: ED के पास नहीं जाएंगे केजरीवाल! नोटिस को ही बता दिया गलत; क्या प्लान
Thu, Nov 2, 2023
नईदिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पेशी से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को समन नोटिस का जवाब भेजा है। केजरीवाल ने इसे गैर कानूनी बताते हुए तुरंत वापस लेने को कहा है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि उन्हें चार राज्यों में चुनाव प्रचार से रोकने के लिए भाजपा के कहने पर नोटिस भेजा गया है। केजरीवाल के जवाब से माना जा रहा है कि वह आज ईडी के सामने पेश नहीं होंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को भेजे जवाब में कहा, 'समन का नोटिस अवैध और राजनीति से प्रेरित है। नोटिस भाजपा के इशारे पर भेजा गया है। नोटिस यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा गया है कि मैं चार राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए जाने में असमर्थ रहूं। ईडी को तुरंत नोटिस वापस लेना चाहिए।' मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई है। केजरीवाल समन मिलने के बाद से इस पर चुप्पी साधे रहे, जबकि पार्टी के नेता उनकी गिरफ्तारी की आशंका जाहिर करते रहे। पेशी से ठीक पहले केजरीवाल ने जवाब भेजा है। माना जा रहा है कि केजरीवाल नोटिस के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा सकते हैं।
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने ईडी की नोटिस को लेकर कहा था कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। 'आप' ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका भी जताई थी। केजरीवाल को जिस शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में तलब किया है, उसी में उनके पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस साल फरवरी से ही जेल में हैं। हाल ही में उनके वरिष्ठ नेता संजय सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ छोड़ MP जा सकते हैं केजरीवाल
सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल का गुरुवार को मध्य प्रदेश जाने का प्लान है। वह सिंगरौली में पार्टी की उम्मीदवार रानी अग्रवाल के नामांकन में शामिल हो सकते हैं। केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ सिंगरौली जा सकते हैं। रानी अग्रवाल आम आदमी पार्टी की मध्य प्रदेश में संयोजक भी हैं।
AAP का दावा- केजरीवाल गिरफ्तार हो सकते हैं
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मंगलवार को दावा किया था कि 2 नवंबर को ED मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है। केजरीवाल के बाद I.N.D.I.A गठबंधन के दूसरे नेता भी गिरफ्तार होंगे। अगला नंबर झारखंड के CM हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव, केरल के CM पी विजयन, तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन और बंगाल की CM ममता बनर्जी का है।
: सिरोही में गुजरात रोडवेज बस से पकडे तीन लाख रुपए
Wed, Nov 1, 2023
सिरोही.
आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 के तहत सिरोही में विधानसभा क्षेत्र रेवदर 148 में नियुक्त एफएसटी 01/148 प्रभारी भगवान देव ईनाणी द्वारा नाकाबंदी ड्यूटी के दौरान वाहनों की तलाशी में गुजरात रोडवेज बस से तीन लाख रुपये जब्त किए गए। मंडार थानाधिकारी हरि सिंह राजपुरोहित ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एफएसटी 01 टीम द्वारा वाहनों की तलाशी ली जा रही थी।
उस दौरान एक गुजरात रोडवेज को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें रानीवाडा जालौर निवासी रूस्तमखान पुत्र अनवरखान के बैग में तीन लाख रुपये की नकद राशि जब्त की गई है। इस राशि के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर वह कोई संतोषप्रद जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर एफएसटी टीम द्वारा इस राशि को जब्त कर लिया गया। नकद जब्त राशि को नियमानुसार कोष कार्यालय सिरोही को भिजवा दिया गया। नाकाबंदी के दौरान एफएसटी टीम के साथ सहायक उप निरीक्षक शैतान सिंह मय पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
: बीजेपी विधायक की पत्नी लापता, तलाश में जुटी पुलिस की 6 टीमें
Wed, Nov 1, 2023
सुलतानपुर
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में लम्भुआ से बीजेपी विधायक सीताराम वर्मा की पत्नी पुष्पा वर्मा (65) लापता हो गई हैं। विधायक की पत्नी मंगलवार सुबह घर से निकली थी। इसमें बाद से इनका कुछ पता नहीं चला। काफ़ी तलाशने के बाद विधायक के बेटे ने गाजीपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुष्पा की उसकी तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं।
इन्दिरानगर सेक्टर आठ निवासी विधायक सीताराम वर्मा की पत्नी पुष्पा डिमेंशिया से पीड़ित है। बेटे लेफ्टिनेंट पंकज कुमार ने भी मां को कई जगह खोजना शुरू किया। शाम तक पता नहीं चला। इसके बाद सूचना गाजीपुर पुलिस को दी गई। डीसीपी सै. कासिम आब्दी ने बताया कि पुष्पा वर्मा की तलाश की जा रही है। घर के आस पास लगे सीसी कैमरों की फुटेज निकालवाई गई है। कई फ़ुटेज में दिखी है।
फिर एक स्थान पर अंदर की सड़क से आगे बढ़ी है। इसके बाद से उनका कोई फ़ुटेज नहीं मिला है। घरवालों ने बताया कि उनका इलाज कई दिन से चल रहा है। पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगी है। डीसीपी ने कहा कि तस्वीर भी आसपास के सभी इलाकों में बांटी गई है।