन्होंने कहा कि ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है मगर क्या विभाग सिर्फ ठेकेदार को निर्देशित कर अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर लिया और ग्रामीणों को अपने हाल पर ही छोड़ दिया गया है,अभी तक डायवर्सन मार्ग नहीं बना है ऐसे में इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणो में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे शीघ्र ही विभाग का घेराव करने की तैयारी में है।
कलेक्टर से पहल करने की मांग..
डायवर्सन पुलिया बह जाने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी के मद्देनजर ग्रामीणों ने कलेक्टर से क्षतिग्रस्त डायवर्सन को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है,जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के गैर जिम्मेदाराना रवैया के कारण पिछले 10 दिनों से ग्रामीणो को आवागमन करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है इसे लेकर विभाग वह ठेकेदार बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन