: प्रदेश जनता के 'नए मामा' बनने की कोशिश में कमलनाथ
Sat, Oct 21, 2023
भोपाल
देश के दिल मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के केंद्र में आधी आबादी को लुभाने में दोनों ही प्रमुख दल जुटे हुए हैं. एक तरफ बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाड़ली लक्ष्मी योजना के बूते अपनी मामा वाली छवि चमका रहे हैं, तो कांग्रेस की महिला केंद्रित योजनाओं का ऐलान कर आधी आबादी को अपने पाले में ला सत्ता सुख प्राप्त करने की कोशिश में है. इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने एक और पत्ता खेला है.
कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने वाली नारी सम्मान योजना और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने के वादे के बाद अब 7 नए वचन भी दिए हैं. पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदर कमलनाथ ने खुद ट्वीट कर ये वचन साझा किए हैं.
शादी के लिए 1 लाख 1 हजार, स्टार्ट अप के लिए 25 लाख का कर्ज
इन वचनों के मुताबिक अगर आगामी चुनावों के बाद सूबे की सत्ता में कांग्रेस पार्टी आती है तो वो लड़कियों की शादी के लिए एक और योजना शुरू करेगी, जिसके तहत उन्हें 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. कमलनाथ ने ट्वीट कर बताया है कि उनकी सरकार बनने पर मध्य प्रदेश के महानगरों में महिलों की बस यात्रा फ्री होगी. महिलाओं को स्टार्ट अप के लिए 25 लाख रुपये तक का कर्ज 3 प्रतिशत की ब्याज दर के साथ उपलब्ध कराया जाएगा.
शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश को महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित प्रदेश बना दिया है। प्रदेश में बहन बेटियों को सबसे ज्यादा खतरा अगर किसी से है तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से है। मध्य प्रदेश की जनता ने अब इस सूरत को बदलने का संकल्प लिया है।
जिनके पास घर नहीं उन महिलाओं को 5 हजार वर्गफुट जमीन
कांग्रेस के इस वचन पत्र में बताया गया है कि जिन ग्रामीण महिलाओं के पास घर नहीं हैं, उन्हें रहने और जीवनयापन के लिए 5 हजार वर्गफुट जमीन दी जाएगी. साथ ही कांग्रेस पार्टी मेरी बिटिया रानी योजना की भी शुरुआत करेगी, जिसके तहत लड़कियों को 2 लाख 51 हजार रुपये उनके जन्म से लेकर शादी तक दिए जाएंगे. कमलनाथ ने ट्वीट कर बताया है कि ये योजनाएं पहले से चल रही योजनाओं से अलग होंगी.
अपने सात वचनों में कांग्रेस पार्टी ने आंगनवाड़ी सहायिकाओं और कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए नियम बनाने का वचन भी दिया है. आशा और ऊषा कार्यकर्ताओं के लिए मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों का नया कैडर बनाकर सेवा से जोड़ने का वचन भी कांग्रेस पार्टी ने अपने सात वचनों के पत्र में दिया है.
कमलनाथ ने कांग्रेस पार्टी के वचन पत्र को साझा करते हुए महिलाओं से जो वादे किए हैं, उनसे ये साफ प्रतीत हो रहा है कि वो खुद को नए मामा की छवि देने की कोशिश में हैं. साथ ही साथ उन्होंने मामा के तौर पर अपनी छवि को चमकाने के प्रयास में जुटे सूबे के सीएम शिवराज सिंह चौहान पर भी तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल के दौरान राज्य को महिलाओं के लिए असुरक्षित बना दिया है.
: BJP ने जारी की 5वीं सूची, इन पर जताया भरोसा
Sat, Oct 21, 2023
भोपाल.
लंबे मंथन के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 92 नाम घोषित किए गए हैं। बता दे कि भाजपा 136 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा पहले ही कर चुकी है। ( वहीं 92 प्रत्याशियों के नामों के साथ पार्टी ने सभी 230 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं।)
दिल्ली में बैठक के बाद लगी मुहर
प्रत्याशी चयन को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कोर ग्रुप के पदाधिकारी मौजूद रहे।
21 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर से प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जो कि 30 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे।
136 प्रत्याशी हो चुके हैं घोषित
भाजपा चार सूचियां जारी कर अब तक 136 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। पहली और दूसरी सूची में जहां पार्टी ने 39-39 प्रत्याशियों के नामों का एलान किया था, तो वहीं तीसरी सूची में सिर्फ एक नाम शामिल किया गया। इसके बाद जारी चौथी सूची में 57 नाम घोषित किए गए।
: मध्य प्रदेश है बेरोजगारों का प्रदेश : कमलनाथ
Sat, Oct 21, 2023
भोपाल
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी शिवराज सरकार पर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में 40 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं। इन्हें सरकार ने केवल सपने दिखाए। भर्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई, जिससे युवाओं का भविष्य खराब हो गया। कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकारी भर्ती का कानून बनाएंगे।
कमल नाथ ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट किया- 'शिवराज जी, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आपने मध्य प्रदेश को बेरोजगारों का प्रदेश क्यों बना दिया है? जिन नौजवानों के वर्तमान और भविष्य को आपने खराब किया है, वह अब आपका राजनीतिक भविष्य बिगाड़ने के लिए तैयार हैं।
एक महीने बाद कांग्रेस की जो सरकार बनेगी, वह दो लाख सरकारी पद भरेगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए पद निर्मित करके भरे जाएंगे। प्रदेश के युवाओं को ही सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिले, इस दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट देंगे। डिजिटल यूनिवर्सिटी शुरू करने के साथ अन्य कदम उठाएंगे।'
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पत्रकारवार्ता में कहा कि शिवराज सरकार में नौकरी नहीं मिलने का बड़ा कारण निवेश का न होना है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जिसमें भ्रष्टाचार न हुआ हो। महंगाई से हर वर्ग परेशान है।
कमलनाथ ने दोहराए वचन
MP Election 2023 को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने दावे कर रही है। एक तरफ जहां बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत का भरोसा जताया है वहीं कांग्रेस का कहना है कि जनता का आक्रोश इस बार बीजेपी के खिलाफ निर्णय लेकर आएगा। कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि “शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश को महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित प्रदेश बना दिया है। प्रदेश में बहन बेटियों को सबसे ज्यादा खतरा अगर किसी से है तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से है। मध्य प्रदेश की जनता ने अब इस सूरत को बदलने का संकल्प लिया है।
एक महीने बाद बनने वाली कांग्रेस की सरकार पहले से घोषित योजनाओं के अलावा बेटी के जन्म से लेकर उसके विवाह तक 2 लाख 51000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। बेटियों के विवाह के लिए 1 लाख 1 हजार रुपए की सहायता देगी। महिलाओं को महानगर की बसों में मुफ्त यात्रा के पास देगी।
महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए और 500 रुपए में गैस सिलेंडर के अलावा यह 7 वचन कांग्रेस पार्टी देती है:
1. बेटियों के विवाह की नई योजना प्रारंभ करेंगे, 1 लाख 1 हजार रूपए की सहायता देंगे।
2.महिलाओं के स्टार्ट अप के लिए रूपए 25.00 लाख तक का ऋण 3 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराएँगे।
3.आवासहीन ग्रामीण महिलाओं को आवास एवं आजीविका के लिए 5000 वर्गफुट का भूखण्ड देंगे।
4.महानगरीय बस सेवा में परिवहन हेतु निःशुल्क पास उपलब्ध कराएंगे।
5.आंगनवाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए नियम बनाएंगे।
6.आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं के लिए मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों का नया कैडर बनाकर सेवा से जोड़ेंगे।
7.बेटियों के लिए मेरी बिटिया रानी योजना प्रारंभ करेंगे, उनको 2 लाख 51 हजार की राशि उनके जन्म से विवाह संस्कार होने तक देंगे।
कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी”
कांग्रेस ने दिया ‘खुशहाली’ का नारा
बता दें कि इस बार कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘कांग्रेस आएगी खुशहाली लाएगी’ का नारा दिया है। अपना वचन पत्र जारी करते हुए कमलनाथ ने कहा था कि उनकी पार्टी का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर परिवार, हर व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचे और वो इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। अब एक बार फिर उन्होने अपने वचन दोहराए हैं और कहा है कि वो इसे पूरा करने के लिए हर हाल में प्रतिबद्ध हैं।