: रोहित बोले - हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, लगभग 30 रन कम बनाए
Mon, Oct 30, 2023
लखनऊ.
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने विश्व कप मुकाबले में रविवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन की जीत के बावजूद स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाजों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया और टीम ने लगभग 30 रन कम बनाए। भारत के गेंदबाजों ने हालांकि शानदार प्रदर्शन किया और 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम मोहम्मद शमी (22 रन पर चार विकेट), जसप्रीत बुमराह (32 रन पर तीन विकेट) और कुलदीप यादव (24 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 34.5 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई।
भारत ने इससे पहले रोहित की 87 रन की पारी के अलावा लोकेश राहुल (39) के साथ उनकी चौथे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी से नौ विकेट पर 229 रन तक बनाए थे। सूर्यकुमार यादव ने भी 49 रन की उम्दा पारी खेली। रोहित ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा, ''मुझे लगता है कि इस मैच में हमने काफी जज्बा दिखाया। सभी अनुभवी खिलाड़ी सही समय पर जिम्मेदारी से खेले और मैच जिताया। हम जानते थे कि पिच में मदद है और हमारी गेंदबाजी में अनुभव है इसलिए हम एक अच्छे स्कोर तक पहुंचना चाहते थे।'' भारतीय कप्तान ने कहा, ''हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। पहले पावरप्ले में तीन विकेट खोना आदर्श स्थिति नहीं है। फिर आपको एक लंबी साझेदारी की जरूरत थी जो हमने की लेकिन फिर हमने विकेट खो दिए जिसमें मेरा विकेट भी शामिल था। समग्र तस्वीर को देखते हुए मुझे लगता कि हम 30 रन पीछे रह गए।''
रोहित ने कहा कि तीन विकेट जल्दी गंवाने के बाद साझेदारी बनाना महत्वपूर्ण था और परिस्थिति के अनुसार खेलना था। उन्होंने कहा, ''शुरुआती 10 ओवर के बाद साझेदारी बनाना महत्वपूर्ण था। आपको सिर्फ अपने शॉट ही नहीं बल्कि परिस्थिति के अनुसार भी खेलना होता है। यदि आपके पास अनुभव है तो आपको इसका उपयोग करना चाहिए। नई गेंद का सामना करना थोड़ी चुनौतीपूर्ण था लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता गया, गेंद नरम होती गई और स्ट्राइक रोटेट करना आसान नहीं था।''
टीम की गेंदबाजी के संतुलन के बारे में पूछने पर रोहित ने कहा, ''हमारे तेज गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बहुत अच्छे से फायदा उठाया, स्विंग और मूवमेंट मिल रही थी। मुझे ऐसा लगता है कि हमारे पास गेंदबाजी में अच्छा संतुलन है। कुछ अच्छे स्पिनर और तेज गेंदबाज अपना अनुभव लेकर आ रहे हैं। जब आपके पास ऐसा गेंदबाजी क्रम हो तो यह महत्वपूर्ण है कि बल्लेबाज उन्हें काम करने के लिए कुछ रन दें।''
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा कि भारत को कम स्कोर पर रोकने के बावजूद आसानी से घुटने टेकने से वे निराश हैं। बटलर ने कहा, ''बेहद निराशजनक। ब्रेक के समय 230 रन का पीछा करते हुए हमारे पास अच्छा मौका था। लेकिन फिर पुरानी कहानी दोहराई गई। बेहद निराशजनक। मैं ओस को लेकर सुनिश्चित नहीं था, मेरे अंदर से आवाज आ रही थी कि हमें लक्ष्य का पीछा करना चाहिए।''
बटलर ने कहा कि गेंदबाजों ने उन्हें अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन बल्लेबाजों ने निराश किया। उन्होंने कहा, ‘‘पावरप्ले में गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की, कुछ मूवमेंट भी मिला। क्षेत्ररक्षण अच्छा था लेकिन जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की, हमने उनका समर्थन नहीं किया।'' मेजबान पाकिस्तान के साथ विश्व कप की शीर्ष सात टीम चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई करेंगी और अंक तालिका में अंतिम स्थान पर चल रहे इंग्लैंड की राह आसान नहीं है। बटलर ने कहा, ‘‘हां, हम इसके बारे में जानते हैं और अब भी बहुत कुछ दांव पर लगा है।''
: इंडियन सुपर लीग में चेन्नईयिन ने पंजाब को 5-1 से हराया
Mon, Oct 30, 2023
चेन्नई.
चेन्नईयिन एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) मुकाबले में अपने घरेलू मैदान में पंजाब एफसी पर 5-1 से शानदार जीत दर्ज की है। रविवार रात यहां जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में चेन्नईयिन एफसी के लिए कॉनर शील्ड्स ने दो गोल किये। जबकि रयान एडवर्ड्स, विंसी बेरेटो और राफेल क्रिवेलारो ने भी एक-एक गोल किया। वहीं पंजाब एफसी के लिए एकमात्र गोल कृष्णनंदन सिंह ने किया। चेन्नईयिन एफसी के मुख्य कोच ओवेन कॉयले ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की है।
: ब्राजील सीरी ए चैंपियनशिप: बोटाफोगो को लगा झटका
Mon, Oct 30, 2023
रियो डी जनेरियो.
इसिड्रो ने दूसरे हाफ में विजयी गोल दागा, जिससे बोटाफोगो को ब्राजील की सीरी ए चैंपियनशिप में अपने घरेलू मैदान पर कुइआबा के खिलाफ 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बोटाफोगो के गोलकीपर लुकास पेरी के खिलाफ इसिड्रो (52') को जैसे ही मौका मिला, उन्होंने नेट पर क्लीयरेंस का फायदा उठाते हुए गोल दागा और अपनी टीम की जीत पक्की की। बोटाफोगो, जो अगस्त के मध्य में 13 अंक के साथ शीर्ष पर था, अब दूसरे स्थान पर मौजूद पाल्मेरास से केवल छह अंक आगे है। हालांकि उनके हाथ में एक मैच और है। कुइआबा 20-टीम स्टैंडिंग में 10वें स्थान पर है।