बच्चे-बुजुर्ग-मरीज सर्वाधिक परेशान : बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती से तिल्दा-नेवरा बेहाल: रातें जागकर कट रही
Ramesh Batra
Mon, May 19, 2025
तिल्दा नेवरा संवाददाता: भीषण गर्मी के कहर के बीच तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित और बार-बार की बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन का चैन तो दूर, रात की नींद भी हराम हो गई है, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं।
क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों को भीषण मुश्किल में डाल दिया है। गर्मी का प्रकोप ऐसा है कि बिना पंखे-कूलर के रहना असंभव है, लेकिन बार-बार बिजली गुल होने से ये उपकरण भी जवाब दे रहे हैं। आलम यह है कि कई रातें तो लोगों को जागकर ही गुजारनी पड़ रही हैं। विशेषकर छोटे बच्चों और वृद्धों को, जो गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को भी बिजली गुल होने पर भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों की शिकायत है कि बार-बार बिजली जाने से उनके घरों के इनवर्टर भी कुछ ही देर में डाउन हो जाते हैं, जिससे उन्हें पूरी तरह अंधेरे और उमस में रहना पड़ता है। परेशान होकर जब लोग बिजली ऑफिस के शिकायत नंबर पर कॉल करते हैं, तो अधिक शिकायतों के कारण अधिकतर नंबर व्यस्त ही मिलते हैं, जिससे उनकी शिकायत भी दर्ज नहीं हो पाती।
बीते शनिवार की रात को भी तिल्दा-नेवरा में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दिन भर भीषण गर्मी के बाद रात को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे थोड़ी राहत की उम्मीद जगी। हालांकि, इस तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। हर घंटे में तीन से चार बार बिजली आती-जाली रही, जिसने लोगों को और भी परेशान कर दिया। रातभर बिजली की इस लुका-छिपी से कोई ठीक से सो नहीं पाया।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। लोगों ने अधिकारियों के अलावा विद्युत निगम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी लगातार कॉल कर अपनी शिकायतें दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। जनता अब बिजली विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान ढूंढने की मांग कर रही है ताकि बढ़ती गर्मी में उन्हें सुकून भरी नींद मिल सके और दैनिक जीवन सामान्य हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन